Showing posts with label गीत संगीत. Show all posts
Showing posts with label गीत संगीत. Show all posts

Wednesday, April 15, 2009

गीत बंदिनी के -अतिम भाग

और अब बारी है मेरी पसंद की...! यूँ तो बंदिनि फिल्म के सारे ही गीत बहुत ही अच्छे हैं, अतः भाग १ और भाग दो में भी मेरी ही पसंद के गीत थे, मगर कुछ गीत होते हैं, जो आपकी जिंदगी का हिस्सा होते हैं। उन्हे कितनी ही बार गुनगुना कर आप अकेले में रोते/हँसते है और सुकूँ पाते हैं। आज के तीनो गीत मेरे लिये उन्ही गीतों मे हैं।

सबसे पहले ज़िक्र करूँगी उस गीत का जिसने मुझे कितनी ही बार रुलाया है और अब भी अगर अकेले में मन से सुन लिया जाता है, तो रुला ही देता है। हमेशा के लिये छोड़ के जाने वाले से एक गुहार कि " हो सके तो लौट के आना.....!" एस‌०डी० वर्मन के संगीत और शैलेंद्र के शब्दों को जिस गीत में आवाज़ दी है मुकेश ने..... सुनिये



ओ जाने वाले हो सके तो लौट के आना,
ओ जाने वाले हो सके तो लौट के आना,
ये हाट तू ये बाट कहीं भूल ना जाना
ओ जाने वाले हो सके तो लौट के आना,
बचपन के तेरे मीत तेरे संग के सहारे,
ढूढ़ेंगे तुझे गली गली सब ये गम के मारे,
ढूँढ़ेगी हर इक आँख कल तेरा ठिकाना

ओ जाने वाले हो सके तो लौट के आना,

दे दे के ये आवाज़ कोई हर घड़ी बुलाये,
दे दे के ये आवाज़ कोई हर घड़ी बुलाये,
फिर जाये जो उस पार कभी लौट के ना आये,
है भेद ये कैसा कोई कुछ तो बताना
ओ जाने वाले हो सके तो लौट के आना!


और इसके बाद वो गीत जिसकी आवाज़ ही में मुझे बड़ी कशिश सी लगती है। एस‌०डी० वर्मन साहब की आवाज़, वो आवाज़ है, जिसमें मुझे रूहानियत महसूस होती है उनके सारे गीत मुझे बहुत अलग तरह से पसंद आते हैं। और ये गीत जिसमे एक ऐसी औरत की पश-ओ-पेश दिखायी गयी है जो कि बंदिनी पिया की है और संगिनी साजन की ...! इस का हर शब्द मुझे छूता है

मन की किताब से तू मेरा नाम ही मिटा देना
या
गुन तो ना था कोई भी अवगुन मेरे भुला देना
या
मुझे आज की विदा का मर के भी रहता इंतज़ार
या
मेरा खींचती है आँचल, मन मीत तेरी हर पिकार

सारी पंक्तियाँ एक दूसरे से जुड़ी हो कर भी अलग अलग भाती हैं, और हर पंक्ति में इतना दम कि आँख गीली कर दे। और साथ ही मेरे प्रिय कवि कबीर का आत्मा परमात्मा के मिलन की छटपटाहट को भी अपरोक्ष रूप से इस गीत में महसूस किया जा सकता है।



ओ रे माँझी, ओ रे माँझी, ओ मेरे माँझी,
मेरे साजन है उस पार, मैं मन मार, हूँ इस पार
ओ मेरे माँझी, अबकी बार, ले चल पार
ले चल पार
मेरे साजन है उस पार

मत खेल जल जायेगी, कहती है आग मेरे मन की,
मत खेऽऽल, मत खेऽऽल
मत खेल जल जायेगी, कहती है आग मेरे मन की,
मैं बंदिनी पिया की मैं संगिनी हूँ साजन की,
मेरा खींचती है आँचल, मेरा खींचती है आँचल,
मनमीत तेरी हर पुकार
मेरे साजन है उस पार, मैं मन मार, हूँ इस पार
ओ मेरे माँझी, अबकी बार, ले चल पार
ले चल पार
मेरे साजन है उस पार

और अंत में वो गीत जिसे मैं कितनी बार सुनती थी गुनती थी...सुनती हूँ, गुनती हूँ...!
वो गीत जो पिता के घर जाने को बेचैन एक ऐसी लड़की की पीड़ा है, जिसे अपना बचपन नही भूलता। फिल्म में चक्की पीसती ये महिला और उस पर लता जी का ये स्वर..द्रवित कर देता है।

बाबूजी के जाने के बाद, क्यारी के बगल में बैठ कर उनके लगाये फूलों को देखती हुई, इसी गीत की धुन पर मैं गुनगुनाती थी

कितने भये दिन तुम को ना देखा
आ जाओ बेटी बुलाये रे,
पहले तो बाबुल इतने निरदयी ना थे,
कहाँ गई वो ममता हाय रे


और टेप रिकॉर्डे पर रिवर्स कर कर के एख लाईन बार बार सुनती थी

बाबुल थी मैं तेरी नाजों की पाली,
फिर क्यों हुई मैं पराई रे
बीते रे जुग कोई, चिठिया ना पतिया,
ना कोई नैहर से आये रे


सुनिये...!



अब के बरस भेज भईया को बाबुल
सावन में लीजो बुलाय रे
लौटेंगी जब मेरे बचपन की सखियाँ
दीजो संदेसवा भिजाय रे।
अब के बरस भेज भईया को बाबुल
अमवा तले फिर से झूले पड़ेगे,
रिमझिम पड़ेगी फुहारें
लौटेंगी फिर तेरे आँगन में बाबुल,
सावन की ठंडी बहारे,
छलके नयन, मोरा कसके रे जियरा
बचपन की जब आये याद रे

अब के बरस भेज भईया को बाबुल
सावन में लीजो बुलाय रे

बैरन जवानी ने छीने खिलौने और मेरी गुड़िया चुराई
बाबुल थी मैं तेरे नाजों की पाली,
फिर क्यों हुई मैं पराई रे,
बीते रे जुग कोई चिठिया न पतिया,
ना कोई नैहर से आये रे

अब के बरस भेज भईया को बाबुल
सावन में लीजो बुलाय रे





Wednesday, April 8, 2009

गीत बंदिनी के - भाग २



बात निकली है, तो फिर दूर तलक पहुँची है....!

अब देखिये ना मुफलिस जी की पसंद के दो गीतों को ले कर चली बात जब मेरे तक पहुँची तो मैने उसमें दो गीत और बढ़ाने की सोच ली और जब मैने आप लोगो के साथ पहले दो गीत बाँटे तो आप लोगो ने दो गीत और याद दिला दिये।
पहला गीत याद दिलाया हमारे गज़ल गुरु श्री पंकज सुबीर जी ने। गुरु की बात तो यूँ भी टाली नही जा सकती। फिर वाक़ई मुझे भी ये याद आया कि सूप चलाते हुए गाये गये इस गीत की खास अदा वही थी। याद आया गाँव मे रखा एक बड़ा सा लट्ठा जो सी-सॉ की तरह प्रयोग होता था धान कूटने के लिये। और माँ बताती है कि जब ये कूटने,पीसने,बीनने,पछोरने का काम होता था तो गाँव की महिलाए इकट्ठी हो कर गीत गाती रहती थी। जिससे काम भी हो जाता था और मनोरंजन भी। इसीलिये तो हमारे लोक संगीत में रोज की छोटी संवेदानाओं से ले कर हँसी मजाक तक मिल जाते हैं।

तो पहले सुनते हैं यही गीत जिसे लिखा है शैलेंद्र ने और आवाज़ है अपनी आशा जी की जो इस तरह के मस्त गीतों को और भी जीवंत कर देती हैं।



दो नैनन के मिलन को दो नैना अकुलाये
जब नैना हो सामने तो नैना झुक जायें

ओ पंछी प्यारे, साँझ सकारे
बोले तू कौन सी बोली
बता रे बोले तू कौन स बोली

मैं तो पंछी पिंजरे की मैना
पंख मेरे बेकार
बीच हमारे सात रे सागर
(कैसे चलूँ उस पार) -2

ओ पंछी प्यारे, साँझ सकारे
बोले तू कौन सी बोली
बता रे बोले तू कौन स बोली

फागुन महिना फूली बगिया
आम झरे अमराई
मैं खिड़की से छुप छुप देखूँ
रितु बसंत की आई

ओ पंछी प्यारे, साँझ सकारे
बोले तू कौन सी बोली
बता रे बोले तू कौन स बोली

दूसरा गीत याद दिलाने की आभारी हूँ मैं राज सिंह जी की जिसने मेरी पिछली पोस्ट पर ये टिप्पणी लिखी थी
"बंदिनी जैसी परिपूर्ण फिल्म मुश्किल से कहीं और है। बिमल दा उसके अतिम दौर में बेड पर ही थे और मौत से जूझ रहे थे। फिर भी यह फिल्म मन पर अटल है। इसके सभी गाने मील के पत्थर हैं और फिल्म विधा के हिसाब से सिचुएशन पर सौ प्रतिशत सही।
इसके सभी गीतों की चर्चा और उन्हे सुनने का आग्रह हो चुका है, बस एक गीत को छोड़ कर
"मत रो माता लाल तेरे बहुतेरे
जनमभुमि के काम आया मैं बडे भाग्य हैं मेरे।"
ये मन्ना डे ने गाया था शैलेंद्र जी का लिखा, एक क्रांतिकारी फाँसी के फंदे की तरफ बढ़ते हुए गा रहा है।

इस के साथ और भी एक घटना जुड़ी है। उसी साल के फिल्म फेयर अवार्ड के जलसे की। उसी साल गुमराह भी रिलीज़ हुई थी। उसी के गाने "चलो एक बार फिर से अजनबी.... " को सर्वश्रेष्ठ गीत फिल्मफेयर अवार्ड मिला "साहिर लुधियानवी" को। साहिर ने कहा कि " उन्हे खुशी होती, लेकिन इस साल नही ! इस साल इसका हक़ सिर्फ मत रो माता को हो सकता है"...... और शैलेन्द्र को भरे हाल में गले लगा प्रतीक चिह्न थमा दिया था। ऐसे थे वो लोग।

राज जी की रोमन टिप्पणी जस की तस देवनागरी में आपके सम्मुख है। इसके आगे लिखने को और रह ही क्या जाता है। तो बस सुनिये



मत रो माता लाल तेरे बहुतेरे
जनमभुमि के काम आया मैं बडे भाग्य हैं मेरे
मत रो माता लाल तेरे बहुतेरे
मत रो
ओऽऽऽऽ हँस कर मुझको आज विदा कर
जनम सफल हो मेरा
ओऽऽऽऽ हँस कर मुझको आज विदा कर
जनम सफल हो मेरा
रोता जग में आया हँसता चला ये बालक तेरा
मत रो माता लाल तेरे बहुतेरे
मत रो
धूल मेरी जिस जगह तेरी मिट्टी से मिल जायेगी
होऽऽऽऽऽ
धूल मेरी जिस जगह तेरी मिट्टी से मिल जायेगी
सौ सौ लाल गुलाबों की फुलबगिया लायेगी
मत रो माता लाल तेरे बहुतेरे
मत रो
कल मै नही रहूँगा लेकिन जब होगा अँधियारा
होऽऽऽऽऽ
कल मै नही रहूँगा लेकिन जब होगा अँधियारा
तारों में तू देखेगी हँसता एक नया सितारा
मत रो माता लाल तेरे बहुतेरे
मत रो
फिर जनमूगा उस दिन जब आजाद बहेगी गंगा
होऽऽऽऽऽ
फिर जनमूगा उस दिन जब आजाद बहेगी गंगा
उन्नत भाल हिमालय पर जब लहरायेगा तिरंगा
मत रो माता लाल तेरे बहुतेरे
मत रो

Wednesday, April 1, 2009

गीत बंदिनी के‍-भाग १



आज की पोस्ट है मुफलिस जी के नाम..! वो मुफलिस जो असल मे लोगो पैसे देने का काम करते हैं। मतलब ये बैंक में सर्विस करते हैं और यहाँ खुद को मुफलिस बताते हैं..! खैर ये तो उनका बड़प्पन है।

रहिमन हीरा कब कहे लाख टका मोरा मोल

तो इन मुफलिस जी से यूँ तो ब्लॉग जगत में इनकी रचनाओं से ही परिचय है, मगर एक दिन इनकी बहुत प्यारी सी पोस्ट आई, जिसमें इन्होने कुछ गीत सुनवाने की बात कही। हम झट गाना ढूँढ़ लाये। साथ ही याद आये इन गानो से जुड़ी बातें।

बंदिनी फिल्म शायद १९६३ में रिलीज़ हुई थी। (शायद इस लिये लगा देती हूँ कि इन सब जानकारियों का आधार गूगल देवता ही हैं, अब जो वो बतायें वही सच)....! स्वनामधन्य निदेशक विमल रॉय द्वारा निदेशित यह फिल्म मैने देखी थी दूरदर्शन पर, जब सभी काम धाम छोड़ कर चटाई बिछा कर पूरा घर फिल्म देखता था। भाभियाँ सब्जी तैयार कर लेती थीं और जब साढ़े सात बजे न्यूज़ आती थी तब आँटा सान कर दाल छौंकने जैसे बचे काम करती थीं। उस समय देखी गई इस फिल्म की बड़ी हलकी सी छवि है अब। शायद इतनी अच्छी फिल्म को समझने का बौद्धिक स्तर भी नही था। मगर ये याद है कि मेरे बगल में रहने वाले विनोद भईया इस फिल्म को बड़े ध्यान से देख रहे थे और ओ रे माँझी गीत का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे। बाद में इसी फिल्म के गीत जोगी जब से तू आया मेरे द्वारे मैने विनोद भईया की पत्नी से ही सुना। जब वो हल्के से घूँघट के साथ बीच बीच में अपनी मुस्कुराहट को दबाते हुए, कनखियों से इधर उधर देखते हुए ये गीत गा रहीं थी, वो छवि अभी भी मुझे इस गीत के बजते ही दिखाई देने लगती है। और दूसरा गीत जो मुफलिस जी ने सुनना चाहा है, वो है मेरा गोरा रंग लइ ले..! ये गाना जितना अच्छा सुनने में लगता है उतना ही अच्छा देखने में। लजाती, बलखाती नूतन ने अपने हाव भाव से मन मोह लिया है और बहुत कुछ जो गीत कह रहा है उससे भी अतिरिक्त कह गईं है। इस फिल्म के सभी गीतों को संगीत दिया था स्व० श्री एस०डी० वर्मनने, जिनका संगीत तो सभी को पसंद ही है, मगर मुझे उनकी आवाज़ भी बड़ी अच्छी लगती है। उनका गाया शायद ही कोई गीत हो जो मुझे पसंद ना हो। इस फिल्म के गीतकार के विषय में अभी अभी मेरे ब्लॉगर मित्र किशोर जी ने बताया कि पहले गीत के गीतकार गुलज़ार और दूसरे के शैलेंद्र जी हैं।
तो लीजिये सुनिये आज मुफलिस जी की पसंद के ये दो गीत और इंतज़ार कीजिये इसी फिल्म के मेरी पसंद के दो गीतों का, जो कि आयेंगे अगली पोस्ट में

पहले सुनिये लता मंगेशकर की आवाज़ में ये गीत

Get this widget Track details eSnips Social DNA


मोरा गोरा रंग लई ले, मोहे श्याम रंग दई दे
छुप जाऊँगी रात ही में, मोहे पी का संग दई दे

एक लाज़ रोके पईयाँ, एक मोह रोके बईयाँ
जाऊँ किधर ना जानू, हमका कोई बताई दे
हो ऽऽऽऽऽऽऽऽ

मोरा गोरा रंग लई ले, मोहे श्याम रंग दई दे
छुप जाऊँगी रात ही में, मोहे पी का संग दई दे

बदली हटा के चंदा, चुप के से झाँके चंदा
तोहे राहु लागे बैरी मुसकाए तू लजाई के
हो ऽऽऽऽऽऽऽऽ

मोरा गोरा रंग लई ले, मोहे श्याम रंग दई दे
छुप जाऊँगी रात ही में, मोहे पी का संग दई दे

कुछ खो दिया है पाइ के, कुछ पा लिया गँवाई के
कहाँ ले चला है मनवा मोहे बाँवरी बनाइ के
होऽऽऽऽऽऽऽ

मोरा गोरा रंग लई ले, मोहे श्याम रंग दई दे
छुप जाऊँगी रात ही में, मोहे पी का संग दई दे

और लता जी की ही आवाज़ में ये दूसरा गीत, जो अब भी रात में आधी सोती जागी नींद में जब रेडियो पर बजता है, तो नींद अच्छी आती है।



जोगी जब से तू आया मेरे द्वारे, मेरे रंग गये साँझ सकारे
तू तो बिन कहे जाने जी की बतियाँ, तोसे मिलना ही जुलम भवा रे

देखी साँवली सूरत ये नैना जुड़ाये,
देखी साँवली सूरत
तेरी छब देखी जब से रे
तेरी छब देखी जब से रे
नैना जुड़ाये गये दिन कजरारे कजरारे
जोगी जब से तू आया मेरे द्वारे, मेरे रंग गये साँझ सकारे

जा के पनघट पे बैठूँ मैं राधा दीवानी
जा के पनघट पे बैठूँ
बिना जल लिये चली आऊँ राधा दीवानी
मोहे अजब ये रोग लगा रे
जोगी जब से तू आया मेरे द्वारे, मेरे रंग गये साँझ सकारे

मीठी मीठी अगन ये सह ये
मीठी मीठी अगन
मै तो सह ना सकूँ रे
मैं तो छुई मुई अबला रे सह ना सकूँगी
मोरे और निकट मत आ रे
जोगी जब से तू आया मेरे द्वारे, मेरे रंग गये साँझ सकारे

Tuesday, February 24, 2009

दिल्ली ६ मेरी नज़र से


अभिषेक बच्चन कुल मिला कर अच्छे ही लगते हैं हमको और कोशिश होती है कि उनकी फिल्में देख ही ली जाये, मगर ऐसा भी नही है कि सारी फिल्म उनकी देखी ही है मैने..!

फिलहाल भूमिका बना रही हूँ दिल्ली 6 की, जो कि मैने २१ फरवरी को निपटाई। रंग दे बसंती का जो राकेश ओम प्रकाश मेहरा प्रभाव था, उसके कारण देर नही करना चाह रही थी, फिल्म देखने में और ये भी जानती थी कि अगले हफ्ते शायद देख भी ना पाऊँ। यूँ बहुत अच्छे रिव्यू नही आ रहे हैं फिल्म के विषय में, पर मुझे पता नही क्यों बहुत अच्छी लगी।

शुरुआत में ही दिल्ली के मोहल्ले का जो माहौल दिखाया गया, वो शायद अब दिल्ली में भी न हो और कानपुर में भी नही। लेकिन मुझे अपने कानपुर का मोहल्ला याद आ गया।

रोशन कहता है कि यूँ तो दादी अपनो को छोड़ कर आ गई हैं, लेकिन यहाँ कौन अपना नही है ये पता नही चल रहा। वाक़ई यही माहौल तो होता है मोहल्लों का। जहाँ ज़रा ज़रा सी बात पर झगड़े भी जम कर होते हैं और जरा सा दुख पड़ने पर सब सबके लिये हाज़िर भी उसी शिद्दत से होते हैं। आज जब अपने ही शहर के रिश्तेदार खाना नही भेज पाते अपनी रफ्तार वाली जिंदगी में,तब वो माहौल याद आता है, जब पिता जी के न रहने पर हर घर से १० दिन तक चाय, पानी, खाना आता रहता था। हॉस्पिटल में रहने वालों का,खाना पहुँचाने वालों का ताँता। कोई भईया, कोई चाचा, कोई बुआ और सब में स्नेह। मुझे अपना कानपुर याद आ गया, जो अब ऐसा नही रहा। सब कुछ बदल गया, फिर भी औरो की अपेक्षा अच्छा है। अब में भी त्योहारों में ही पहुँचती हूँ और छूटे लोग भी, तो फिर उतने दिन वही माहौल हो जाता है।

इण्टरवल तक ये परिचय और छोटे छोटे घटनाक्रम ही चलते रहे। हालाँकि लंच में भाजे ने कहा कि मौसी अभी तक कुछ स्टोरी नही बनी। लेकिन मैं तो अब तक स्टोरी में पहुँची भी नही थी। फिर भी मैने कहा रंग दे बसंती में भी सेकंड हाफ में ही कहानी बनती है। अब शुरू होगी। और कहानी बाद में ही बनी भी।

फिल्म इस लिये भी बहुत पसंद आई, क्योंकि छोटे छोटे कई संदेश दे गई ये। छुआछूत....! जलेबी जो कहती है उसकी भाषा थोड़ी ठेठ हैलेकिन सच है। ठाकुर साहब या पंडित जी की मिस्ट्रेस भले नीच जाति की हो, लेकिन छूना वर्ज्य है उसका। ये बात बहुत बार मैं खुद भी सोच चुकी हूँ। अभी हाल में रास्ते की उस पागल औरत को देख कर भी जिसके शरीर के नुचे कपड़ों पर एक लिहाफ डालते सबको घृणा आ रही थी, मगर उसके कपड़े जब नुचे तब वो घृणा पता नही कहाँ थी। उस दिन आँखें बंद करो तो वही दृश्य घूम जाता, बंद आँखों में

धार्मिक दंगे....! पता नही कौन करता है, ये दंगे। जब दीवाली आती है, तब फुलझड़ियाँ मेंहदी हसन हमसे ज्यादा खरीदता है, जब होली आती है, तो हम अगर काम में व्यस्त हों तो तहसीन भाभी रंग लगाने पहले पहुँच जाती हैं। ईद पर हम अपनी सब से नई ड्रेस पहन कर सिंवईया खाने निकलते हैं...! मगर ये दंगे...??? ये एक दिन में ऐसा क्या कर देते हैं कि अपने घर में,अपनों के बीच हम असुरक्षित हो जाते हैं। हनुमान भक्त मंदू दादी के बीमार होने पर मुस्लिम होते हुए भी उन्हे हनुमान जी का झण्डा हाथ पर बाँधता है। मगर दंगा होने पर वो दोस्त जिसका कहना था कि मंदू की दुकान मेरी दुकान, वही आग लगा देता है....! मंदू का रिऐक्शन काबिल ए तारीफ है।

काला बंदर जैसी चीजें भी अक्सर आ ही जाती हैं। अभी हाल में मुँह नोचवा चला था सिद्धार्थनगर, बस्ती में जितने लोग उतनी अफवाह...!सब ने देखा लेकिन किसी ने भी नही देखा...!

साथ में एक सीख कि काला बंदर हम में ही कहीं है....! मेरी व्तक्तिगत रॉय है कि फिल्म का समाज पर असर पड़ता है। आज जब फिल्मों में रिआलिटी के नाम पर सब सब कुछ जायज जैसी चीजें चीजें दिखाते हैं तब आम जनता पर कहीं न कहीं असर ये आता है कि "यार ये तो ह्यूमन साईकॉलॉजी है, फलाँ फिल्म मे देखो कितना सही दिखाया गया था।"

फिल्म के दो गीत जो मुझे बहुत पसंद आये। दोनो ही बिलकुल अलग मूड के हैं। एकभक्ति भावना से सराबोर...! दूसरा ससुराल पहुँची नवोढ़ा की चुहल...! पहले सुनिये ये गीत जिसमें आवाज़े हैं जावेद अली, कैलाश खेर और कोरस की और संगीत रहमान का, स्वर शायद प्रसून जोशी ने दिया है लेकिन इस विषय में मैं बहुत निश्चित नही हूँ, यदि कोई सज्जन जाने तो कृपया सही कर दें। इस गीत को सुनने के बाद सच में बहुत सुकूँ मिलता है मुझे।


अर्जियाँ सारी चेहरे पे मै लिख के लाया हूँ,
तुम से क्या माँगूँ मैं.
तुम खुद ही समझ लो मौला

मौला मौला मौला मेरे मौला
मौला मौला मौला मेरे मौला
मौला मौला मौला मेरे मौला
मौला मौला मौला मेरे मौला
दरारें दरारें है माथे पे मौला
मरम्मत मुकद्दर की कर दो मौला

तेरे दर पे झुका हूं मिटा हूँ, बना हूँ
मरम्मत मुकद्दर की कर दो मौला
मरम्मत मुकद्दर की कर दो मौला

(जो भी तेरे दर आया,झुकने जो भी सर आया,
मस्तियाँ पिये सबको झूमता नज़र आया ) -2
प्यास ले के आया था, दरिया वो भर लाया
नूर की बारिश में भीगता सा तर आया
नूर की बारिश में भीगता सा तर आया

मौला मौला मौला मेरे मौला
मौला मौला मौला मेरे मौला
मौला मौला मौला मेरे मौला
दरारें दरारें है माथे पे मौला
मरम्मत मुकद्दर की कर दो मौला
(जो भी तेरे दर आया,झुकने जो भी सर आया,
मस्तियाँ पिये सबको झूमता नज़र आया ) -2

(एक खुशबू आती थी)-2
मैं भटकता जाता था, रेशमी सी माया थी
और मैं भटकता जाता था
(जब तेरी गली आया, सच तब ही नज़र आया)-2
मुझमे वो खुशबू थी, जिससे तूने मिलवाया
मौला मौला मौला मेरे मौला
मौला मौला मौला मेरे मौला
मौला मौला मौला मेरे मौला
दरारें दरारें है माथे पे मौला
मरम्मत मुकद्दर की कर दो मौला

टूट के बिखरना मुझको ज़रूर आता है
टूट के बिखरना मुझको ज़रूर आता है
पर ना इबादत वाला शऊर आता है
सज़दे में रहने दो, अब कहीं ना जाऊँगा
अब जो तुमने ठुकराया तो सँवर ना पाऊँगा
मौला मौला मौला मेरे मौला
मौला मौला मौला मेरे मौला
मौला मौला मौला मेरे मौला
दरारें दरारें है माथे पे मौला
मरम्मत मुकद्दर की कर दो मौला

सर उठा के मैने तो कितनी ख्वाहिशें की थीं
कितने ख्वाब देखे थे, कितनी कोशिशें की थीं
जब तू रूबरू आया
जब तू रूबरू आया, नज़रें ना मिला पाया
सर झुका के एक पल में ओऽऽऽऽऽऽ
सर झुका के एक पल में मैने क्या नही पाया
मौला मौला मौला मेरे मौला
मौला मौला मौला मेरे मौला
मौला मौला मौला मेरे मौला
दरारें दरारें है माथे पे मौला
मरम्मत मुकद्दर की कर दो मौला
(मोरा पिया घर आया, मोरा पिया घर आया)-2
मौला मौला मौला मेरे मौला
मौला मौला मौला मेरे मौला
मौला मौला मौला मेरे मौला
दरारें दरारें है माथे पे मौला
मरम्मत मुकद्दर की कर दो मौला


और दूसरा ये गीत जो कि माटी की खुशबू लिये हुए है और मुझे इस तरह के लोकगीत पसंद भी बहुत हैं। इस गीत के लिरिक्स का श्रेय कैसेट में किसी को नही दिया गया है। ये एक लोकगीत है जिसमें रहमान जी ने संगीत की थोड़ी बहुत फेरबदल के बाद बहुर सुंदर बना दिया है। इसक खूबी ये भी है कि बड़ी बिटिया नेहा की शादी तय होने के बाद छोटी सौम्या इसे गा कर दिन भर उसे छेड़ती है और बड़ी को जबर्दस्ती शर्माने की ऐक्टिंग करनी पड़ती है :) इस में आवाजें रेखा भारद्वाज, श्रद्धा पंडित, सुजाता मजूमदार और कोरस की है





ओओ ओओ ओओ ओओ
ओय होय होय ओय होय होय
ओय होय होय ओय होय होय
सईयाँ छैड़ देवै, ननद जी चुटकी लेवै
ससुराल गेंदा फूल
सास गारी देवै, देवर समझा लेवै
ससुराल गेंदा फूल
छोड़ा बाबुल का आँगन भावे डेरा पिया का होऽऽऽ
सास गारी देवै, देवर समझा लेवै
ससुराल गेंदा फूल
सईयाँ है व्यापारी, चले हैं परदेस,
सुरतिया निहारूँ, जियरा भारी होवे
ससुराल गेंदा फूल
सास गारी देवै, देवर समझा लेवै
ससुराल गेंदा फूल
सईयाँ छैड़ देवै, ननद जी चुटकी लेवै
ससुराल गेंदा फूल
छोड़ा बाबुल का आँगन भावे डेरा पिया का होऽऽऽ
बुशट पहिने खाइ के बीड़ा पान
पूरे रायपुर से अलग है सईयाँ जी की शान
ससुराल गेंदा फूल
सास गारी देवै, देवर समझा लेवै
ससुराल गेंदा फूल
सईयाँ छैड़ देवै, ननद जी चुटकी लेवै
ससुराल गेंदा फूल
छोड़ा बाबुल का आँगन भावे डेरा पिया का होऽऽऽ
ओय होय होय ओय होय होय
ओय होय होय ओय होय होय
ओय होय होय ओय होय होय
ओय होय होय ओय होय होय
ओओ ओओ ओओ ओओ


मुझे पता है इस गीत को सुनने में बहुत समय देना पड़ेगा. ऐसा कोई ज़रूरी भी नही है कि आप सुनें जरूर। कभी फिर सुन लीजियेगा, जब समय हो या कहीं और सुनाई दे रहा हो। मैने तो बस अपनी डायरी मेनटेन की है, ताकि सनद रहे :)

Friday, November 28, 2008

हर तरफ ज़ुल्म है, बेबसी है, सहमा सहमा सा हर आदमी है





शोक नही आक्रोश सही...कुछ है जो मन में दो दिन से उथल पुथल मचाये है...आक्रोश भी कह सकते हैं, लेकिन जब आक्रोश कहीं निकलेगा नही तो शोक तो जन्म लेगा ही। और आक्रोश निकालें कहाँ..इस ब्लॉग पर ....! क्या फर्क पड़ता है ...???? हम नेताओं को गालियाँ दे लें..आतंकवाद को कोस लें... किसी धर्म को कोस लें या धर्मनिरपेक्षता की बात कर लें। क्या फर्क़ पड़ता है...?? कौन हमारा ब्लॉग पढ़ेगा..?? कौन बदल जायेगा..??? हम कर भी क्या सकते है..??? शिवाय घरों में बोलने के और ब्लॉग में भड़ास निकालने के...!!!! लेकिन करें भी तो क्या...अपनी डायरी से भी ना कहें तो किस से कहें..???

सच बहुत दुःख होता है, ऐसा जीवन पा के जिसमें आप अंदर ही अंदर कुढ़ सकते हैं बस...!

शोक नही मनाएं तो करें क्या...??? वो शख्स जिसने हमारे सामने शपथ ली कि एक एक को जिंदा या मुर्दा खतम कर के आयेंगे... वो कुछ क्षणों बाद हमारे सामने ही खतम दिखाई देता है...! वो पत्नी, वो बच्चे.. जो ये सब देख रहे थे टी०वी० पर उन्होने कैसे झेला होगा...!!!! श्रद्धांजली... अश्रुपूर्ण श्रद्धाजली..!!!!








बस कुछ कहने को असमर्थ....! मन में यही गीत आ रहा है...!!!! ये गीत जो जब जब मैं बहुत निराश होती हूँ तो मन को सांत्वना से भरता है..! जब कुछ नही रह जाता हाथ में, तब ये प्रार्थना ही तो आती है मन में...!

नेट आज बहुत स्लो होने के कारण गीत अटैच्ड नही हो पा रहा....! शब्दो में मेरी प्रार्थना..!



इतनी शक्ति हमें देना दाता.,
मन का विश्वास कमजोर ना।
हम चलें नेक रस्ते पे हम से
भूल कर भी कोई भूल हो ना।

हर तरफ ज़ुल्म है, बेबसी है,
सहमा सहमा सा हर आदमी है
पाप का बोझ बढ़ता ही जाये,
जाने कैसे ये धरती थमी है,
बोझ ममता से तू ये उठा ले,
तेरी रचना का ही अंत हो ना।

हम अंधेरे में हैं रोशनी में दे,
खो न दें खुद को ही दुश्मनी से,
हम सज़ा पायें अपने किये की,
मौत भी हो तो सह लें खुशी से,
कल जो गुज़रा है, फिर से न गुज़रे
आने वाला वो कल ऐसा हो ना।

Tuesday, November 25, 2008

धरती, अम्बर और सीपियां


कल दिन पूर्वाह्न १० बजे के लगभग अमृता प्रीतम की ये उपन्यास मुझे प्राप्त हुई। जहाँ तक याद है शायद रसीदी टिकट में ही इस उपन्यास का ज़िक्र पढ़ा था और साथ ये भी पढ़ा था कि १९७५ में इस उपन्यास पर शबाना आज़मी अभिनीत एक फिल्म कादम्बरी भी बनी थी...! (इण्टरनेट पर प्रदर्शन वर्ष १९७६ पता चला है और यूनुस जी के चिट्ठे पर १९७४ )।

अमृता प्रीतम जी की जिंदगी हो या उनकी किताबें उनका जो खास अंदाज़ है वो ये है कि उनके क़ुफ्र बड़े पाकीज़ा होते है। इसी पाक़ीज़ा क़ुफ्र की एक बानगी मैने और मेरी सखी शिवानी सक्सेना ने पढ़ी थी, जब इस पूरी पुस्तक को पढ़ने की उत्सुकता जाग उठी थी हमारे मन में। और जैसे ही उन्हे अमीरुद्दौला पुस्तकालय में ये किताब मिली वे तुरंत ले आईं हम दोनो के पढ़ने के लिये।

खैर मध्यम आकार के अक्षरो में छपी १८९ पन्नो की यह पुस्तक मेरे द्वारा रात भर में समाप्त कर दी गई। परंतु उपन्यास का जादू जिस दृश्य में समाहित था शायद उसको कई बार पहले ही पढ़ लेने के कारण जो सहज जिग्यासा उपन्यास को पढ़ने के बीच एक अनोखा भाव बनाये रखती है, उसकी कुछ कमी हो गई और एक अच्छी पुस्तक पढ़ने के बाद कुछ दिनो तक जो मीठा स्वाद मन को खुश किए रहता है उससे मैं वंचित रह गई।

उपन्यास तीन महिला किरदारों की प्रणय कथा पर आधारित है, जिनमें मुख्य किरदार चेतना है, जिसका नायक ईक़बाल अपनी माँ की नाजायज़ औलाद है और शादी न करने हेतु कृतसंकल्प है, इस असामान्य परिस्थिति मे पनपे प्रेम की एक असामान्य कथा है ये। अन्य दो पात्र है मिन्नी जो कि नरेश के प्रति अपने बचपन के प्रेम को कभी नही व्यक्त करती और परिस्थिति वश जग्गू के साथ जा मिलती है और होनी उसे खुद को खत्म करने पर मजबूर कर देती है। दूसरी है चम्पा जिसे चेतना का भाई जी जान से चाहता है, लेकिन होनी उसे सामर्थ्य पर गुरूर आजमाने के मनोरोग से भर देती है और जब तक वो पश्चाताप करे तब तक उसका प्रिय कहीं और रम चुका होता है

लेखिका पता नही क्या कहना चाह रही है इस उपन्यास में मगर मुझे जो लगा वो ये कि अन्य दोनो पात्र मिन्नी और चम्पा ये दोनो ही चेतना की सखी हैं, इनके प्रेम में सहजता होने के बावज़ूद ये दोनो पात्र अपने प्रणयी को स्वीकार नही कर पाते और दुखान्त को प्राप्त होते हैं, वहीं चेतना सब कुछ विपरीत होने के बावज़ूद अपने स्नेह को अपने जीवन में लाने की जुर्रत करती है और जिंदगी से बिना कुछ माँगे भी सब कुछ पा जाती है और सुखांत का हिस्सा बनती है।

इस उपन्यास के प्रति आकर्षण का एक मुख्य कारण इस पर बनी फिल्म का गीत बात क़ूफ्र की की है हमने भी है... जो कि अमृता जी की निजी जिंदगी से संबंध रखता है। इमरोज़ के साथ रहने का पक्का इरादा करने पर उन्हे जो कुछ सुनने को मिला उसके बाद उन्होने अपने पाक़ कुफ्र को जो शब्द दिये .....वो जि शब्दो में गाया वो यही गीत था। अमृता जी के उपन्यास का जो खास अंदाज़ होता है वो उनके नैरेशन में ही होता है और उस नैरेशन को कैसे पिक्चराईज़ किया गया होगा ये जानना अद्भूत होगा मेरे लिये लेकिन अभी तो फिलहाल इससे वंचित ही हूँ...!

जो भी हो आप सुनिये कादम्बरी फिल्म का आशा भोसले द्वारा गाया, उस्ताद विलायत खाँ द्वारा निदेशित ये गीत...!


Get this widget | Track details | eSnips Social DNA


अंबर की एक पाक सुराही,
बादल का एक जाम उठाकर ,
घूंट चांदनी पी है हमने,

बात कुफ्र की..की है हमने ।

कैसे इसका क़र्ज़ चुकाएं,
मांग के अपनी मौत के हाथों
उम्र की सूली सी है हमने,
बात कुफ्र की..की है हमने ।

अंबर की एक पाक सुराही ।।
अपना इसमें कुछ भी नहीं है,
रोज़े-अज़ल से उसकी अमानत
उसको वही तो दी है हमने,
बात कुफ्र की.. की है हमने ।

लिरिक्स साभार यूनुस जी की ये पोस्ट

Friday, May 2, 2008

हमें तुम से प्यार कितना

१९८१ में प्रदर्शित क़ुदरत फिल्म का एक सर्वकालीन हिट गीत है,

हमें तुम से प्यार कितना ये हम नही जानते,
मगर जी नही सकते, तुम्हारे बिना।
मज़रूह सुल्तानपुरी
द्वारा लिखे गये और आर० डी० वर्मन साहब द्वारा स्वरबद्ध किये गये इस गीत के फिल्म में दो वर्ज़न है किशोर कुमार द्वारा गाया गया गीत लोगों की ज़ुबान पर अधिक चढ़ा हुआ है। चूँकि सहजता से गाये गये सहज भाव है। जो प्रेम के शाश्वत गुणों का बखान करते हैं कि हम में से कोई इस बात का पैमाना नही रख पाता कि हम अपने प्रिय को कितना चाहते है... हाँ बस इतना पता होता है कि उसके बिना जिंदा रहना जिंदगी नही कहलाता। और दो अंतरों मे कही गई बातें भी प्रेम के मूल सिद्धांतों की है, जिसमें एक प्रेम जन्य ईर्ष्या की बात है और दूसरी जुदाई की कल्पना।

लेकिन मैं आज आप सब के साथ सुनना चाहती हूँ दूसरा वर्ज़न, जिसे गाया है आसाम में जन्मी भारती शास्त्रीय गायिका परवीन सुल्ताना ने जो कि पटियाला घराने से संबंध रखती हैं। इस गीत के लिये उन्हे १९८१ में बेस्ट महिला पार्श्वगायिका का सम्मान मिला था ।

२००२ में आंध्रा प्रवास के दौरान शुरुआती दिनो मे ही जब मैं गेस्टहाउस की गेस्ट हुआ करती थी उसी समय की बात है कि मैं लंच पर आई हुई थी और लंच कर के मैं और मेरा भतीजा लवली दोनो विविध भारती सुन रहे थे... तभी ये गीत अचानक बज उठा हम दोनो एकदम शांत हो गए ३ मिनट के लिये..किशोर कुमार वर्ज़न हम दोनो का प्रिय गीत था लेकिन इस गीत को सुनने के बाद ये उस पर हावी हो गया..और हम अब जब भी फैमिली गैदरिंग में गीत संगीत के माहौल में होते हैं इस गीत को जरूर याद करते है।
Get this widget | Track details | eSnips Social DNA

हमें तुमसे प्यार कितना ये हम नही जानते,
मगर जी नही सकते, तुम्हारे बिना !

मैं तो सदा कि तुम्हरी दीवानी,
भूल गए सईंया प्रीत पुरानी,
क़दर न जानी, क़दर ना जानी

हमें तुमसे प्यार कितना ये हम नही जानते,
मगर जी नही सकते, तुम्हारे बिना


कोई जो डारे तुमपे नयनवा,
देखा न जाये हमसे सजनवा,
जले मोरा मनवा, जले मोरा मनवा

हमें तुमसे प्यार कितना ये हम नही जानते,
मगर जी नही सकते, तुम्हारे बिना


नोटः यह पोस्ट मैने २ मई, शुक्रवार को ही लिख ली थी इस उम्मीद के साथ कि गीत तुरंत इंटरनेट पर मिल जायेगा परंतु यह मेरी भूल थी, गाने का यू ट्यूब तो मिल रहा था आडियो नही... अब हमारे पास एक ही साधन था कि हम यूनुस जी से संपर्क करें और हमने वही किया...! यूनुस जी ने हमें उसी दिन गीत उपलब्ध करा दिया, परंतु शनिवार, रविवार अवकाश और सोम, मंगल नेट मे समस्या के कारण आज यूनुस जी की आभारी होते हुए गीत बाँट रही हूँ।

Tuesday, March 18, 2008

नीरज के गीतों का कमाल फिल्म "शर्मीली" में

नीरज के गीतों की तलाश इंटरनेट पर करते समय पाया कि १९७१ में प्रदर्शित हुई फिल्म शर्मीली के गीत भी नीरज द्वारा ही लिखे गये हैं... यूँ तो इस फिल्म के हर गीत के बोल अलग अलग मानसिक स्थिति के हिसाब से क़माल करते हैं ...और साथ में जब संगीत दिया हो एस० डी० वर्मन ने तो वही समस्या जो हमेशा आती है कि चुनें तो किसे..?



प्यार का नशा जब अपने आस पास हर तरफ नज़र आता है, ऐसी स्थिति में नीरज का नायिका से कहलाना कि


आज मदहोश हुआ जाए रे मेरा मन,
बिना ही बात मुस्कुराए रे मेरा मन।



और फिर उसी नायिका का विरहावस्था में कहना


मेघा छाये आधी रात बैरन बन गई निंदिया
नायक की छेड़छाड़ और नायिका को संबोधित ही शर्मीली से करते हुए गाना


ओ मेरी शर्मीली


और फिर प्यार मे धोखा खाने के बाद कहना


कैसे कहे कि प्यार ने हमको क्या क्या खेल दिखाए
यूँ शरमाई किस्मत हमसे, खुद से हम शरमाए



और दार्शनिकता से भरा गीत


खिलते हैं गुल यहाँ खिल के बिखरने को
मिलते हैं दिल यहाँ, मिल के बिछड़ने को



सभी उम्दा...लेकिन जब सुनवाना हो अपनी एक पसंद तो खिलते हैं गुल यहाँ खिल के बिखरने को और मेघा छाये आधी रात बैरन बन गई निंदिया में टाइ हो जाता है और राग भीमपालासी पर आधारित गीत मेघा छाये आधी
रात की तरफ मेरा व्यक्तिगत झुकाव थोड़ा अधिक हो जाता है तो सुनिये यही गीत।

Get this widget Track details eSnips Social DNA




मेघा छाये आधी रात, बैरन बन गई निंदिया
बता दे मैं क्या करूँ,


सब के आँगन दिया जले रे
मोरे आँगन जिया,(२)
हवा लागे शूल जैसी,
ताना मारे चुनरिया
आई है आँसू की बारात
बैरन बन गई निंदिया
बता दे मैं क्या करूँ,

रूठ गए मेरे सपने सारे
टूट गई रे आशा,(२)
नैन बहें गंगा मेरे,
फिर भी मन है प्यासा,
कासे कहूँ मैं मन की बात
बैरन बन गई निंदिया
बता दे मैं क्या करूँ,

मेघा छाये आधी रात, बैरन बन गई निंदिया


नीरज से संबंधित पिछली पोस्ट यहाँ देखें
http://kanchanc.blogspot.com/2008/03/blog-post_14.html
http://kanchanc.blogspot.com/2008/03/blog-post_12.html
http://kanchanc.blogspot.com/2008/02/blog-post.html

नोटः पिछली पोस्ट में मनीष जी ने ध्यान दिलाया था फिल्म और गीतकार का भी जिक्र करने के विषय में...पिछली पोस्ट को तो नही संपादित किया ..इस बार ध्यान दिया है

Friday, March 14, 2008

सुबह न आई, शाम न आई...नीरज का एक गीत

जब "नीरज जी" के बारे में लिना शुरू किया तो ऐसा कोई इरादा नही था कि किसी प्रकार की सिरीज़ दूँगी, क्योंकि नीरज जैसे रचनाकारों की रचनाओं मे best चुनने से अधिक दुष्कर कार्य मेरे जैसे लोगों के लिये कम ही होते होंगे...! तो अभी भी यही है के बीच बीच में खुद को खुश करने के लिये उनकी पसंद देती रहूँगी...! लेकिन पढ़ने वालों का उत्साह देख कर मन उत्साहित हुआ कुछ और देने को

बहुत दिन से सोच रही थी नीरज जी का कोई गीत पोस्ट करने को.. सिद्धेश्वर जी ने उस चिंगारी को हवा दे दी...तो फिलहाल तो सुनिये वो गीत जो मुझे बहुत पसंद है..खण्डहर ताजमहल हो जाता, गंगाजल आँखों का पानी.. सुनने के बाद प्रेम की पवित्रता की पराकाष्ठा महसूस करती थी, सोचती थी कि इसे शब्दों में उतारने वाला कौन होगा...और बहुत दिनो बाद पता चला कि वो नीरज थे..! ऐसा कई बार हो जाता है, कल जब इस गाने को तलाश कर रही थी तब भी ऐसे कई गीत मिले जिनके विषय में मुझे ये तो नही पता था कि ये गीत नीरज का है लेकिन पसंद मुझे वो गीत बहुत थे...! तो ऐसे ही गीतों के साथ आती रहूँगी ..मगर आज तो सुनिये ये गीत...!


Get this widget | Track details | eSnips Social DNA





सुबह न आई, शाम ना आई,(2)
जिस दिन तेरी याद न आई ,याद न आई,

सुबह न आई, शाम ना आई

कैसी लगन लगी ये तुझसे, कैसी लगन लगी ये,
हँसी खो गई, खुशी खो गई,
आँसू तक सब रहन हो गए,
अर्थी तक नीलाम हो गई(2)
दुनिया ने दुश्मनी निभाई,याद न आई
सुबह न आई, शाम ना आई

तुम मिल जाते तो हो जाती, पूरी अपनी राम कहानी,
खण्डहर ताज़महल हो जाता, गंगाजल आँखों का पानी,
साँसों ने हथकड़ी लगाई,याद न आई
सुबह न आई, शाम ना आई

जैसे भी हो तुम आ जाओ, (2)
आग लगी है तन में और मन में
एक तार की दूरी है (2)
बस दामन और कफन में
हुई मौत के संग सगाई,याद न आई

आ जाओ. आ जाओ, आ जाओ

Wednesday, January 30, 2008

शुक्रिया यूनुस जी



अभी थोड़े दिन पहले यूनुस जी के ब्लॉग पर गीत आया था "वक्त का ये परिदा रुका है कहाँ"

जिसे पढ़ कर मुझे याद आया कि ये गीत मैने सुना था सिद्धार्थनगर में अपनी दीदी के घर पर...और साथ ही याद आया वो गीत जो मैने वहीं सुना था लेकिन ऐसे समय में सुना था कि मैं रुक कर दोबारा नही सुन सकती थी क्यों कि बस छूटने का समय हो चुका था..अब पता नही उस समय की मानसिक स्थिति थी या अधूरे में छूट गई चीज की तलाश का ज़ुनून कि मुझे इस गीत का मुखड़ा भूला ही नही..जिसके बोल थे

बेक़दरों से कर के प्यार, क़दर गँवाई दिल की यार

तुरंत दिमाग में आया कि यही वक़्त है, जब यूनुस जी के ब्लॉग पर ये बात याद आई है तो यूनुस जी से ही पूँछा जाये .. भई वो तो गीतनिधि हैं स्वयं में...और एक पल न गँवाते हुए मैने लिख भेजी उन्हे अपनी बात बड़े अनुनय विनय के साथ कि भई मेरी १० साल की तलाश है..कृपया मेरी मदद करे....और लो दूसरे दिन थोड़ी spelling गलत होने की समस्या दूर होने के बाद तीसरे दिन गीत था मेरे मेलबाक्स में....! अरे जिसे मैने ढूढ़ा गली गली...वो इतने आसानी से मेरे मेलबॉक्स में मिली..!

और इन सब के बदले में मुझे देना था छोटा सा शुक्रिया... कोई भी चीज, आपको कब क्लिक करेगी ये तो कोई नही जानता और क्यों क्लिक करी ये सिर्फ आप ही जान सकते हैं, सो ऐसी ही एक चीज़ थी ये गीत मेरे लिये..जिसका शुक्रिया मैं यूनुस जी को...थोड़ा विस्तार में देना चाहती थी और अपने ब्लॉगर मित्रों के सामने देना चाहती थी......
तो शुक्रिया यूनुस जी..और आपके ब्लॉग से आपका फोटो चुराने के लिये क्षमा..!

तो अब सुनिये वो गीत जिसे मैने पाया यूनुस जी के कारण...यूनुस जी ने लिख कर भेजा था किये गीत सुखविन्दर सिंह के एलबम 'ग़म के आँसू' से लिया गया है.... अब देखिये इतने दिन से ई स्निप्स पर खोज रही तो नही मिला जब यूनुस जी ने भेज दिया ...तब वहाँ भी मिल गया और पता चला कि १९९१ मे प्रदर्शित फिल्म 'नाचने वाले गाने वाले'
मे भी ये गीत है... लीजिये सुनिये..

Get this widget Track details eSnips Social DNA


लागी से तो छूटी अच्छी, इन बेक़दरों की यारी,
भला हुआ संग जल्दी छूटा, मेरी उम्र न गुजरी सारी।।।


होऽऽऽऽऽऽऽऽऽ
बेक़दरों से कर के प्यार, क़दर गँवाई दिल की यार।

हाय रब्बा क्या उनका हो, मुकर गये जो कर के प्यार।।

बेपरवा आशिक के दिल में, तरस जरा न आया,
हाथ में ले के छूरी शक की कतल हमें करवाया,
हाय तरस न आया..!
सीना छलनी कर के भी जालिम को सबर ना आया,
रह गया था एक दिल बेचारा सो वो भी तुलवाया,
रोते रोते दिल बेचारा बस इतने कह पाया,

होऽऽऽऽऽऽऽऽऽ
बेक़दरों से कर के प्यार, क़दर गँवाई दिल की यार।


तन मन पर मेरे कोड़े बरसे, मेरे रोयें नैन बेचारे,
जितने तन पर मेरे लगे हैं तुझे एक लगे तू जाने,
सजन तू जाने
तूने अच्छा किया ना यार, तूने अच्छा किया ना यार

होऽऽऽऽऽऽऽऽऽ
बेक़दरों से कर के प्यार, क़दर गँवाई दिल की यार।



Monday, December 3, 2007

तुम बेसहारा हो तो किसी का सहारा बनो

एक गीत जो बचपन में ही जब से सुना तब से बहुत सहारा देता है और आज के मेरे जीवन का शायद सबसे बड़ा दर्शन है, मुझे निराशा के क्षणों से बहुत जल्दी उबारता है ये गीत। आप के साथ साथ बाँटना चाहूँगी, ये गीत मैने सिर्फ गुनगुनाया नही है, बल्कि जिया है।

Powered by eSnips.com