पिछले दिनों मनीष जी से तीसरी मुलाकात हुई. उस दिन से कई बार खुद को मुड़-मुड़ कर देखने लगती हूँ.
इस मुलाकात के बारे में कुछ लिखने का मन होता है तो दस इधर-उधर की बातें मन को कहाँ से कहाँ ले कर चली जाती हैं.
मनीष जी मेरी जिंदगी में इस तरह अहम् किरदार हो जाते हैं कि उन्होंने जिस खिड़की पर ला कर बिठाया वहाँ से मेरे व्यक्तित्व में बहुत से सुधार का एक छोटा सा दरवाज़ा खुलता था.
याद करती हूँ तो खुद पर हँसी आती है कि उन दिनों मैं चित्रा मुद्गल का उपन्यास आवां पढ़ रही थी जब मनीष जी से नई मुलाकात हुई थी. उन्होंने मुझसे इस उपन्यास के विषय में ब्लॉग पर लिखने को कहा तो मैंने उत्तर दिया था, "काफ़ी बोल्ड नॉवेल है. मैं लिख नहीं पाऊँगी."
अब खुद ही याद कर के मुस्कुरा लेती हूँ. कुछ सामान्य घटनाओं को कैसे मैं उन दिनों बोल्ड टॉपिक मान लेती थी .
मुझे चाँद चाहिए पढ़ते हुए अपनी हैरत कितनी बार मनीष जी के सामने ले आती थी, "ऐसी भी होती हैं क्या लडकियाँ"
अपनी छोटी सी दुनियाँ को सारा संसार मानने वाली मैं अपने पूर्वाग्रहों के चलते शायद हमेशा यही मानती रहती कि लड़की को सुधा की तरह घुट कर मर जाना चाहिए मगर वर्षा की तरह अपने लिए स्वार्थी नहीं होना चाहिए.
अब जब उनसे बात होती है तो अपने ही कितने बयानों से मुकर जाती हूँ मैं, "नहीं आज का सच यह नहीं है."
सिर्फ सात सालों में एक चक्र पूर्ण हुआ हो जैसे. कारण सिर्फ यह कि ब्लॉग के जरिये खुले रास्तों से जो पढ़ा, समझा उसने दूसरी तरह से दुनियाँ समझने की अक्ल दी.
उत्तर प्रदेश सरकार के विशेष अतिथि बने मनीष कुमार जी से मिलने का समय रात 10 बजे के बाद निर्धारित हुआ. लखनऊ के नवीन पाँच सितारा होटल में क्या शान से मेहमान नवाज़ी की जा रही थी हमारे मित्र की. हमने जाते ही उन्हें सुना कर कहा. "जिंदगी में एक काम अच्छा किया है कि मित्र अच्छे बनाये, वरना देखिये ना ! कहाँ हम आ पाते इस भव्य होटल में."
फोन हो या आमने-सामने मनीष जी से बात करते हुए बातों की कमी नहीं रहती और समय का पता नहीं चलता. घड़ी में अचानक शून्य बज गये और तभी उनके कमरे की बेल ने कहा,"टिंग-टंग'
दरवाज़ा खोलने पर भूरे बालों वाली एक अमेरिकन महिला ने पहले मुस्कुरा कर 'हाय" कहा और फिर साथ में, " एक्चुअली आय एम स्लीपिंग इन नेक्स्ट रूम, सो प्लीज़..! " इसके बाद उन्होंने अपने हाथों को दो बार "डाउन-डाउन' वाले इशारे में इस तरह ऊपर नीचे किया जिसका अर्थ था, "शोर मत मचाओ, आधी रात हो गयी. दूसरा व्यक्ति सोना भी चाह सकता है."
संयोग से उस समय मनीष जी अपने विदेश भ्रमण के मजेदार किस्से सुना रहे थे जिसके बाद हमको कहना पड़ता, "इंडियन्स आर इंडियन्स" और यूँ भी रात ग्यारह बजे के बाद मेरे अंदर नायट्रस ऑक्साइड फॉर्म होने लगती है और मुझे हँसी के दौरे पड़ने लगते है, तो उनकी हर बात पर हम दिल खोल कर हँस रहे थे, ठहाके मार कर. अब हमें क्या पता था कि पाँच सितारा होटल के कमरे वाइस प्रूफ नहीं होते.
खैर ! हमने अपना बोरिया बिस्तर सम्भाला उस होटल की 16वीं मंजिल से अपने ही लखनऊ को नई नजर से देखा और इसके बाद खुद को भी देखते रहे अलग-अलग नजरों से.
पिछले दिनो मौका मिला दिल्ली जाने का जिस सुबह ९ बजे पहुँची और रात नौ बजे चल दी। मिलना तो बहुत लोगो से था मगर मिल पाई कुछ ही लोगो से। मगर हाँ जिन से मिली उनका मिलना जीवन भर ना भुला पाऊँगी।
वरुण की तबीयत के चलते मीनाक्षी दीदी से अक्सर मिलने की बात हुआ करती ही थी। कई बार मन हुआ कि बस शनिवार रविवार का कर्यक्रम बना कर पहुँच जाया जाये। मीनू दी माँ का असल रूप हैं। मैं लखनऊ से कानपुर शायद उतनी जल्दी नही पहुँच पाती होऊँगी, जितनी जल्दी वो दुबई से दिल्ली पहुँच जाती हैं। कई बार दीदी का भी प्रोग्राम कानपुर तक आने का बन कर रद्द हुआ। ऐसे में जब ये खबर लगी की हमें दिल्ली जाना है तो उन्हे खबर देना अपना पहला कर्तव्य था। यूँ मिलने की उम्मीदे शुरू से अंत तक नही ही थी। मगर लोकेशन मैं देती रह रही थी उन्हें।
दूसरा व्यक्ति था अर्श.. जिससे रोज चैट पर एक बार बुज़ हो ही जाती है और साथ तो उसे भी बतान ही था।
और तीसरा था राकेश... जिससे मिलना नही था.. बस मिल गई..... अपनी किस्मत और उसकी पता नही किस चीज़ से
तो मेरी ये यात्रा शुरु हुई ३ सितंबर की रात से। अच्छी बात ये है कि हम खुद चाहे कुछ कर पाये या नही मगर हमारे ५-६ साल ही बाद पैदा हुए बाल बच्चे बहुत कुछ कर गये है। तो अब हमें करना बस इतना होता है कि हम अपने मातृत्व की दुहाई दे कर उन्हे कहीं भी बुला लेते हैं और ऐश करते हैं। तो जाते समय इसी प्रकार का मेरा सुपुत्र अमित अपनी आइटन लेकर पहुँच गया था और दिल्ली स्टेशन पर मेरा दूसरा सुपुत्र (भांजा) एस्टिलो ले कर खड़ा पाया गया। फिर उसने अपना पुत्र धर्म निभाते हुए मुझे मेरी कज़िन (दीदी)के घर सरोजिनी नगर छोड़ा,कार और एक दिन के लिये एक्सप्लोर किये गये ड्राइवर को मेरी सेवा में छोड़ा और खुद बस पकड़ कर कैसे गया ये उसकी अपनी समस्या रही।
यहाँ से मैं विजू (विजित)को तो अपने साथ ले ही गई थी, जो मेरा छोटा भांजा है और मेरे साथ ही रहता है वर्तमान में। स्टेशन से सरोजिनी नगर के बीच मैं हर फोन पर अपना डायलॉग दोहराती रही " मुझे इतने बजे यहाँ, इतने बजे यहाँ और इतने बजे यहाँ पहुँचना है तो मुझे जहाँ कैच कर सको कर लेना" जिस का अब तक मजाक उड़ाया जाता है घर में लड़कों द्वारा।
मैने लखनऊ से राकेश को अपने प्रोग्राम के विषय मे बताया था, तो उसने बेचारगी के साथ कहा कि "दीदी जाना तो दिल्ली मुझे भी है, मगर आपके दिल्ली से लोट आने के बाद। मगर जब मैने जाने के दो दिन पहले बात की तो पता चला कि उसका कार्यक्रम अचानक बदल गया और वो दिल्ली पहुँच गया है।
तो मेरा काम मालवीय नगर के आस पास कहीं था। जो कि उम्मीद से अधिक जल्दी निपट गया। मीनू दीदी के हाथ से तो मैं छूट ही चुकी थी। मुझे लगा कि अब तो मुझे वो कैच कर नही पाएंगी। मैने अर्श को फोन किया कि हम यहाँ से अक्षरधाम मंदिर जा रहे हैं तो तुम मुझे वहीं पर कैच कर लो। वो बेचारा तुरंत अक्षरधाम के मंदिर की तरफ चल दिया। इधर मैं जब लगभग २० मिनट की यात्रा कर चुकी तो मुझे लगा कि ये तो वही गलियाँ हैं जहाँ से हम अभी गुज़रे थे। मैने ड्राइवर भाई से पूछा तो उसने बताया कि सही समझा आप सरोजिनी नगर के पास हैं। यह पूछने पर कि अभी कितनी देर लगेगी अक्षरधाम मंदिर पहुँचने में उसने बताया ४५ मिनट..... हमे लगा कि इतना भागने दौड़ने से अच्छा है कि घर चल कर चाय पी जाये और थोड़ी पीठ सीधी की जाये। तो तुरंत हमने अक्षरधाम की ओर अग्रसर अर्श को फोन किया कि हमने अपना इरादा बदल दिया है और वो अपना रास्ता बदल दे। उसने तुरंत एक आज्ञाकारी अनुज की तरह बिना शिकायत अपना रास्ता बदल दिया।
मेरे दीदी के घर पहुँचने के मुश्किल से १० मिनट बाद ही अर्श ने ढेर सारे गुलाबों से सजे बुके के साथ प्रवेश किया और जुमला फेंका " Lots of rose for a for a rose" हमने उसे समझाया कि भईया हम लड़कियों का बड़ा प्राबलम ये है कि हम लोग जानते हैं कि अगला झूठ बोल रहा है और फिर भी खुश हो जाते हैं। तो उसने तुरंत मेरी गलतफहमी दूर करते हुए कहा " आप इसे खूबसूरती से क्यों ले रहीं हैं ? मेरा मतलब है कि जो काँटो मे भी खिला रहे और अपनी खुशबू बिखेरता रहे" तो हम जितना चढ़े थे उससे दोगुना नीचे उतर आये।
खैर अर्श के आने के साथ ही साथ मेरा विजू जो थोड़ी देर को नीचे चल गया था वो भी आया और आते ही अपनी नान स्टाप कॉमेडी शुरु कर दी। अर्श ने आश्चर्य से मुझे देखते हुए कहा " आप से भी ज्यादा कोई बोल सकता है क्या.....?" मैने उससे कहा "भईया जिस घर मे भगवान ने मुझे जन्म दिया है वहाँ खेती होती है बातों की।" अभी वो इस विषय पर सोच ही रहा था कि मेरा दिल्ली निवासी एमबीए रत भतीजा आशीष भी पहुँच गया वहाँ और उस बालक की खास बात ये है कि जिस खेती की बात मैं कर रही थी वो उस फसल का सर्वश्रेष्ठ खेत है। अर्श फिर आश्चर्य में आ गया "आप दोनो से भी ज्यादा कोई बोलता है क्या...?????"अब कौन समझाये उस शख्स को हम लोग खानदानी मितभाषी लोग हैं।
चलिये मैं अर्श के साथ कम बोलने की कोशिश कर ही रही थी कि तभी मीनू दी का फोन आ गया...! "तुम तो बाउंड्री लाइन पार कर गई, अब तुम्हे कहाँ कैच किया जाये ?" हमने कहा "हम दर्शक दीर्घा मे है, जो चाहे कैच कर सकता है अब.. अब हम उड़ नही रहे।"
बस थोड़ी ही देर में मीनू दीदी भी एक उधार के ड्राइवर के साथ पधार गईं। ढेर सारे मातृत्व की धनी मीनू दी भी मेरी मितभाषिता की शिकायत करती रहीं...! कह रहीं थीं कि कभी कभी तो हम फोन लिये बैठे रहते हैं कंचन बोलने का कोई मौका ही नही देती। अब मतलब कि हम कुछ बोलेगे तभी ना अगला कुछ जवाब देगा।हम कुछ बोलते ही नही हैं किसी से अपनी मितभाषिता के चलते।
खैर मिलते मिलाते वक़्त कैसे फुर्र हुआ कुछ पता ही नही चला। मीनू दीदी सीमित समय के लिये आई थीं चली गईं और मैं स्टेशन जाने को तैयार होने लगी।
उधर राकेश का फोन आ गया था कि वो गुड़गाँव से दिल्ली स्टेशन के लिये कूच कर चुका है। और उधर हम जब स्टेशन को निकलने लगे तो पता चला कि ट्रेन पुरानी दिल्ली आयेगी। राकेश बस नई दिल्ली पहुँचा ही था कि हमने फोन पर उसे निदेश दिया पुरानी दिल्ली पहुँचने का। बेचारा करता ही क्या ? तुरंत ड्राइवर को इन्स्ट्रक्शन दिया पुरानी दिल्ली पहुँचने का।
दिल्ली स्टेशन हम दोनो के लिये नया ही था। हम दोनो कम से कम १५ मिनट तो एक ही जगह पर एक सरे को ढूँढ़ते रहे। मुझे बहुत गुस्सा आ रहा था। मेरी ट्रेन का समय हो गया था और वो नज़र ही नही आ रहा था। मैने झुँझला कर कहा "तुम लौट जाओ, मेरी तुमसे मुलाकात लिखी ही नही है।" तो ज़ाहिर सी बात है कि किसी को भी बहुत खराब लगेगा ये सुनकर। राकेश ने कहा कि "मैं आपका तो कुछ नही कर सकता था, मगर मेरा मन हुआ कि मैं इस फोन को उठा के फेंक दूं जहाँ से ये सुनने को मिल रहा है।"और अँत में अर्श ने ही राकेश को पहचाना और आखिर दो मिनट के लिये हम स्टेशन पर मिले। मुझे वहाँ से सिद्धार्थनगर अपनी बड़ी दीदी के घर निकलना था। मेरे साथ मेरा भांजा विपुल भी आ रहा था। वो आफिस से सीधे स्टेशन पहुँच चुका था। मुझे लेकर दोनो भांजे (विपुल और विजू)प्लेटफॉर्म पर पहुँचे दोनो अनुज साथ थे...! हम ट्रेन छूटने के अंतिम समय पर ही पहुँचे थे राकेश के लिये मैं समझ ही नही पा रही थी कि मिली हूँ या बिछड़ रही हूँ...!
अभी सब बैठे ही थे मैने विपुल से अपने दोनो अनुजों का परिचय कराया ही था कि ट्रेन हिल पड़ी...! और दोनो अनुजों को उतरना पड़ गया.. ! शहीद एक्सप्रेस की हालत भी शहीदों की समाधि जैसी ही है कुछ। अँधेरा बहुत था वहाँ। जाते जाते राकैश जो कह गया वो ठीक से तो उसे भी नही याद है...!तरंत जो मन में आया वो..! मगर था कुछ इस तरह...
ये माना कि उस तरफ अँधेरा बहुत है, मगर जितनी हमे चाहिये थी, रोशनी इस तरफ मिलती रहीऔर दोनो चले गये..! मैं मन से दोनो को आशीष देती रही बस...!
और ये प्रिय और प्यारे जूनियर्स से मिलने का दौर अभी शायद खतम नही होना था।
जाने के बहुत पहले एक दिन अर्श ने बताया था कि अंकित आपके शहर में पहुँचे है, मिले कि नही?? मुझे लगा कि वो आ कर चला गया होगा...! मगर फिर जब उसके ब्लॉग पर गई तो पता चला कि वो तो लंबे समय के लिये आया है और बहुत से लोगो ने मेरे लिये उनसे सलाम भी भेज रखा था..! तो मैने तुरंत गुरुकुल की सीनियर होने की धौंस देते हूए कहा कि थोड़ा डरा करो..सीनियर हैं तुम से रैगिंग वैगिंग ले लेगे तो लेने के देने पड़ जायेंगे बिना मतलब..! घर आने पर उसने एक बार दबी ज़ुबान से कहना चाहा कि " गुरु जी से शिकायत हो जायेगी..!" तो हमने तुरंत हड़का लिया...!"ये बातें गुरु जी तक नही पहुँचनी चाहिये..! वर्ना.....!!!!
खैर दिल्ली से आने के बाद अंकित से मिलने की तारीख तय हुई और मैने उसे अपनी दीदी के घर बुला लिया चूँकि उस दिन अचानक हमे दीदी ने अपने घर बुला लिया था।
अंकित से मिलने के पहले उससे कोई भी कम्युनिकेशन नही था। मगर मिलने के बाद लगा ही नही..! बहुत अच्छा बच्चा है..!संस्कारी.. जैसा कि मैने उसके ब्लॉग पर भी लिखा " ऐसा बच्चा जिसके अंदर पहाड़ी भोलापन अब भी बरकरार है।
अंकित के साथ घर में अकित की शेर ओ शायरी का भी दौर चला जो कि काफी रोचक था..!
लीजिये सब से पहले बालक की खिंचाई अंदाज़ देखिये
और फिर ये शेर
अजीब हालातों से गुज़र रहा हूँ, अपनी ही बातों से मुकर रहा हूँ, मेरी बातें मेरी बदमिजाज़ी नही खाली बरतन हूँ अभी भर रहा हूँ
और कैट की तैयारी कर रहे विजू और आईआईटी की तैयारी कर रही सौम्या के लिये उसने कहा
जो बीता है भुला उसको, जो आगे है सुनहरा है, नया जज़्बा नसों मे भर, नया आया सवेरा है, भरोसा ही है इंसाँ का, खुदा को खींच लाया जो, कहीं वो दूध पीता है,कहीं पत्थर पे उभरा है।
और फिर रिश्तों पर शेर के ठहाकों के बाद सुनाये गये दीदी को समर्पित ये शेर
मैं ग़लत था ये बात उसे काट रही थी, इसलिये मेरी माँ मुझको डाँट रही थी
और ये जो विजू की ज़ुबाँ पर आज भी है
चाँद खिलौना तकते थे, जब यारों हम बच्चे थे. रिश्तों मे एक बंदिश है, हम आवारा अच्छे थे...!
ऐसे ही बहुत से शेर ....रात के ११.०० बज चुके थे मुझे अपने घर निकलना था और अंकित को अपने होटल..! मैं और विजू उसे आटो तक छोड़ने गये...! जाते समय अंकित का पैर छूना ...बहुत सारा स्नेह उमड़ पड़ा और जाते जाते एक रिश्ता बना उससे...!
अनोखे लोग अनोखा अंदाज़..! राकेश ने जो विदा दी आपने सुनी..!अर्श ने जो कहा वो यूँ था
मैं खुश हूँ के तुने मुझे हाशिये पे रक्खा है कम-से-कम वो जगह तो पूरी की पूरी मेरी है ...
और अंकित ने आटो मे ही लिखा
झूठे रिश्ते सच्चे लोग, मिल जाते हैं अच्छे लोग रिश्ते शायद तब हो ना हों, जब समझेंगे रिश्ते लोग
दुआएं...दुआएं..दुआएं..जाने कितनी बार दुआएं निकल रही हैं इन प्यारे प्यारे अनुजों के लिये...सो आप भी शामिल हो जाइये मेरी दआ में
पिछले दिनों जिंदगी बड़ी भागदौड़ की रही, इसी कारण अप्रैल बीत रहा है कोई पोस्ट भी नही भेज पाई... ३१ मार्च को कानपुर से लौटने के बाद स्वजनो की आवाजाही में सोमवार से शुक्रवार आ गाया शनिवार को जब आराम करने के लिये फोन आफ किया तो आन करने पर पता चला कि इतनी ही देर में कानपुर में भाभी हॉस्पिटलाईज़्ड हो गईं और आईसीयू में रखी गईं हैं...२४ घंटे का समय कैसे कटा ये तो हम और ईश्वर ही जानते हैं। सोमवार से स्थिति नियंत्रण में तो आई !
इन्ही परिस्थितियों में समीर जी का मेल प्राप्त हुआ कि वे १०-११ को लखनऊ तथा १२-१३ को कानपुर में रहेंगे...! समीर जी से मिलने का अवसर छोड़ने का तो कोई विकल्प हो नही सकता था, हाँ कानपुर लखनऊ मे किस जगह मिलना है ये विकल्प थे..तो चूँकि हमें कनपुर जाना ही था तो हमने वहीं पर मिलना उचित समझा..! ३.०० बजे दोपहर मे जब हम कानपुर के जाम से जूझते किदवई नगर के अपने घर पहुँचे तो तुरंत कल्याणपुर जहाँ समीर जी अपनी बहन के घर रुके थे वहाँ जाने की हिम्मत नही हुई, समीर जी से हमने पूँछा कि शाम का क्या कार्यक्रम है तो उन्होने बताया कि उन्हे शाम को अनूप जी के घर जाना है, तो मुझे लगा कि वहीं पहुँचना अधिक उचित रहेगा। मैने तुरंत अनूप जी को फोन मिलाया और अता पता पूँछा।
भाभी अस्पताल में ही थी.भईया ने मुझसे कहा था कि कोई ड्राइवर ले लो और भतीजे के साथ चली जाओ..तो मैने कहा ठीक है लेकिन तुम चलते मैं अधिक आश्वस्त रहती..तो भईया खुद ही आए।
शाम को भईया के साथ ढूँढ़ते ढाढ़ते लगभग ७.४५ पर जब अनूप जी के घर पहुँची तो पता चला कि साधना भाभी बस निकलने ही वाली हैं, सो हमने जल्दी जल्दी उनके और बहन जी के दर्शन किये भाभी जी ने फिर मिलने का वादा करते हुए जो भारतीय शैली में हाथ जोड़ कर चलने की इजाजत माँगी तो हम उन्हे मना ना कर सके (वैसे पता था कि इजाज़त देने में ही इज्जत है :)) परंतु इतनी ही देर में उनकी सहज छवि मन पर छा चुकी थी।
सुमन भाभी से भी इसी बीच परिचय हो चुका था। बैठक के हर कोने से उनकी रचनात्मकता झाँक रही थी। सामने की मेज पर उनकी पाक कला फैली हुई थी। हम उन्हे बिना बताये ही उनकी भूरि भूरि प्रशंसा किये जा रहे थे। अगली बारी थी सुमन भाभी की बड़ी बहन निरुपमा अशोक से परिचित होने की, वे लखीमपुर इण्टर कॉलेज में प्रधानाचार्या हैं एवम् हिंदी में गहन रुचि के साथ विद्वता भी रखती हैं..बातों बातों मे पता चला कि वे लखनऊ में हमारी पड़ोसन भी हैं।
अब मेहफिल थोड़ा रंग में आ चुकी थी बातें करने में कोई पीछे नही, शिवाय अनूप जी के हमे लग रहा है कि वे मन ही मन रिपोर्ट बनाने में लगे थे और एक एक बात का लेखा जोखा रख रहे थे कि कब कौन सी बात किसके मुँह से निकल रही है। समीर जी, निरुपमा दी, भइया और मैं मुखर चर्चा में लगे थे बातें ब्लॉग की भी हुईं...हम सब ने अपने कई अनुभव बाँटे कई शेर भी कहे गये।
भईया ने जब कहा कि
मेरे बच्चे मेरी मुफलिसी से वाक़िफ हैं,मेरे बच्चों को खिलौने नही अच्छे लगते। तो अनूप जी ने मिराज़ फैजाबादी के शब्दों मे ने जवाब दिया कि
मुझे थकने नही देता ज़रूरत का पहाड़,मेरे बच्चे मुझे बूढ़ा नही होने देते।
साथ और दे मारे..!
मुश्किलें राह भूल जाएंगी,तुम मेरे साथ में चलो तो सही।
तो भइया ने भी दे मारा
अब कसम है तुमको रोक लो अपने आँसू,मेरी आँखों मे न आ जाएं तुम्हारे आँसू।
और समीर जी को समर्पित करते हुए कहा
आँख से दूर सही दिल से कहाँ जाएगा,ऐ जाने वाले तू याद बहुत आयेगा।
मैने जब बताया कि गज़ल सुनने में भइया लोगों के साथ अथराइज़्ड होने के लिये मुझे
एक आशिक ने रात पिछली पहर,अपने महबूब के न आने पर,
कर दिये ताज़महल के टुकड़े,आब-ए-जमुना में फेंक कर पत्थर।
का व्याख्या सहित अर्थ बताना पड़ा था और शुरआती दौर में मैने जब अपने भईया से पूँछा कि चारागर का मतलब क्या होता है तो उनके बैद्य बताने पर हमने सुना बैल और समझ भी लिया कि चारा खाने के कारण ही उसे ऐसा कहा जाता है लेकिन जब वो मिसरों पर फिट न बैठे तो हम हैरान हो जाते थे, अनूप जी कहाँ पीछे रहने वाले थे उन्होने भी तुरंत अपने अनुभव बँटाये और बताया कि एक बार किसी के कविता याद कराने के अनुरोध पर उसे जब कन्हैया लाल जी की कविता
अजब सी छटपटाहट,घुटन,कसकन ,
है असह पीङासमझ लो
साधना की अवधि पूरी है
अरे घबरा न मन
चुपचाप सहता जा
सृजन में दर्द का होना जरूरी है.
याद कराई और दूसरे दिन उससे सुनाने को कहा था तो उसने कविता तुरंत सुना दी कि
अजब सी छटपटाहट,घुटन,कसकन,
है असह पीङा
समझ लोसाधना की अवधि पूरी है
अरे घबरा न मन
चुपचाप सहता जा
सूजन में दर्द का होना जरूरी है.
तो कमरा ठहाकों से गूँज गया
इसी बीच मैने सुमन भाभी से पूँछ लिया कि एक सफल ब्लॉगर की पत्नी के रूप में वे खुद कहाँ देखती हैं और दिल की बाते जो जुबाँ पर आईं तो अनूप जी को तो बस कहीं भागने का मौका ही नही मिल पा रहा था, हम तो भाभी जी की हाँ में हाँ मिलाए पड़े थे, समीर जी की भी कुछ नही चल रही थी वो भी इसी खेमे आ गये और मंजूर किया की ब्लॉगिंग के चक्कर में पत्नियों पर एक अलग प्रकार का अत्याचार हो रहा है..इसके खिलाफ जन जागरण की आवश्यकता है। भाभी जी को मैने आश्वस्त किया कि उनकी आवाज़ ब्लॉगर्स तक पहुँचाई जायेगी। भाभी जी का सुझाव है कि हम सभ ब्लॉगर्स अपने इस नशे के लिये घंटे सुनिश्चित करें और सुनिश्चित घंटों के इधर उधर ये कार्य न करें।
अब तक राजीव जैन जी भी मेहफिल में शामिल हो चुके थे, लेकिन मेरे सामने उन्होने बस इतना कहा कि अब वे ब्लॉगर नही रहे, बाकी वे मंद मंद मुस्कान ही परोसते रहे सो हम उनके विषय में अधिक नही बता सकते यहाँ हम इन बातो पर चर्चा कर रहे थे उधर हॉस्पिटल में भाभी इस ब्लॉगर मीट का दर्द झेल रही थी, तो हम माता जी से मिलने घर के अंदर गए और उनसे चलने की इजाज़त ली और ढेरों यादे ले कर अपने घर वापस आ गए।
सारे चित्र समीर जी के कैमरे से साभार, यूँ मनीष जी के चिट्ठे पर फोटो के कारण मेरे बागी तेवर देख कर अनूप जी काफी डरे हुए थे, बार बार कह रहे थे कि कंचन अपनी फोटो का प्रिंट आउट निकाल कर देख लो हमने अपनी तरफ से कोई कमी नही छोड़ी है. लेकिन भगवान के क्रिएशन में कुछ कर नही पाए,..:)
२९ फरवरी का दिन, जो कि ४ साल में एक बार ही आता है... और जो भी चीज rarely हो वो खास तो हो ही जाती है, लेकिन मेरे लिये ये तारीख खास इसलिये थी क्योंकि यह ले के आई थी उस शख्स को जिसने आप सबसे मेरा परिचय कराया. मेरी खुशकिस्मती यह थी कि मेरी पहल ब्लॉगर्स मीटिंग उसी व्यक्ति के साथ हो रही थी जिसने मुझे यहाँ आने के लिये प्रेरित किया...! वह प्रेरक व्यक्ति थे एक शाम मेरे नाम के मनीष जी की जिन्होने अपनी एक दोपहर करी थी मेरे नाम !
जैसा कि मैने अपने बारे में बताया कि एक साधारण से परिवार की साधारण सी लड़की मै, बिलकुल अनभिग्य थी इस ब्लॉग नामक चीज से और ई-मित्रता एवं चैटिंग जैसी चीजें तो खैर टोटल बकवास ही थीं...! भला मेरे जैसी so called कवयित्री, इन चीजों में indulge हो भी कैसे सकती थी ? किसी को हो न हो मुझे तो अपनी कदर है ना...! :)
ऐसे में जब नाम सुना आर्कुट का, तो यह भी सुना कि बहुत दिनों के बिछड़े मित्र इसमें मिल जाते हैं. यूँ तो हमने दर्जा ८ तक की पढ़ाई जहाँ से की थी वहाँ कुल मिला कर ५ लड़कियाँ थीं, जिसमें से आगे की पढ़ाई मात्र ३ लोगो को ही करनी थी. उन तीनो से मेरा आज भी मेल मिलाप है. इसके बाद हाईस्कूल से लेकर एम०ए० तक का भी हाल यही कुछ था कि आर्कुट में तो तब ढूँढ़ें जब किसी को फोनियाना छोड़ा हो. लेकिन फिर भी लगा कि शायद कोई निकल ही आये. मुझे नही तलाश हो तो शायद उसे ही हो. फिर भाई-भतीजे इतनी दूर दूर तक फैले हैं उनसे रोज hi करने के लिये भी श्रेयस्कर था यह आर्कुट. तो यही सब सोच कर हमने भी खाता खोल ही लिया.
अब वहाँ पहुँची तो कम्युनिटीज़ भी ज्वाइन की. उसमें एक थी गोपाल दास नीरज की जो कि मेरे बहुत प्रिय कवि थे और वहीं से शायद मनीष जी ने मुझे पाया...! शुरुआत इसी बात से हुई, " क्या आप अपना चिट्ठा बनाना चाहती हैं ?"
अब यह चिट्ठा क्या बला होती है ये मुझे क्या पता...? लेकिन कुछ लिखने से संबंधित चीज़ है शायद तो मैने खुशी- खुशी कहा कि हाँ-हाँ करना तो चाहती हूँ''
लेकिन समस्याएं बहुत सारी थीं जैसे मेरे पास यूनीकोड सॉफ्टवेअर नही था, घर पर पी०सी० नही था, कंप्यूटर में भी इतनी कुशलता नही थी कि कुछ किया जा सके..लेकिन हाँ चस्का ज़रूर था..! वही कमजोर नस शायद पकड़ में आ गई थी मनीष जी को तो उन्होने उस समय लिंक दिया परिचर्चा का. वहाँ रोमन में कविता के लिखने के बाद जो चस्का लगा तो चाह कर भी उतर नही पाया
१२ जून को मैने जिस ब्लाग के जरिये इस विश्व मे कदम रखा उसकी असलियत यह है कि मैं उस का क ख ग घ भी नही जानती थी. शायद मैं खुद भी नही जानती थी कि मैं यहाँ लिखने का समय निकाल पाऊँगी.
मनीष जी ने ही एक ब्लॉग बना कर मुझे गिफ्ट कर दिया. हाँ ब्लॉग का नाम वह था जो मुझे भविष्य में आने वाले अपने कविता संग्रह को देना था. इस ब्लॉग की जो पहली कविता पोस्ट हुई वह मनीष जी ने ही पोस्ट की और इसके बाद कभी फोन कभी चैट से मैने सीखी एक-एक बातें....! कभी बच्चों की तरह उत्साहित हुई तो कभी निराश...और मनीष जी ने बताया, "यह सब तो इस दुनियाँ के नियम हैं जी...!"
ऐसे व्यक्ति से मिलने का मन क्यों न होगा ? मैं तो मौके की तलाश में ही थी। जब पता चला कि महोदय कानपुर से लखनऊ बाराती बन कर आ रहे हैं लेकिन मेरे घर से काफी दूर होने के कारण मुझसे नही मिल पाएंगे उन्होंने समझाया, " क्यों इतना परेशान होंगी ? फोन पर तो बातें वगैरह हो ही जाती है..!"
अब कौन समझाये कि फोन फोन ही होता है. सो मैने कहा कि आप बस ये बताओ कि आना कहाँ तक है ? और पता चला कि स्टेशन तक.अब आगे काम मुझे करना था. इसके लिये मेरे लखनऊ के घर के दोनो सदस्यों की मदद चाहिये थी. खैर अच्छा था कि दोनो मेहरबान थे और मनीष जी के नाम से खुश भी. तो अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर के वो मनीष जी की सेवा में लग गए.
सबसे अच्छी बात यह थी कि मिलने के बाद भी उनके भरम नही टूटे और जाने के बाद मुझसे ही बार-बार कहा गया कि फोन कर के पता तो कीजिये कि रास्ते में कोई परेशानी तो नही हुई. :)
तो चूँकि मुझे आफिस अटेंडेंस के बाद परमीशन ले कर मिलने आना था तो घर पर तो बुला नही सकती थी अतः बीच में एक रेस्तराँ मे मिलने का फैसला लिया गया जहाँ मेरा पिंकू मनीष जी को ले कर आये और मैं पहुँची दीदी के बेटे विजू के साथ.
समझ में नही आ रहा था कि बाते कैसे शुरू की जाएं कि दोनो enclosures भी न बोर हों और हम भी. इसलिये ब्लॉग की बातों से बचना चाह रहे थे लेकिन बातें प्रवाह में आईं तो तभी जब ब्लॉग की एक पोस्ट की चर्चा हुई. मनीष जी को घर वालों द्वारा बताया गया कि ये जो ब्लॉग पर एंटी विमेन के रूप में प्रसिद्ध हो गई हैं वो असल में घर में नारी सशक्तीकरण का प्रतीक है.
comment आया कि "हाँ वो तो मुझे भी पता है कि गलत बायाना ले लिया है...!" और हमारी फिर से वही स्थिति कि कैसे समझाएं कि न हम नारी विरोधी हैं और न ही सशक्तीकरण के प्रतीक. हमें तो जब जो उचित लगता है वो बोल देते हैं. मुझे कभी इससे अलग भी रख के देख लिया जाए. खैर हम इतनी शालीनता का परिचय दे रहे थे तब भी इल्जाम आया, " पता लग रहा है कि आप घर में dominate करती हैं"
खैर मेरे खयाल से जाते-जाते तो यह भरम टूट ही गया होगा जब रास्ते में बाईक तेज चलाने पर मुझे सड़क की चिंता किये बगैर गाड़ी रोक कर पिकू ने खूब लथाड़ लगाई .....!
मुझे आश्चर्य हो रहा था कि मेरा विजू कैसे चुप है.लेकिन आश्चर्य बरकार रहा उसने मनीष जी के जाने तक बस बस मंदमंद मुस्कुराहट ही देने का काम किया...!
११.३० बजे शुरू हुई मीटिंग १.३० बजे समाप्ति की और बढ़ने लगी. चूँकि मनीष जी की भी ट्रेन थी और मुझे भी कार्यालय पहुँचना था.
तो मीट को एक शुभ विश्राम देते हुए अगली बार सपत्नीक मिलने का आमंत्रण दे कर और वादा लेते हुए हम ने विदा ली ...
इस मुलाकात की कहानी मनीष जी की ज़बानी पढ़ने के लिये यहाँ जा सकते हैं। मुलाकात की यादें कुछ इस तरह हैं