Showing posts with label मैने पढ़ा. Show all posts
Showing posts with label मैने पढ़ा. Show all posts

Thursday, January 22, 2009

पुस्तक एडविना और नेहरू के बहाने गाँधी विमर्श



बहुत दिनो से ये पोस्ट लिखनी थी, लेकिन आज लिख ही गई इस लिये क्योंकि डॉ० अनुराग की पोस्ट पढ़ने के बाद इस किताब का बहुत कुछ अलिखित समझ में आया.....! चार दिन के वैचारिक उथलपुथल के बाद आज ये पोस्ट लिखने को मजबूर हूँ। अनुराग जी की पोस्ट पर कमेंट नही दिया, कारण कविता जी की तरह मैं भी भीरु प्रवृत्ति की हूँ, विवादो से बचना चाहती हूँ, अधिकतर बच के ही निकल जाना चाहती हूँ। जिंदगी में भी। लेकिन कोई चीज आप में चार दिन से बार बार कौंध जाती है और आप उससे फिर से बच निकलने की कोशिश करते हैं, तो ये अवॉइड करना नही शायद पलायनवादिता है।




१९९६ में राजकमल प्रकाशन द्वारा प्रकाशित कैथरीन क्लैमा द्वारा लिखी गई इस पुस्तक का अनुवाद निर्मला जैन द्वारा किया गया है। ४४२ पन्नो की इस किताब में एडविना और नेहरू के किस्से तो लगभग २०० पन्नो के बाद आये हैं...! शुरुआत में तो उस समय के भारत के विषय में ही जानकारी मिली। उस समय का सामाजिक परिवेश। उस समय के लोगो की वैचारिक स्थिति। कुछ दिनो के लिये उस दौर को जीने लगी थी मै। बहुत सी बाते नयी थी मेरे लिये। जैसे कि भारत कोकिला सरोजिनी नायडू का जिन्ना के प्रति soft corner रखना। सरोजिनी नायडू की पुत्री पद्मजा नायडू का जवाहर लाल नेहरु के साथ प्रणय। कट्टर पंथी जिन्ना की पत्नी का पारसी होना तथा पुत्री के पारसी हमसफर को चुनने पर जिन्ना का उसको त्याग देना। नेहरू और पटेल का इस हद तक एक दूसरे का विरोधी होना। और वहीं थोड़ा सा हिंट हुआ था मनु और गाँधी के बारे मे, जिसे पढ़ने के बाद मेरे मन में आया कि कैसे इस तरह की सोच विकसित कर लेते हैं, एक मर्यादित और महान पुरुष के लिये उसकी ही पोती के विषय में सोचना वाक़ई मेरे लिये असंभव था।




पुस्तक शुरू होती है १४ फरवरी १९२२ से, दृश्य कारागार का होता है और इसी दृश्य से मोतीलाल नेहरू के माध्यम से संगठन के आपसी वैमनस्य का पता चलता है मोतीलाल नेहरू के इस वाक्य से



"हमारा महात्मा पागल हो गया है, उसने हमारा वह आंदोलन तो रद्द कर ही दिया, तिस पर वो तुम्हे बहाने भेजता है।"



नेहरू इस वाक्य से द्रवित होते है, मुख से कुछ न कह कर मन में बहुत कुछ सोचते है,जिसमें उनका राजसी ठाठ छोड़ कर, गृहस्थ जीवन समाप्त कर के इस आंदोलन में कूदने के बाद क्या खोया क्या पाया का मंथन चलता है।




इसके बाद नेहरू और एडविना की पहली मुलाकात होती है जबकि एडविना की उम्र ३९ वर्ष एवं नेहरू की ५३ वर्ष है, ये मुलाकात होती है १९४२ में सिगापुर के कान्फ्रेंस में जहाँ एडविना भीड़ में फँस जाती है, और नेहरू के द्वारा बचाई जाती हैं। एक आम मुलाकात love at first sight बिलकुल नही। शनैः शनैः अनुभवों के साथ बढ़ने वाला परिपक्व प्रेम। जो कि कैथरीन क्लैमा द्वारा तो प्लैटोनिक ही दर्शाया गया है। अन्य लेखकों का भी यही विचार है। दोनो के बीच समझ १९४७ के बाद से पनपती है। जब माउंटबेटेन भारत आते हैं।



लॉर्ड माउंटबेटेन अपने कर्तव्यों मे फँसे इस प्रकार के व्यक्ति दिखाये गये है, जो कि अपने कार्यों के चलते अपनी पत्नी को ले कर बिलकुल भी possesive नही है। जो कि शायद एडविना को एक स्त्री के रूप में भटकाता रहता है। जो attention उन्हे पति से नही मिलता, वो अन्य स्थानो पर पाने से वो उधर खिंचती है। इस तरह नेहरू के पहले एडविना के पास पुरुष मित्रों की एक लंबी सूची है और नेहरू भी कुछ इसी रूप में विख्यात हैं। पद्मजा नायडू और उनकी मित्रता का ज़िक्र इस सिलसिले में कई बार आया है।





पता नही एक भारतीय होने के कारण पूर्वाग्रह या क्या ? मुझे पुस्तक में नेहरू और डिकी (लॉर्ड माउंटबेटेन) एडविना से अधिक आकर्षक लगे। ऐसा लगा कि वो नेहरू का व्यक्तित्व था जिस के कारण एडविना फिर कहीँ न जुड़ सकीं और डिकी का एक पति के रूप में सहयोग थाजो ये संबंध पल्लवित हो सके। अपनी बड़ी पुत्री को पत्र लिखते समय डिकी ने उसे लिखा भी है कि एडविना का स्वाभाव आश्चर्यजनक तरीके से बहुत मृदुल हो गया है, नेहरू से मिल कर और वे पारिवारिक माहौल को सुखद बनाने के लिये इस रिश्ते को अधिक से अधिक सहयोग दे रहे हैं। परंतु एडविना कभी कभी मुझे समझ में नही आईं। नेहरू के साथ मानसिक स्नेह रखने और डिकी के सहयोग पूर्ण रवैये के बावज़ूद वे डिकी की महिला मित्र के आने पर अपना वो व्यवहार संतुलित नही रख पातीं। पद्मजा से भी उनका व्यवहार सहज नही है। परंतु एक चीज जो मुझे लगी इस किताब के माध्यम से कि एडविना समाज सेवा के प्रति मन से समर्पित हैं। वो चाहे विश्व युद्ध हो या बँटवारे की त्रासदी एडविना ने अपने स्वास्थ्य और शरीर की चिंता न करते हुए प्रभावित लोगो की सेवा की और उतने दिन कोई भी भाव उन पर शासन नही करता शिवाय सेवा और समर्पण के।




एक सहज एवं मर्यादित प्रेम के रूप में इस कथा पर उँगली उठाने जैसा कुछ भी नही लगा मुझे। ६० वर्ष की अवस्था में एडविना की मृत्यु के ठीक पूर्व नेहरू को उनके पत्रों द्वारा याद करना और एडविना के शव के बगल में बिस्तर पर बिखरे हुए नेहरू के पत्रों का पाया जाना सचमुच मन को आर्द्र करता है।



गाँधी जी के चरित्र के विषय में भी इसमें काफी कुछ सोचने को मिलता है। सबसे पहले जब मैं इस किताब द्वारा गाँधी जी के विषय में कुछ सोचने को मजबूर होती हूँ, वो है कस्तूरबा का मृत्यु शैय्या पर पड़ा होना और डॉक्टरों के अत्यधिक निवेदन के बाद भी गाँधी जी का उन्हे इंजेक्शन ना लगाने देने की हठ और परिणाम स्वरूप कस्तूरबा की मृत्यु। गाँधी जी ने कस्तूरबा को इंजेक्शन नही लगने दिया क्यों कि ये प्राकृतिक नही था। बाद में उन्होने डाक्टरों से कहा कि उनकी ये मृत्यु उत्तम मृत्यु थी क्योंकि



"हम लोग ६२ साल साथ इकट्ठे रहे और उन्होने मेरे शरीर में दम तोड़ दिया, इससे बेहतर बात और क्या हो सकती है" गाँधी जैसा विचारक क्या स्त्री की मौत को सौभाग्य और वैधव्य से जोड़ कर देख सकता है ? मुझे सोचना पड़ा ? फिर तो कौशल्या,कुंती, दुर्गा भाभी, इंदिरा गाँधी बहुत ही अभागन थीं। पति की मृत्यु के बाद इतने दिनो तक जीना........!



और अब अनुराग जी की पोस्ट के बाद सोचना पड़ रहा है कि इंजेक्शन लगाना अप्राकृतिक था तो क्या छोटी छोटी बच्चियों के साथ किया गया वो प्रयोग प्राकृतिक था। इससे पहले पढ़े गये सारे वृतांत याद आने लगे। गाँधी जी के आश्रम में किन्ही दो के बीच पनपे प्रेम को अवैध करार दे कर उन्हे आश्रम से निकाल देना। बा से उनका सहयोग पूर्ण नही बल्कि मालिकाना व्यवहार। मैला उठाने पर मना करने पर बा से सालों कोई संबंध न रखना। क्या पत्नी के प्रति उनकी दार्शनिकता में थोड़ी खोट नही दर्शाता। इसी पुस्तक में जब गाँधी मनु के साथ एडविना से मिलने आते हैं तो एडविना गौर करती है कि मनु बगीचे में हर कदम बड़ी सावधानी से, भयभीत सी रख रही है और उसमें बाल सुलभ प्रवृत्ति समाप्त हो चुकी है लेकिन एडविना गाँधी के विषय में कुछ भी बुरा नही सोचना चाहती।




अनुराग जी की पोस्ट में लिखी बातों को कोई झूठा नही कह रहा बल्कि बासी सच कह रहा है। परंतु मेरे लिये तो ताजा है। मैने अपने गिर्द जिनसे भी चर्चा की, उन सब के लिये ताजा है।




एक आम सकारात्मक भारतीय की तरह मैं भी बापू को राम कृष्ण के बाद का स्थान देती हूँ। लेकिन इसका ये मतलब नही कि दुनिया को रामराज देने वाले राम को सीता को वनवास देने के पाप से बरी कर दिया जायेगा। तुलसी दास मेरे बड़े प्रिय कवि हैं, लेकिन रामराज्य के बाद रामचरितमानस को समाप्त कर देना, यही तो बताता है कि हम अपने आराध्य की कमियाँ जानते हुए भी उनकी चर्चा नही करना चाहते।



राम मेरे पूज्य हैं, उनका आदर्श, उनकी मातृ पितृ भक्ति साधुजनो की रक्षा के लिये उनका धनुर्धारी व्यक्तित्व, शबर, निषाद, कोल, भील, वानर, रीछ जैसी पिछड़ी जातियों और आदिवासियों को गले लगा कर उन्हे मुख्य धारा में लाना मेरे लिये एक युगप्रवर्तक छवि बनाता है.... परंतु जिस सीता के खेत में मिलने के कारण उनके जाति पर लगे प्रश्नचिन्ह की अवहेलना करके अपनाया, जिसके लिये तीनो लोक से युद्ध लिया और ग्रहण के पूर्व परीक्षित भी किया उसे लोगो के कहने से वनवास देना, तब जब वो गर्भ से हो..नही ये तो गलत ही था..क्यों किया उन्होने ऐसा, स्वयं को सर्वोत्तम और न्यायप्रिय बताने के लिये ही ना।



युधिष्ठिर सत्यप्रिय और न्यायप्रिय राजा थे...निस्संदेह थे...! परंतु वस्तु की भाँति द्रोपदी को दाँव पर लगाने के लिये क्या उन्हे क्षमा किया जा सका..??



अपनी गलतियों को स्वीकार कर लेना बहुत बड़ा काम है...! बड़ी हिम्मत का काम...!! मुझमे तो नही है वो हिम्मत...!!! लेकिन सच स्वीकार कर लेने से पाप कम तो नही हो जाते ना...! कन्फेसिंग के बाद क्षमा ये आयातित संस्कृति का भाग है (कृपया कोई भी इसे धार्मिक टिप्पणी ना समझे, मेरे लिये सभी धर्म सम्माननीय हैं) परंतु भारत में जब दशरथ ने भूल से श्रवण कुमार को मारा, तो भी पुत्र शोक में जान गँवानी पड़ी, रावण ने भुल से ब्राह्मणों को मांस परोसा तो भी उसे राक्षस कुल में जन्म लेना पड़ा, राम ने धर्म हेतु बालि को छुप कर बहेलिये की भाँति मारा, परंतु अगले जन्म में बहेलिये के द्वारा ही मरना पड़ा, कृष्ण ने धर्म हेतु गांधारी के सौ पुत्रों को मारा लेकिन अपना कुल गँवाना पड़ा। पाप को स्वीकार करना हिम्मत का काम है, लेकिन इससे पीड़ित को न्याय नही मिलता।



गाँधी जी की एक आवाज पर पूरा राष्ट्र एकजुट हो जाता था। राष्ट्र को जिस मानसिक चेतना की ज़रूरत थी, उस नब्ज़ को उन्होने पकड़ा, राष्ट्र का हर व्यक्ति स्वतंत्रता हेतु आंदोलन में शामिल हुआ। जन क्रांति लाने वाले गाँधी ही थे। उनका ये रूप मेरे लिये पूज्य है। हर भारतवासी की तरह मैं स्वतंत्र हवा में साँस लेने हेतु उनकी ‌ॠणी हूँ, लेकिन अपनी आत्मा के विकास के लिये अपनी ही पोती का एक object के रूप में प्रयोग, मेरी नज़र में गाँधी को कटघरे में खड़ा करता है। १३ और १६ ये कोई उम्र होती है। फिर उम्र कोई भी हो किसी के महात्मा बनने के लिये किसी का कुचला जाना.....! ये तो बलि है...! नर बलि...! अहिंसा नही...!



Tuesday, November 25, 2008

धरती, अम्बर और सीपियां


कल दिन पूर्वाह्न १० बजे के लगभग अमृता प्रीतम की ये उपन्यास मुझे प्राप्त हुई। जहाँ तक याद है शायद रसीदी टिकट में ही इस उपन्यास का ज़िक्र पढ़ा था और साथ ये भी पढ़ा था कि १९७५ में इस उपन्यास पर शबाना आज़मी अभिनीत एक फिल्म कादम्बरी भी बनी थी...! (इण्टरनेट पर प्रदर्शन वर्ष १९७६ पता चला है और यूनुस जी के चिट्ठे पर १९७४ )।

अमृता प्रीतम जी की जिंदगी हो या उनकी किताबें उनका जो खास अंदाज़ है वो ये है कि उनके क़ुफ्र बड़े पाकीज़ा होते है। इसी पाक़ीज़ा क़ुफ्र की एक बानगी मैने और मेरी सखी शिवानी सक्सेना ने पढ़ी थी, जब इस पूरी पुस्तक को पढ़ने की उत्सुकता जाग उठी थी हमारे मन में। और जैसे ही उन्हे अमीरुद्दौला पुस्तकालय में ये किताब मिली वे तुरंत ले आईं हम दोनो के पढ़ने के लिये।

खैर मध्यम आकार के अक्षरो में छपी १८९ पन्नो की यह पुस्तक मेरे द्वारा रात भर में समाप्त कर दी गई। परंतु उपन्यास का जादू जिस दृश्य में समाहित था शायद उसको कई बार पहले ही पढ़ लेने के कारण जो सहज जिग्यासा उपन्यास को पढ़ने के बीच एक अनोखा भाव बनाये रखती है, उसकी कुछ कमी हो गई और एक अच्छी पुस्तक पढ़ने के बाद कुछ दिनो तक जो मीठा स्वाद मन को खुश किए रहता है उससे मैं वंचित रह गई।

उपन्यास तीन महिला किरदारों की प्रणय कथा पर आधारित है, जिनमें मुख्य किरदार चेतना है, जिसका नायक ईक़बाल अपनी माँ की नाजायज़ औलाद है और शादी न करने हेतु कृतसंकल्प है, इस असामान्य परिस्थिति मे पनपे प्रेम की एक असामान्य कथा है ये। अन्य दो पात्र है मिन्नी जो कि नरेश के प्रति अपने बचपन के प्रेम को कभी नही व्यक्त करती और परिस्थिति वश जग्गू के साथ जा मिलती है और होनी उसे खुद को खत्म करने पर मजबूर कर देती है। दूसरी है चम्पा जिसे चेतना का भाई जी जान से चाहता है, लेकिन होनी उसे सामर्थ्य पर गुरूर आजमाने के मनोरोग से भर देती है और जब तक वो पश्चाताप करे तब तक उसका प्रिय कहीं और रम चुका होता है

लेखिका पता नही क्या कहना चाह रही है इस उपन्यास में मगर मुझे जो लगा वो ये कि अन्य दोनो पात्र मिन्नी और चम्पा ये दोनो ही चेतना की सखी हैं, इनके प्रेम में सहजता होने के बावज़ूद ये दोनो पात्र अपने प्रणयी को स्वीकार नही कर पाते और दुखान्त को प्राप्त होते हैं, वहीं चेतना सब कुछ विपरीत होने के बावज़ूद अपने स्नेह को अपने जीवन में लाने की जुर्रत करती है और जिंदगी से बिना कुछ माँगे भी सब कुछ पा जाती है और सुखांत का हिस्सा बनती है।

इस उपन्यास के प्रति आकर्षण का एक मुख्य कारण इस पर बनी फिल्म का गीत बात क़ूफ्र की की है हमने भी है... जो कि अमृता जी की निजी जिंदगी से संबंध रखता है। इमरोज़ के साथ रहने का पक्का इरादा करने पर उन्हे जो कुछ सुनने को मिला उसके बाद उन्होने अपने पाक़ कुफ्र को जो शब्द दिये .....वो जि शब्दो में गाया वो यही गीत था। अमृता जी के उपन्यास का जो खास अंदाज़ होता है वो उनके नैरेशन में ही होता है और उस नैरेशन को कैसे पिक्चराईज़ किया गया होगा ये जानना अद्भूत होगा मेरे लिये लेकिन अभी तो फिलहाल इससे वंचित ही हूँ...!

जो भी हो आप सुनिये कादम्बरी फिल्म का आशा भोसले द्वारा गाया, उस्ताद विलायत खाँ द्वारा निदेशित ये गीत...!


Get this widget | Track details | eSnips Social DNA


अंबर की एक पाक सुराही,
बादल का एक जाम उठाकर ,
घूंट चांदनी पी है हमने,

बात कुफ्र की..की है हमने ।

कैसे इसका क़र्ज़ चुकाएं,
मांग के अपनी मौत के हाथों
उम्र की सूली सी है हमने,
बात कुफ्र की..की है हमने ।

अंबर की एक पाक सुराही ।।
अपना इसमें कुछ भी नहीं है,
रोज़े-अज़ल से उसकी अमानत
उसको वही तो दी है हमने,
बात कुफ्र की.. की है हमने ।

लिरिक्स साभार यूनुस जी की ये पोस्ट

Friday, November 14, 2008

"मुझे चाँद चाहिये"


"मुझे चाँद चाहिये" ये शीर्षक ही कुछ ऐसा था जो मुझ जैसे लोगों को आकर्षित करता था। सबसे पहले मेरी सहेली शिवानी सक्सेना के द्वारा मैं इस उपन्यास से परिचित हुई और पढ़ने के लिये लालायित हुई। इसके बाद मनीष जी की पोस्ट और उस पर अनूप जी, चारु और बसलियाल जी के विचारों ने और भी विकल कर दिया। अनूप जी का कथन था कि पुस्तक उनकी निजी संपत्ति है, सो मैने सोचा कि कुछ दिनो के लि़ए माँग ली जाये और वे राजी भी थे...लेकिन १४ अक्टू० को जब वो पुस्तक के साथ लखनऊ पहुँचे तब मैं एक तो लखनऊ में थी नही दूसरे ये किताब मैं पुस्तक मेला से ले आई थी।

५७० पृष्ठों की ये किताब मैने शुरू की तो इस के जाल में फँसती चली गई। समस्या ये है कि कुछ भी पढ़ो तो वो मेरे मन मष्तिष्क पर ऐसे छाता है कि जैसे मेरी दिनचर्या। और इस बार भी वही हुआ। वर्षा वशिष्ठ पल भर को साथ नही छोड़ती थी और दूसरी समस्या ये कि मै उस चरित्र को समझने में बिलकुल नाकामयाब हो रही थी। लेकिन आकर्षण इतना अधिक था उस शख्सियत का कि बिना समझे रहा भी नही जा रहा था। यदि वो कोई पुरुष होती तो मैं सोच लेती कि पुरुष स्वभाव ऐसा ही होता होगा, यदि वो कसी उच्च वर्गीय घराने से संबंध रखती तो मैं सोचती कि बड़े घरों की संस्कृति है, लेकिन.... वो ऐसे ही महौल से ताल्लुक रखती थी, जिससे हम जैसे लोग रखते हैं। इसीलिये तो परेशानी हो रही थी। ऐसा लगता कि जैसे कितना भाग कर तो मैं उसके साथ आती हूँ सहेली बनाने को और मेरे साथ पहुँचते ही वो मुझसे दो कदम और आगे बढ़ जाती है..और मैं फिर हैरान परेशान।

घर की सिलबिल ने अपना नाम यशोदा शर्मा से वर्षा वशिष्ठ कर लिया क्यों कि "हर तीसरे चौथे के नाम में शर्मा लगा होता है। मेरे क्लास में ही सात शर्मा हैं।....और यशोदा ? घिसा पिटा दकियानूसी नाम। उन्होने किया क्या था सिवा किशन को पालने के?" " यशोदा शर्मा नाम में कोई सुंदरता नही।" और वर्षा नाम उसने अपना इसलिये रखा कि पिता की अलमारी में रखी ॠतुसंहार पुस्तक में छहो ॠतुओं में उसे सबसे प्रिय वर्षा लगी। " देखो प्रिये, जल की फुहारों से भरे हुए मेघों के मतवाले हाथी पर चढ़ी हुई, चमकती विद्युत पताकओं को फहराती हुई और मेघ गर्जनों के नगाड़े बजाती हुई यह अनुरागी जनो की मनभायी वर्षा राजाओं का सा ठाठ बनाये हुए यहाँ आ पहुँची है।" ये है उसके दुस्साहस का पहला नमूना।

और इसके बाद हैं श्रृंखलाए...! पढ़ते समय भतीजे ने जब पूँछा इस चरित्र के बारे में तो मुँह से निकला कि "वर्जित शब्द वर्ज्य है इस नायिका के लिये" सब कुछ ऐसे करती जाती है जैसे कितने दिनो से अभ्यस्त है। कहीं कोई हिचक ही नही। अपनी प्रेरणा श्रोत दिव्या के घर पर अंडों का सेवन वो बिना किसी संकोच के कर चुकी है। लखनऊ पहुँचने पर जब टूँडे के कवाब की प्लेट उसकी तरफ बढ़ाई जाती है तो बात करती हुई वर्षा के हाथ एक पल को भी सकुचाते नही वरन् सामान्य माँसाहारी की तरह सहजता से उठा लिया जाता है और बियर के साथ ऐसे लिया जाता है जैसे सिलबिल रोज रात माँ पिता के साथ एक पैग लेने की आदि हो। बाद में वो स्वीकार करती है कि बीफ का भी सेवन कर चुकी है।

कमलेश "कमल" से प्लैटोनिक लव के बाद लखनऊ के मिट्ठू से दो ही तीन मुलाकात बाद गहन सन्निकटता, और दिल्ली के हर्ष से भी कुछ ही मुलाकातों के बाद समर्पण की पराकाष्ठा प्राप्त करना फिर हर्ष की बहन द्वारा सगाई के लिये कहने पर इन सबके बावजूद "अभी सोचने के लिये समय माँगना" और बॉम्बे में ऐसे ही सहज मित्र सिद्धार्थ के प्रणय निवेदन को बिना किसी विरोध के स्वीकार करना और फिर से हर्ष के लिये वही समर्पण की पराकाष्ठा पहुँचना..... उफ्फ्फ्फ मैं तो कन्फ्यूज़ हुई जा रही थी। सिद्धार्थ के साथ साथ मैं भी उस पर आक्षेप लगाते हुए पूँछती हूँ कि " क्या तुम उनमें से हो जो थोड़ा सा भी भावात्मक अकेलापन नही झेल सकते।"

अंत की ओर बढ़ते हुए उपन्यास में जब पिता द्वारा मदिरापान करने पर प्रश्न खड़ा करने पर वो उत्तर देती है कि " शुरुआत जिग्यासा और ऐड्वेन्चर से हुई थी" और कहना कि " मैं गलत कह गई। दरअसल एक प्रमुख कारण अनुभव की माँग थी।" तब कुछ स्पष्ट होता है। वर्षा को अपने जीवन में अगर सबसे प्रिय कुछ है तो वो है उसका मंच, उसका नाट्य, मैं उसे कैरियर भी नही कह सकती, लेकिन उसक कला ऐसी चीज है जिसकी पराकाष्ठा पर पहुँचना वर्षा वशिष्ठ का जुनून है। वो किसी से भी विद्रोह कर सकती है मगर अपनी कला से नही वो उसके प्रति पूर्ण ईमानदार है। वहाँ वो कोई भी शॉर्टकट नही अपनाती, वहाँ वो कोई भी अड़ियल रवैया नही रखती। वह स्वीकार करती है कि " अगर मुझे भूख और शाहजहाँपुर में से किसी एक को चुनना पड़ेगा तो मैं भूख को चुनूँगी।

हर्ष के साथ उसका व्यवहार हो सकता है कि अनुभव कि माँग के कारण ही हो। क्योंकि अनुभव की कमी के कारण ही उसका पहला नाटक "बेवफा दिलरुबा" फ्लॉप रहा था।

मगर उपन्यास का अंत होते होते सभी भ्रम पीछे छूट जाते हैं.... और बस यही भावना रह जाती है कि वो शुरू से दुस्साहसी न होती तो इतना बड़ा निर्णय कैसे लेती ? धारा के विरुद्ध जाने की क्षमता न होती तो उस प्रवाह में वो जाने कहाँ बह गई होती..! और अंत में मै भी समर्थ हो ही जाती हूँ, उसे सखी बनाने में। जा के बैठ जाती हूँ उसके बगल में और जब उसे एक आँसू निकालने के लिये झकझोरा जा रहा होता है तो उसके आँसू मेरी आँखों से निकल रहे होते हैं।

एक ऐसा उपन्यास जो हमेशा मेरे द्वारा पढ़ी गई बेहतरीन किताबों में एक होगा।

हाँ वर्षा को समझने में शायद हर्ष का चरित्र भुला दिया जाता है, परंतु अपने अनेकों दुर्भाग्य के बावजूद हर्ष का चरित्र भी कम आकर्षक नही है। हर्ष मे मुझे जो चीज सबसे पहले भाती है वो है वर्षा के लिये उसकी एकनिष्ठा। शिवानी उस पर दिल-ओ-जाँ से फिदा है। तनुश्री पत्रकारों के सामने स्वीकार करती है। रंजना उसके लिये सायकिक हो गई है, लेकिन हर्ष पल भर को भी सिलबिल के अलावा किसी को मन में नही लाता। मंचीय क्षमता उसकी बेजोड़ है। वो अपने स्तर को कम करने समझौता नही कर सकता। वो गलत लोगो को बर्दाश्त नही कर सकता। मगर इस सबके साथ उसमे जो कमी है और ऐसी है जो उसकी सारी अच्छाइयों पर हावी है, वो है उसका अहं....लेकिन मै नही मानती कि ये अहं ही उसे पतन की ओर ले जाता है, पतन की ओर उसे लेजाता है उसका दुर्भाग्य.... जैसा कि वर्षा भी मानती है कि उसकी जिंदगी के तीसरे पृष्ठ चेखव को भी कभी सम्मानित नही किया गया था और वो इस मामले में उनसे अधिक भाग्यशाली थी।

लेखक के ग्यान से मैं अभिभूत थी। मनीष जी के विपरीत मुझे उपन्यास बिलकुल बोझिल नही लगी। कारण ये भी हो सकता है कि अभी हाल ही में छोटे भांजे ने रंगमंच ज्वॉइन किया, तो उसके स्तर पर बहुत कुछ समझने का मौका मिला। हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत पर सामान्य रूप से अधिकार रखने वाले सुरेंन्द्र वर्मा के विषय में नेट पर कुछ भी नही मिला परंतु मनीष जी ने बताया कि यूनुस जी के अनुसार वे मुंबई रंगमंच से जुड़े हुए हैं।

मैने अपनी पोस्ट मे जो कुछ भी लिखा वो मेरी तरफ से भावात्मक विश्लेषण था, इस संबंध में तकनीकी और व्याख्यात्मक विवरण पढ़ने के लिये आप मनीष जी की ये पोस्ट पढ़ सकते हैं।



कुछ वाक्य जो मुझे भले लगे-

1. कुपात्र के साथ बँधने से अकेले रहना अच्छा है। (वर्षा)

2. मुझे ये समझना चाहिये था कि अपना बोझ ढोने के लिये हर कोई अभिशप्त है। (वर्षा)


३. "ड्रामा स्कूल के प्रति तुम्हारा जो मोह है, हम सचमुच उसे समझने में असमर्थ है।" वह हल्की मुस्कान से बोले।
" ऐसा हो जाता है।" सिलबिल ने काफी ऊँचाई से हामी भरी " क्योंकि हम लोग एक दूसरे की जिंदगी जीने में समर्थ नही हैं।"

३ अब मुझे महसूस होता है कि जिस चीज का हमारे पेशे में महत्व है, वह यश नही है, बल्कि सहने की क्षमता है, अपना दायित्व निभाओ और विश्वास रखो। मुझमें विश्वास है और इसीलिये अब वैसा दर्द नही उठता और जब मैं अपने अंत के बारे में सोचती हूँ तो मुझे अपने जीवन से डर नही लगता।" (वर्षा द्वारा अभिनीत नाटक का एक अंश)

४. खुशी का कोई स्विच नही होता। वह अपने आप पनपती है। उसके लिये अवसर तो देना होगा न। (वर्षा)

५. "जब चुप होती हो तो, ज्यादा अच्छी लगती हो"
वर्षा भीतर ही उदासी से मुस्कुरायी। "तो अच्छा लगने का यह मूल्य चुकाना होगा।"

६. " न मेरे हाथों में लगाम है, न मेरे पाँवों में रकाब, और उम्र का घोड़ा तेज तेज दौर रहा है। (वर्षा)


७. रोजी कमाना जिनकी मजबूरी है वो नापसंदगी की दलील कैसे दे सकते हैं।


८. maturity lies in having limited objectives in life


९. हर्ष के चेहरे का वह भाव उसे बहुत दिनो तक याद रहा। उसमें वैसा ही आतंक था, जैसे कोई अबोध बालक मेले में अकेला छूट गया हो। (हर्ष के पिता की मृत्यु पर)


१० छप्पर की लकड़ी की पहचान भादों में होती है।

११.अजीब है... कभी कभी रिश्ते की स्थिति का कारण नही स्पष्ट होता।


१२. मृत्यु चाहे कितने ही उत्कृष्ट रूप में हो, उस जीवन से बेहतर नही हो सकती जो चाहे जितनी ही निकृष्ट हो....ऐसा चाणक्य कहा करते हैं।

१३. जब किसी की स्मृति नींद ला देने में समर्थ होने लगे, तो इसे व्यवहारिक रूप से प्रेम कहा जा सकता है।
शिवानी उदास चंचलता से मुस्कुराई " और जब किसी की स्मृति से नींद उड़ने लगे, तो क्या यह भी प्रेम की उतनी ही सार्थक परिभाषा नही होगी?

१४. हर स्त्री पुरुष के बीच में किसी न किसी तरह का तनाव आता है। इस रिश्ते की प्रकृति ही ऐसी है। अगर तुम्हारी तरह हर कोई सौ फीसदी अंडरस्टैंडिंग की दलील ले कर अड़ जाये तो यहाँ तो कोई घर ही न बसे। अंडरस्टैंडिंग एक प्रक्रिया है जो एक साथ धूप छाँव झेलने से ही अपना स्वरूप लेती है। इसमें दोनो पक्षों को एड्जस्ट करना होता है। (सुजाता)

१५. भावना की लगाम ना मोड़ने से मुड़ती है, न रोकने से रुकती है।


१६. दुख व्यक्ति में गंभीरता, गहराई और गरिमा लाता है। दुख व्यक्ति का आध्यात्मिक परिष्कार कर देता है।


१७. आत्महंता को यह पता नही होता कि अपने निकटतम लोगो को वह कैसे सर्वग्रासी दुख के शिकंजे में कसा छौड़ रहा है।अपनी टुच्ची खुदगर्जी में वह सिर्फ अपने दर्द में डूबा रह जाता है। वे पीछे छूटे हुए लोग वंदनीय हैं, जो पीड़ा के दंश से चीखते हुए फिर अपने कर्मपथ पर वापस लौटते हैं।

Friday, June 20, 2008

नदी के द्वीप



१६ जून की दोपहर में मुझे मेरी सहेली ज्योति मिश्रा ने सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन "अज्ञेय" का प्रसिद्ध उपन्यास "नदी के द्वीप" दिया और १७ जून की रात से मैने इसे पढ़ना शुरू किया। फिर इसके बाद तो इसे पढ़ने के लिये समय निकालने की ज़रूरत ही नही थी क्योंकि इसके पात्र कहीं भी रहो आवाज़ दिया करते थे.... और समय खुद-ब-खुद निकल आता था....रात के १ बजे तक, सुबह चाय चढ़ा कर, आफिस से निकलते समय पानी बरस रहा है, तो समय का उपयोग करते हुए.... और नदी के द्वीप कल रात १२.३० बजे खतम हो गई। पूरी रात उसके पात्र दिमाग में घूमते रहे।

सच यूँ ही तो नही ओशो ने कहा होगा



"This novel is for those who want to meditate; it is a
meditator's novel.

७ मार्च १९११ में जन्मे तथा ४ अप्रैल १९८७ को महाप्रयाण करने वाले "अज्ञेय" ने मेरे ज्ञान के अनुसार मात्र ३ उपन्यास लिखे है



१.शेखर एक जीवनी २.नदी के द्वीप ३. अपने अपने अजनबी



मैने तो पहला ही नॉवेल पढ़ा है...लेकिन मुरीद हो गई। चार पात्रों डॉ० भुवन,. श्रीमती रेखा, चंद्रमोहन और गौरा के मध्य ही चलने वाली कथा में प्रेम और समर्पण का हर रूप दीख जाता है।


रेखा थोड़ी रहस्यमयी महिला है जो क्षणों मे जीने में विश्वास रखती है, वर्तमान में विश्वास रखती है, भविष्य उसके लिये वर्तमान का प्रस्फुटन है।



गौरा कुछ नही जानती शिवाय भुवन दा के जो उसके मास्टर भी रह चुके है, तभी तो विज्ञान में शोध करने वाले डॉ० भुवन से वह संस्कृत के नाटकों का मंचन भी करवाने आ जाती है।



डॉ० भुवन एक वैज्ञानिक है..समाज से तटस्थ..जब मन आया समाज में शामिल जब मन आया किसी के पत्र का कोई जवाब नही..लेकिन रेखा और गौरा का प्रेम पूर्ण समर्पण मजबूर कर देता है उन्हे... और तटस्थता छोड़नी ही पड़ती है।

चंद्रमोहन एक पत्रकार हैं और एक कुंठाग्रस्त पात्र है... ऐसा पढ़ने वाला तो शुरू से ही समझने लगता है परंतु अंत में उपन्यासकार डॉ० भुवन के माध्यम से कहला भी देता है "चंद्रमाधव भी अत्यंत कुंठित व्यक्ति है, जब तक नही था, तब तक बहुत असंतुष्ट था : अब कुंठित हो चुका है और उसका असंतोष युक्ति से परे हो गया है- कुंठित होना अब उसके जीवन की आवश्यकता बन गया है, उसकी कुंठा और उसका वाद परस्पर पोषी हैं। किसी पर दया करना पाप है, नही तो मैं चंद्र को दया का पात्र मान लेता।"





"अज्ञेय" का जीवन लखनऊ, काश्मीर, दक्षिण भारत एवं विदेशों मे बीता जिसकी झलक उपन्यास में दिखाई देती है। १९२९ में बी०एससी० के बाद उन्होने अंग्रेजी साहित्य से एम०ए० में प्रवेश लिया अंग्रेजी साहित्य की यह रुचि भी नदी के द्वीप में प्रचुर मात्रा में दीखती है..जगह जगह लॉरेंस, ब्रॉउनिंग, बाइबिल की वर्सेज़ उद्धृत हैं। उनका अंग्रेजी साहित्य से एम०ए० पूर्ण होने के पहले ही वो स्वतंत्रता आंदोलन में कूद पड़े थे... डॉ० भुवन भी कॉस्मिक किरणों पर अपने शोध को छोड़ कर राष्ट्र के लिये सेना में भर्ती हो जाते है और दलील ये कि " मैं नही सोच सकता कि मैं कैसे किसी भी प्रकार की हिंसा कर सकता हूँ, या उसमें योग दे सकता हूँ-पर अगर कोई काम मैं आवश्यक मानता हूँ, तो कैसे उसे इस लिये दूसरों पर छोड़ दूँ कि मेरे लिये घृण्य है? मुझे मानना चाहिये कि वो सभी के लिए- सभी सभ्य लोगो के लिये एक सा घृण्य है, और इसी लिये सब का सामान्य कर्तव्य है..।"

उपन्यास के सर्ग पात्रों के नाम पर हैं, बीच में तीन बार अंतराल आता है..४१६ पृष्ठ की इस पुस्तक के पत्र आपको निश्चय ही उस जमाने में ले के चले जाएंगे जब पत्रों की प्रतीक्षा बड़ी बेसब्री सेहम करते थे और लिखने में अपना मन सजा देते थे।

उपन्यास के कुछ अन्य उद्धरण जो मुझे पसंद आये



" 'क''ख' से प्रेम करता है ये कह देना कितना आसान है, और 'मैं तुमसे प्रेम करता हूँ' ये कह पाना कितना कठिन-कितना पेनफुल। क्योंकि एक तथ्य है, दूसरा सत्य-और सत्य न कहना आसान है, न सहना"--भुवन




" द पेन आफ लिविंग यू इज़ मोर दैन आई कैन बेयर"




"प्रेम को धोखा रोमांटिकों ने बताया है, और आप कितने भी ॠषि भक्त क्यों न हों, रोमांटिक ॠषि को नही पसंद करेंगे। मैं तो यही जानती थी कि ॠषियों ने प्रेम और सत्य को एक माना हैं क्योंकि दोनो को ईश्वर का रूप माना जाता है।"--रेखा




"कुछ जड़ें वास्तव में जीवन का आधार होती हैं और सतही जड़ों का बहुत बहुत बड़ा जाल भी एक गहरी जड़ की बराबरी नही करता।"--रेखा




" अध्यापन का श्रेष्ठ संबंध वही होता है, जिसमें अध्यापक भी कुछ सीखता है।"




"मैत्री साख्य प्रेम इनका विकास धीरे धीरे होता है ऐसा हम मानते हैं, 'प्रथम दर्शन से ही प्रेम' की संभावना स्वीकार कर लेने से भी इसमें कोई अंतर नही आता"




"तुम ने एक ही बार वेदना में मुझे जना था माँ
पर मैं बार बार अपने को जनता हूँ
और मरता हूँ
पुनः जन्म और पुनः मरता हूँ
क्योंकि वेदना में मैं अपनी ही माँ हूँ"--रेखा





"तुम चले जाओगे- मैं जानती हूँ तुम चले जाओगे। मैं आदी हूँ कि जीवन में कुछ आये और चला जाये..मैने हाथ बढ़ा कर उसे पकड़ना चाहना भी छोड़ दिया"--रेखा



"यह कि दाँव दोनो खेलते है,लेकिन हम अपना जीवन लगाती है और आप हमारा"




"किसी अनुभव को दुबारा चहना भूल है"