Monday, December 22, 2008

कि तुम हो मेरे गिर्द...


दिल के किसी कोने से आई आवाज़


"काश कि तुम होते "


तो बोल उठी ज़ुबाँ...


"तो..?.....तो क्या होता...????"


"कुछ नही......! बस ये अहसास .....!

कि तुम हो मेरे गिर्द....!"
किसी ने दिया जवाब ....!!!!!!

Thursday, December 18, 2008

वो भला कौन है किसकी तलाश बाकी है?


पिछली पोस्ट के शेर पर अनुराग जी ने कमेंट में एक शेर लिखा था

हाथ की लकीरों में लिखा सब सच होता नही,
कुछ किस्मते भी कभी थक जाया करती है

और उस शेर से ही याद आई अपनी एक कविता, जो कि मैने २०‍‍-9-२००७ को लिखी थी...! लीजिये आप भी शामिल हो जाइये उस कविता में

अपने हाथों की लकीरों में ढूँढ़ती हूँ जिसे,
वो भला कौन है किसकी तलाश बाकी है?
सुबह होने को है दीयों में तेल भरती हूँ,
तमन्ना तुझको अभी किसकी आस बाकी है।

किया जितनी भी बार ऐतबार है सच्चा,
हुए है उतनी बार अपनी नज़र में झूठे।
न जाने कितने गलासों को चख के देखा है,
हुए हैं हर दफा अपने ही होंठ फिर जूठे।
मगर सूखे हुए, पपड़ी पड़े इन होंठों को,
न जाने चाहिये क्या, अब भी प्यास बाकी है।

गिरे हैं इस कदर उठने को जी नही करता,
बहुत हताश कर रही है मेरी साँस मुझे।
बहुत थके हैं कि चलने को जी नही करता,
मगर तलाश मेरी रुकने नही देती मुझे।
गुज़र चुका है सबी कुछ भला बुरा क्या क्या
बड़ी हूँ ढीठ कि अब भी तलाश बाकी है।

सितारे सो चुके है साथ मेरे जग के मगर,
मैं अब भी चाँद की आहट पे कान रखे हूँ।
वो धीमे कदमों से आ कर मुझे चौकायेगा,
संभलना है मुझे धड़कन का ध्यान रखे हूँ।
बढ़ा दो लौ-ए-शमा की ज़रा सी और उमर,
वो आ भी सकता है, थोड़ी सी रात बाकी है!

Wednesday, December 10, 2008

एक शेर


एक धागे का साथ देने को,

मोम का रोम रोम जलता है....!

बस गुलजार का ये एक शेर कहने का मन हो रहा है आज..ये शेर जो कभी पुराना नही पड़ता मेरे लिये। और कुछ-कुछ दिनों पर इसकी धार कुछ ज्यादा तेज हो जाती है... नश्तर की तरह चुभता है ये...! आज कल धार फिर तेज हो गई है इसकी...!

Wednesday, December 3, 2008

विश्व विकलांग दिवस पर



टाईम्स आफ इण्डिया के लखनऊ संस्करण में आज महिला विद्यालय की शिक्षाशास्त्र की विभागाध्यक्ष रानी जेस्वानी जी के विषय में लिखा गया है। रानी एक पैर पर जिंदगी बिता रही हैं। जिंदगी के विषय में पूंछे जाने पर वे कहती हैं

I feel normal but....

और इस लेकिन के बाद वो बात जो आना लाज़मी है कि

ज़ब्त करती हूँ, तो हर ज़ख़्म लहू देता है,
बोलती हूँ तो अंदेशा-ए-रुस्वाई है।

सच है कि अगर कभी अपनी समस्या डिसकस करने की कोशिश करो तो, लोग जिंदगी से हारा समझने लगते हैं, जो कि नाकाबिल-ए-बर्दाश्त होती है।

और उन लोगो के लिये जो घूर घूर के देखते रहते हैं जैसे सामने वाला एलिएन्स प्रजाति का हो.. "ओह...ऐसे जीवन से मरना अच्छा" कहते हुए, जो सुनाई तो देता है, लेकिन आप सुनते नही...बहुत दिनो से हर रोज़ ये सब सुनते देखते आपको आदत हो गई है..कुछ असमान्य नही लगता...! उनके लिये उन्होने कहा....!

साहिल के तमाशाई हर डूबने वाले पर,
अफसोस तो करते हैं, इम्दाद नही करते।

कोई गलत नही है ये सोच, ये हक़ीकत है। लेकिन इसका मतलब ये नही कि इस अफसोस को उनकी हार का तर्ज़ुमा समझ लिया जाये। ये सिक्के का एक पहलू है। हर कदम पर संघर्ष जैसा वाक्य जिनके कदमो से जुड़ा हो और उन्होने एक भी कदम उठने से रोका ना हो, उन्हे आप निराश की श्रेणी में नही ला सकते।

पिछली बार विकलांग दिवस पर इस विषय में लिखने से पहले बहुत संकोच हुआ था , कहीं लोग गलत अर्थ ना लगा लें, कहीं लोग जिंदगी से हारा ना समझ लें, कहीं लोग उदास न समझ लें, लेकिन आज सुबह सुबह रानी जी को पढ़ने के बाद मन में आया कि अपनी बातें हम नही खुल कर बतायेंगे तो कौन बतायेगा ? जनता बुरी नही है..असल में हम उन्हे समझा ही नही पाते कि हमें क्या व्यवहार चाहिये। हम कहीं न कहीं रोज गिरते हैं, ये सच है, लेकिन हम हर रोज जितनी शिद्दत से बिना पिछली चोट की परवाह के खड़े होते हैं वो भी सच है।

जो सच रानी जी का है, वो मेरा भी सच है....लेकिन कुछ अपने सच बाँटती हूँ... जो रानी जी का भी सच होगा, ये मुझे विश्वास है....!!!!

पहली बात जो माँ कहती थी जब मैं अपनी बीमारी से लड़ रही थी...जो अब भी बहुत बहुत बल देती है



वो देखो उठ बैठी मुन्नी, सारी चींटी मार के,
गिर कर उठ जाने वाले ही, बड़े लोग संसार के...!

और दो शेर जो मेरी वर्किंग टेबल के ऊपर लगे है... जिन्हे मै लगभग रोज याद करती हूँ...

इरादे हों अटल तो मोज़दा ऐसा भी होता है,
दिये को पालती है, खुद हवा ऐसा भी होता है

और दूसरा

बढ़ते पग कब सोचते मंजिल कितनी मील,
घोर अंधेरे से लड़े, छोटी सी कंदील

रानी जी का फोटो मुझे टाईम्स आफ इण्डिया की साईट पर नही मिला, वरना मैं आपसे ज़रूर बाँटती़। एक बात और the person like Rani Ji is not physically disabled... they are in the daily battle of proving there ability.... actually they are highly chalanged by nature ... physically chalanged.


इम्दाद- मदद
मोज़दा -पराकाष्ठा

Monday, December 1, 2008

दुनिया भर में अचरज बन फिर ताज खड़ा है आज।


इस पर क्रोध बढ़ाए कोई या फिर आये लाज,
दुनिया भर में अचरज बन फिर ताज खड़ा है आज।

जीवन पा कर जीवन देते मौत दिखाने वालों,
हाहाकार रहित करते कुछ धरती को दुनिया को,
ताकत पा कर कैसा कायर काज किया ये आज।
दुनिया भर में अचरज बन फिर ताज खड़ा है आज।

देने वाले ने ताकत दी और उम्र तरुणाई,
और मिटाने खातिर तूने वह उपलब्धि गँवाई,
कैसे तांडव से भर डाला मधुर पखावज साज
दुनिया भर में अचरज बन फिर ताज खड़ा है आज।

बाल वृद्ध न देखे तूने, ना भगिनी, ना माता,
क्या पल भर की खातिर भी सोचा होगा ये नाता,
सभी चिरैया जैसे दुबके और तुम जैसे बाज।
दुनिया भर में अचरज बन फिर ताज खड़ा है आज।


शस्त्र चलाएं शस्त्रों पर, वो वीर कहे जाते हैं,
डटें रहें जो सीमा पर रणधीर कहे जाते हैं,
जयद्रथ सा जो वार करे वो कौन कहावे आज,
दुनिया भर में अचरज बन फिर ताज खड़ा है आज।

कौन जन्म देने वाला था, जिसकी कोख लजाई,
छुप छुप कर रोती तो होगी आज तेरी भी माई,
किसको अश्रु दिखाए, किस से कहे कहानी आज
दुनिया भर में अचरज बन फिर ताज खड़ा है आज।

Friday, November 28, 2008

हर तरफ ज़ुल्म है, बेबसी है, सहमा सहमा सा हर आदमी है





शोक नही आक्रोश सही...कुछ है जो मन में दो दिन से उथल पुथल मचाये है...आक्रोश भी कह सकते हैं, लेकिन जब आक्रोश कहीं निकलेगा नही तो शोक तो जन्म लेगा ही। और आक्रोश निकालें कहाँ..इस ब्लॉग पर ....! क्या फर्क पड़ता है ...???? हम नेताओं को गालियाँ दे लें..आतंकवाद को कोस लें... किसी धर्म को कोस लें या धर्मनिरपेक्षता की बात कर लें। क्या फर्क़ पड़ता है...?? कौन हमारा ब्लॉग पढ़ेगा..?? कौन बदल जायेगा..??? हम कर भी क्या सकते है..??? शिवाय घरों में बोलने के और ब्लॉग में भड़ास निकालने के...!!!! लेकिन करें भी तो क्या...अपनी डायरी से भी ना कहें तो किस से कहें..???

सच बहुत दुःख होता है, ऐसा जीवन पा के जिसमें आप अंदर ही अंदर कुढ़ सकते हैं बस...!

शोक नही मनाएं तो करें क्या...??? वो शख्स जिसने हमारे सामने शपथ ली कि एक एक को जिंदा या मुर्दा खतम कर के आयेंगे... वो कुछ क्षणों बाद हमारे सामने ही खतम दिखाई देता है...! वो पत्नी, वो बच्चे.. जो ये सब देख रहे थे टी०वी० पर उन्होने कैसे झेला होगा...!!!! श्रद्धांजली... अश्रुपूर्ण श्रद्धाजली..!!!!








बस कुछ कहने को असमर्थ....! मन में यही गीत आ रहा है...!!!! ये गीत जो जब जब मैं बहुत निराश होती हूँ तो मन को सांत्वना से भरता है..! जब कुछ नही रह जाता हाथ में, तब ये प्रार्थना ही तो आती है मन में...!

नेट आज बहुत स्लो होने के कारण गीत अटैच्ड नही हो पा रहा....! शब्दो में मेरी प्रार्थना..!



इतनी शक्ति हमें देना दाता.,
मन का विश्वास कमजोर ना।
हम चलें नेक रस्ते पे हम से
भूल कर भी कोई भूल हो ना।

हर तरफ ज़ुल्म है, बेबसी है,
सहमा सहमा सा हर आदमी है
पाप का बोझ बढ़ता ही जाये,
जाने कैसे ये धरती थमी है,
बोझ ममता से तू ये उठा ले,
तेरी रचना का ही अंत हो ना।

हम अंधेरे में हैं रोशनी में दे,
खो न दें खुद को ही दुश्मनी से,
हम सज़ा पायें अपने किये की,
मौत भी हो तो सह लें खुशी से,
कल जो गुज़रा है, फिर से न गुज़रे
आने वाला वो कल ऐसा हो ना।

Tuesday, November 25, 2008

धरती, अम्बर और सीपियां


कल दिन पूर्वाह्न १० बजे के लगभग अमृता प्रीतम की ये उपन्यास मुझे प्राप्त हुई। जहाँ तक याद है शायद रसीदी टिकट में ही इस उपन्यास का ज़िक्र पढ़ा था और साथ ये भी पढ़ा था कि १९७५ में इस उपन्यास पर शबाना आज़मी अभिनीत एक फिल्म कादम्बरी भी बनी थी...! (इण्टरनेट पर प्रदर्शन वर्ष १९७६ पता चला है और यूनुस जी के चिट्ठे पर १९७४ )।

अमृता प्रीतम जी की जिंदगी हो या उनकी किताबें उनका जो खास अंदाज़ है वो ये है कि उनके क़ुफ्र बड़े पाकीज़ा होते है। इसी पाक़ीज़ा क़ुफ्र की एक बानगी मैने और मेरी सखी शिवानी सक्सेना ने पढ़ी थी, जब इस पूरी पुस्तक को पढ़ने की उत्सुकता जाग उठी थी हमारे मन में। और जैसे ही उन्हे अमीरुद्दौला पुस्तकालय में ये किताब मिली वे तुरंत ले आईं हम दोनो के पढ़ने के लिये।

खैर मध्यम आकार के अक्षरो में छपी १८९ पन्नो की यह पुस्तक मेरे द्वारा रात भर में समाप्त कर दी गई। परंतु उपन्यास का जादू जिस दृश्य में समाहित था शायद उसको कई बार पहले ही पढ़ लेने के कारण जो सहज जिग्यासा उपन्यास को पढ़ने के बीच एक अनोखा भाव बनाये रखती है, उसकी कुछ कमी हो गई और एक अच्छी पुस्तक पढ़ने के बाद कुछ दिनो तक जो मीठा स्वाद मन को खुश किए रहता है उससे मैं वंचित रह गई।

उपन्यास तीन महिला किरदारों की प्रणय कथा पर आधारित है, जिनमें मुख्य किरदार चेतना है, जिसका नायक ईक़बाल अपनी माँ की नाजायज़ औलाद है और शादी न करने हेतु कृतसंकल्प है, इस असामान्य परिस्थिति मे पनपे प्रेम की एक असामान्य कथा है ये। अन्य दो पात्र है मिन्नी जो कि नरेश के प्रति अपने बचपन के प्रेम को कभी नही व्यक्त करती और परिस्थिति वश जग्गू के साथ जा मिलती है और होनी उसे खुद को खत्म करने पर मजबूर कर देती है। दूसरी है चम्पा जिसे चेतना का भाई जी जान से चाहता है, लेकिन होनी उसे सामर्थ्य पर गुरूर आजमाने के मनोरोग से भर देती है और जब तक वो पश्चाताप करे तब तक उसका प्रिय कहीं और रम चुका होता है

लेखिका पता नही क्या कहना चाह रही है इस उपन्यास में मगर मुझे जो लगा वो ये कि अन्य दोनो पात्र मिन्नी और चम्पा ये दोनो ही चेतना की सखी हैं, इनके प्रेम में सहजता होने के बावज़ूद ये दोनो पात्र अपने प्रणयी को स्वीकार नही कर पाते और दुखान्त को प्राप्त होते हैं, वहीं चेतना सब कुछ विपरीत होने के बावज़ूद अपने स्नेह को अपने जीवन में लाने की जुर्रत करती है और जिंदगी से बिना कुछ माँगे भी सब कुछ पा जाती है और सुखांत का हिस्सा बनती है।

इस उपन्यास के प्रति आकर्षण का एक मुख्य कारण इस पर बनी फिल्म का गीत बात क़ूफ्र की की है हमने भी है... जो कि अमृता जी की निजी जिंदगी से संबंध रखता है। इमरोज़ के साथ रहने का पक्का इरादा करने पर उन्हे जो कुछ सुनने को मिला उसके बाद उन्होने अपने पाक़ कुफ्र को जो शब्द दिये .....वो जि शब्दो में गाया वो यही गीत था। अमृता जी के उपन्यास का जो खास अंदाज़ होता है वो उनके नैरेशन में ही होता है और उस नैरेशन को कैसे पिक्चराईज़ किया गया होगा ये जानना अद्भूत होगा मेरे लिये लेकिन अभी तो फिलहाल इससे वंचित ही हूँ...!

जो भी हो आप सुनिये कादम्बरी फिल्म का आशा भोसले द्वारा गाया, उस्ताद विलायत खाँ द्वारा निदेशित ये गीत...!


Get this widget | Track details | eSnips Social DNA


अंबर की एक पाक सुराही,
बादल का एक जाम उठाकर ,
घूंट चांदनी पी है हमने,

बात कुफ्र की..की है हमने ।

कैसे इसका क़र्ज़ चुकाएं,
मांग के अपनी मौत के हाथों
उम्र की सूली सी है हमने,
बात कुफ्र की..की है हमने ।

अंबर की एक पाक सुराही ।।
अपना इसमें कुछ भी नहीं है,
रोज़े-अज़ल से उसकी अमानत
उसको वही तो दी है हमने,
बात कुफ्र की.. की है हमने ।

लिरिक्स साभार यूनुस जी की ये पोस्ट