Wednesday, March 11, 2015

नारी पीड़ा लेखन के पीछे -शिवमूर्ति जी के जन्मदिन पर परिवार का साक्षात्कार भाग-1

      

शिवमूर्ति जी का पूरा परिवार ही बहुत मिलनसार है। सरिता जी से ले कर उनकी बेटियाँ और नाती, नातिने भी। शिवमूर्ति जी जैसे व्यक्ति की वंशावली में शामिल होने का प्यारा सा भान सबको है, मगर अभिमान किसी को भी नही। सरिता जी से एक बार उनके घर पर मिलने के पश्चात् जब दूसरी मुलाकात लमही समारोह में होती है, तो शिवमूर्ति जी को ढेर सारे लोगो में घिरा देख मैं अपने कदम पीछे कर लेती हूँ और सरिता जी को प्रणाम करके ही आगे बढ़ने को होती हूँ, तभी उनका प्रश्न होता है "मिलोगी नही क्या ?” मेरे ये कहने पर कि अभी तो काफी भीड़ में हैं, मै फोन पर बात कर लूँगी। वो "कभी खुशी कभी ग़म" फिल्म की जया बच्चन स्टाइल में शिवमूर्ति जी को धीमे से खटखटाती हैं जिसे साहित्यिक भाषा में हाथ पर दस्तक देना और ठेठ भाषा में खोदना कह सकते हैं, मगर शिवमूर्ति जी तो अपने प्रशंसकों से घिरे हुए हैं। आज उन्हे ये खटखटाहट जानी पहचानी भी नही लगी। वो उसी तरह बधाईयाँ बटोरते रहे। आखिर सरिता जी ने अपने विशेष अधिकारों का प्रयोग करते हुए, उनका हाथ पकड़ा और थोड़ा सा खींच कर उन्हे मेरे सम्मुख ला कर खड़ा कर दिया " कितनी देर से लड़की मिलना चाह रही है" कह कर। मुझे ये अपनापन सम्मानित सा कर गया।





व्यक्ति समाज में जैसा होता है ज़रूरी तो नही कि घर में भी वैसा ही हो घर में तो अपने सारे आवरण उतारकर प्रवेश करता है, तो क्यों ना ये जानने की कोशिश करूँ कि ये नारी पीड़ा समझने वाला व्यक्ति असल जिंदगी में कैसा है ? छः बेटियाँ है, स्त्री विमर्श की सारी कलई तो यहीं से खुल जायेगी। देखूँ तो विमली और केशर के दुख से लोगो को रुला देने वाल रचयिता स्वयं अपनी पुत्रियों के साथ सनातनी पुरुष सा ही व्यवहार तो नही रखता... और इसी बात की टोह ने मन में इच्छा जगाई उनकी संतानों से मिलने की। संतान जिनमें छः बेटियाँ है।

और फिर मैने एक एक कर सबके विचार लिये।

सभी बहनों मे अद्भुत बॉंडिंग। ऐसी कि कभी बाहर कोई मित्र बनाने की ज़रूरत ही नही पड़ी़ और फिर उमा और कला उनकी बुआ की लड़कियाँ दो बोनस आफर भी तो थे उनके पास। मोहल्ले में अगर किसी से खुट्टी हो जाये तो पलट के इनमें से किसी को भी मनाने जाने की ज़रूरत नही है। क्योंकि यहाँ तो कोई स्पेस बनता नही था, इतने बड़े ग्रुप से छूटने के कारण कमी तो उनकी जिंदगी में आई थी। तो वो ही पलट के आते मिट्ठी करने।

वो जमाना जो लैण्डलाइन का जमाना था, जो ढेर सारी मिस कॉल और ब्लैंक कॉल्स का जमाना था, तब एक के बाद दूसरी लड़कियों के हेलो सुन कर खीझा व्यक्ति पूछ ही बैठता "पहले बताओ कौन सा गर्लस् हॉस्टल है ये" और ठहाका मार के हँसती सब बहने।

बड़े छोटे का कम्युनिकेशन के लेवल पर कोई भेद नही, मगर फिर भी एक अनकहा अनुशासन भी। जो हँसते खिलखिलाते, बिना एक दूसरे पर थोपे ही सहजता सुगमता से अपनी तरह से चीजों को सिस्टम में लाये हुए है।
 बेटियाँ जो कहती हैं कि पापा उन्हे हर साल 15-20 दिन का टूर बना कर घुमाने ले जाते थे। हम सब छोटे छोटे थे और हमें बटोर कर ले जाना.... बेटियाँ अब जब खुद बेटियों को जन्म दे चुकी हैं, तो उन्हे लगता है कि ये कठिन काम था, इतने सारे छोटे छोटे बच्चों को ले कर घुमाने ले जाना और परेशान भी ना होना और फिर अगली साल दोबारा उसी उत्साह से तैयारी कर लेना। उन्हे लगता है कि सब यही सोचते रह जाते हैं कि सब बच्चों को सेटल कर के सारी जिम्मेदारियों से मुक्त होने के बाद फिर घूमेंगे। लेकिन शायद ही किसी का ये स्वप्न पूरा हो पाता हो। ये पहले पापा ही हैं जिन्होने सारी जिम्मेदारियों के साथ ये भी जिम्मेदारी निभायी। मम्मी को भी साउथ अफ्रीका, अमेरिका, यूरोप, केन्या, कनाडा हर जगह ले गये।

बेटियाँ जिनकी शादी ढूँढ़ने के पहले शिवमूर्ति प्यार से अकेले में पूछ लेते "भईया, कोई लड़का पसंद हो तो बता दो। हम उसी से शादी करा देंगे। बेटियों का कहना था कि हम शॉपिंग करने जाते हैं, इतनी पसंद से ड्रेस खरीदते हैं और घर आने के बाद वो ड्रेस हमें खराब लगने लगती है। जीवनसाथी में तो ये हो नही पायेगा कि अब नही पसंद आ रहा, छोड़ो, तो ये डिसीज़न पापा ही लें तो अच्छा है। क्योंकि भरोसा था बेटियों को कि पापा ठोंक बजा कर लेंगे निर्णय।

बेटियाँ जिनकी शादी ढूँढ़ते समय शिवमूर्ति जी हँस कर कहते "भला क्या नेल्सन मंडेला लड़े होंगे रंगभेद के लिये जितना मैं लड़ रहा हूँ।"

बेटियाँ जिन्हे पापा कहते हैं "ये हमारे मित्र इनेस फॉरनेल, जर्मन की बनी वाइन भेंट में दे गये हैं। आओ ज़रा ज़रा सा चख के तो देखो तुम लोग कि आखिर स्वाद कैसा होता है वाइन का।" और बेटियाँ झिझकतीं। मगर सब को बैठा कर ग्लास में थोड़ी थोड़ी कर के वाइन दी जाती "चख के देखो, पता होना चाहिये ना।"

शिवमूर्ति जी की सबसे बड़ी बेटी रेखा का जन्म उनकी बेरोजगारी के उस कालचक्र में हुआ था, जब वे शायद भरतनाट्यम के नायक को बहुत कुछ जी रहे थे। एक पेड़ में पुरानी साड़ी या चादर का झूला बना कर सरिता जी उन्हे लिटा देती और वो नवजाता उस पेड़ पर बैठे कौवे को ताकती रहती है। उसके बोलने से चुप होती है और उड़ जाने पर उस साथी को खोजने के लिये उड़ ना पाने की असमर्थता में रोने लगती है। शिवमू्र्ति जी को ये चिंता नही है कि वो बेटी है या बेटा, उन्हे चिंता इस बात की है कि एक संतान भी आ गई और मैं अभी स्वयं की, पत्नी की, माँ की और पिता की ही जिम्मेदारियाँ उठाने में स्वयं को असमर्थ पा रहा था, तो अब एक और संतान की जिम्मेदारी, पढ़ाई, लिखाई एक अच्छी जिंदगी कैसे दे पाऊँगा आखिर और वे घर वापस आ कर पूछते " ये जिंदा है अभी तक ?" माँ सरिता को बात चुभ जाती " क्यो नही जिंदा रहेगी।" और वो अपनी बेटी को उस इंस्टैंट या एड्जस्टेबिल झूले से उठा कर अपने सीने में दुबका लेतीं।


वो रेखा आज डेंटल सर्जन हैं और साथ ही साथ एक बहुत अच्छी माँ की भी भूमिका बड़ी तत्परता से निभा रही हैं, अपनी बहुत प्यारी सी बेटी स्निग्धा के साथ जब वो खड़ी होती हैं, तो माँ कम, बड़ी बहन अधिक लगती हैं। स्निग्धा और सिद्धार्थ के प्रति जागरुक माँ कभी आपको स्निग्धा को कोचिंग छोड़ कर किसी पेड़ के नीचे कोई पत्रिका पढ़ती उसका क्लास छूटने का इंतज़ार करती मिल जायेगी और कभी सिद्धार्थ की पैरेंट टीचर मीटिंग अटेंड करते। ये शायद पिता की तरफ से मिली सादगी और सहजता है, और उनका हँसमुख स्वभाव जो उनके चेहरे पर लावण्य के रूप में दिखता है।

रेखा स्नातक के बाद गयी बीडीएस करने। उनके हॉस्पिटल में अभी भी लोग उन्हे इन्टर्न समझते हैं। अगर अपना बैच और बिल्ला ना लगायें, तो लोग उन्हे इंटर्न समझ किसी वरिष्ठ डॉक्टर की तलाश करने लगते हैं, अपने इलाज के लिये। ये अलग बात है कि इलाज कराने के बाद वे ज्यादा संतुष्ट रहते हैं रेखा जी के इलाज से बनिस्पत और डॉक्टरों के इलाज के।

रेखा जी से जब मैं पूछती हूँ कि "कैसा लगता है खुद को शिवमूर्ति जी की बेटी के रूप में पा कर ?" तो जवाब
मिलता है, " बहुत ही अच्छा लगता है, प्राउड फीलिंग आती है असल में। कभी लगता है काश हम भी कुछ लिख पाते, लेकिन कभी कोशिश नही की और फिर कुछ बना भी नही।" मेरे प्रश्न पर कि "कभी कुछ लिखने का मन नही हुआ" के जवाब में वे कहती हैं कि " मन तो हुआ ही। बल्कि मेरे बचपन में एक मैगेज़ीन आती थी "मेला"। तो उसमें अधूरी कहानी निकलती थी, उसे मैने पूरा किया था। पापा ने उसमें कुछ सुधार भी किये थे, यहाँ ऐसे कर लो यहाँ ऐसे कर लो। उसमें मुझे फर्स्ट प्राइज़ भी मिला ५० रुपये।" मैं मुस्कुरा देती हूँ। शिवमूर्ति जी की अंशिका लिखे, शिवमूर्ति जी सुधार करें तो वो अव्वल क्यो ना होगी भला ?

  मै पूछती हूँ "कभी कम्यूनिकेशन में समस्या तो नही आई ?" " नही नही। कोई समस्या नही।
कम्यूनिकेशन बहुत अच्छा रहा हम सब भाई बहनो का। कोई हेसिटेशन नही रही कभी। किसी भी टॉपिक पर हम लोग बात कर लेते हैं, कोई भी बात शेयर कर लेते थे या कोई भी समस्या हो तो कह लेते थे। ऐसा नही था कि वो पापा हैं, इसलिये ये बात नही कही जा सकती

मैने पूछा कि एक पिता के रूप में पिता क्या हैं आपके लिये ? तो उन्होने सीधा सा जवाब दिया कि
पिता के रूप में एक पिता ही हैं। वो सारी चीजें जो एक पिता को पिता बनाती है, वो सब पाती हूँ उनमें। ऐसी कोई चीज़ नही है, जो उनकी जानकारी में ना हो, मतलब मुझे क्या चाहिये, क्या ज़रूरत है ? या कहीं आना जाना है या और कुछ भी और.. सब उनको टाइम टु टाइम याद रहता है। घर में रहें या बाहर, हॉस्टल में भी जब रही, कब क्या होने वाला है उन्हे पता होता। कोई महत्वपूर्ण अवसर है, तो उन्हे पता होता कि ऐसा ऐसा होने वाला है और वो याद दिला देते कि ये कर लेना, ऐसा कर लेना।

   उनके व्यक्तित्व के विषय में रेखा जी का कहना है कि बहुत ही सरल, साधारण, सीधा,सादा, कहीं भी बनावटीपन नही, जिससे भी मिलना बड़ी सरलता से, बिलकुल आत्मीयता से। उनका सबसे बड़ा गुण सबका ध्यान रखना है।

रेखा कहती हैं कि असल में पापा हमें किसी भी चीज़ के लिये सीधे मना नही करना चाहते थे। वो चीजें हम पर थोपना नही चाहते थे। उसे अलग अलग तर्कों से या अलग तरह से कह कर मनवाना चहाते थे। मूवी देखने के हमारे क्रेज़ को कम करने के लिये वो कहते " ये क्या कि किसी के लिये इतने दीवाने रहो, अरे खुद को इस क़ाबिल बनाओ। मेरे सामने तो अमिताभ बच्चन भी आ जायें तो मैं भी फरक ना पड़े।"

बच्चे आखिर शिवमूर्ति के बच्चे थे, वे भी तपाक से जवाब देते " हमे भी यही लगता है, इसीलिये तो हमारे सामने अगर फणीश्वर नाथ रेणु भी आ जायें तो हमें फर्क ना पड़े।"

हाल ठहाकों से गूँज जाता है, इस हाज़िरजवाबी पर।

सबसे बड़े अवगुण के बारे में पूछने पर वो असमंजस में पड़ जाती है और दिमाग पर जोर डलाती हुई
कहती हैं "अवगुण तो ???" अवगुण तो नही नज़र आता कुछ।" मैं बात खोद कर निकालना चाहती हूँ। "शिवमूर्ति जी की बेटी बन कर मत बोलिये"
वो हँस कर जवाब देती हैं " नही नही, उनकी बेटी बन कर नही बोल रही, मुझे उनमें सच में कोई अवगुण नही नज़र आता।"
मैं फिर से उकसाती हूँ " ऐसे कैसे ? हर आदमी में कोई ना कोई अवगुण तो होता ही है। ऐसे कैसे?"
हाँ ये तो आप सच कह रही हैं लेकिन पापा में कोई अवगुण दिखा नही मुझे। या फिर कभी सोचा ही नही, लगा कि बिलकुल परफेक्ट पापा हैं।"
मैने सहमति दर्शाने की गरज़ से अंत मे कहा " हाँ यही हो सकता है कि आप ने कभी सोचा ही न हो इस दृष्टि से क्यों कि हम लोग अपने परिवार के अनुसार इतना अधिक ढले होते हैं कि हमें लगता है कि जो है वही परफेक्ट है, यानी पापा जैसे है, वैसे ही परफेक्ट हैं।"
कोशिश तो मैने अच्छी की थी उन्हे बातों में फँसाने की, लेकिन वो फँसी नहीं, उन्होने झट कहा "नही, नही, जब दूसरों से तुलना करती हूँ, तो भी अपने पिता ही अधिक अच्छे लगे। कभी कड़ाई के साथ कुछ नही कहा, कभी गुस्सा नही हुए, कभी डाँट खाई हो ऐसा भी याद नही। सब कुछ मेरी मर्जी पर, यानी बच्चो की मर्जी पर ही छोड़ा हुआ है उन्होने। हमेशा कहा कि ठीक है, तुमको ये ठीक लग रहा है तो कर लो ऐसा नही कि 'नही ये नही करना है या ऐसा होना चाहिये।‘ कभी थोपा नही खुद को हाँ ये ज़रूर हो सकता है कि मोटिवेट कर के वो वही कराते, जो वो चाहते, लेकिन वो कहलाते हमारे ही मुँह से हैं हमीं कहेंगे "नही पापा ऐसा होना चाहिये" वो समझा देंगे " देखो ये है, ये है, ये है। अब तुम खुद समझ लो।" तो हमें खुद ही लगेगा कि हाँ पापा जो कहना चाह रहे हैं वही सही है और हम कहेंगे कि ये ना कीजिये पापा ये कर लीजिये। कहीं आने जाने पर कोई मनाही नही। हम लोग खेलते भी बहुत थे। हॉकी, बैडमिंटन उसके लिये आना जाना होता था, पढ़ाई लिखाई के लिये. हमें कभी किसी भी चीज़ के लिये मना नही किया। बल्कि मैं सोचती हूँ कि मैं खुद वैसी नही हूँ। मैं खुद सोचती हूँ कि हम अपने बच्चो को कितना मना करते हैं, मेरे पिता जी ने तो कभी मना नही किया, कहीं आने जाने के लिये, कभी नही। दोस्तों के घर जाने के लिये भी कभी पूछना नही पड़ता था कि "जाऊँ या ना जाऊँ" ये शब्द तो कभी प्रयोग ही नही हुआ मेरे घर में। "बस जा रही हूँ" मुझे लगा कि शिवमूर्ति जी की प्रथम संतान जिस समय में हुई होगी, उस समय में बेटी नामक चीज को इतनी स्वतंत्रता देना वाक़ई दुस्साहस ही कहा जायेगा उस समय के अनुसार और लगा कि वाक़ई शिवमूर्ति जी को पिता के रूप में पाना इनका वास्तविक अर्थों में भाग्यशाली होना ही है, अन्यथा, जाने माने लेखक की बेटी होना कितने दिन आनंदित करता, यदि वो सच्चे मायने में पिता ना हों तो।

मैने पूछा कि कभी कोई ऐसा समय आया जब पिता सबसे बड़ा सहारा बने। तो रेखा जी ने कहा कि
यूँ तो जिंदगी सहज ही चली, ऐसा कोई बहुत बुरा समय आया नही, जब लगा हो कि अब कोई नही है। हाँ कोई छोटी मोटी समस्या जब भी रही तो कभी ये सोचने की ज़रूरत नही पड़ी कि पापा होते ? या पापा नही हैं। हमेशा ये रहा कि पापा तो हैं ही। मतलब पापा तो हमेशा रहते ही थे। पापा की तरफ से हमारी जो फीडिंग हुई वो इस तरह से थी कि तुम्हे जब भी कोई फैसला लेना हो, छोटा बड़ा, परिवार से संबंधित या खुद से संबंधित, तुम ले सकती हो, सिर्फ अपने दम पर और मैं हमेशा तुम्हारे साथ हूँ। हमारे मन में ये बात हमेशा बनी रही कि वो हमेशा हमारे साथ हैं, किसी भी परिस्थिति में।

इसके विपरीत जब मैने पूछा कि ऐसा कोई समय जब आपको बहुत ज़रूरत रही हो पिता की और
वो उपलब्ध नही हुए हों। तो उन्होने बिना सोचे ही जवाब दिया कि नही ऐसा तो कभी नही हुआ। हालाँकि उन्होने हमें इतना निर्भर बनने को कहा हमेशा कि हमें कभी किसी की ज़रूरत ही ना पड़े। हाँ ये ज़रूर है कि वो छोड़ देते थे कि आत्म निर्भर बनो। जैसे कि जब उनकी पोस्टिंग बलिया में थी, तो मैं वहाँ गई। वहाँ मेरा छठी क्लास में एड्मीशन होना था, तो वो मेरे साथ नही गये। उन्होने कहा कि "खुद जाओ फॉर्म ले आओ, फॉर्म फिल करो, रिज़ल्ट देखो, एड्मीशन लो सब कुछ खुद करो। इतना तो आजकल लोग अपने बड़े बच्चों को नही छोड़ते हैं। लेकिन मैं छठी कक्षा तक बिलकुल आत्मनिर्भर थी। जब मैं पाँचवीं में थी, तभी, जो मेरी सबसे छोटी बहन थी़ उसे ले कर चार किमी दूर उसकी फोटो खिंचाने ले कर चली गई। मतलब उस उम्र तक दो चार किमी आना जाना तो कुछ भी नही था मेरे लिये, वो भी बलिया जैसी जगह में। कुछ सोचना ही नही था कि माँ, पिता जी में कोई मेरे साथ आये। इतना आत्मनिर्भर बना दिया था, मुझे मेरे पिता ने।

Saturday, March 7, 2015

मेरी पसंद डिफरेंट नहीं है

मेरी पसंद डिफरेंट नहीं.

मुझे पसंद हैं रंग, राग, ताल, शब्द.
मुझे पसंद हैं गीत, बोल, लय, छंद.
मुझे पसंद हैं गुनगुनाना, खिलखिलाना,
सावन की झमाझम बारिश में पोर पोर भीग जाना,

मगर यह सब तो सबको पसंद है,
मेरी पसंद डिफरेंट नहीं

मुझे पसंद हैं हरियाली, फूल, पहाड़, समन्दर,
मुझे पसंद हैं धूप, ओस, हवा, चिकने गोल पत्थर,
मुझे पसंद है अपनी कविताओं में बहकना,
और जिंदगी में सम्भलना.
मुझे पसंद है अपनी हदों तक उछाल मार मार कर जाना,
और फिर भी हदों के भीतर रह जाना.
मुझे पसंद है समन्दर भर रोना,
और हवा भर खुश होना.
मुझे पसंद है खुद का औरत होना,

मगर यह तो शायद सबको पसंद है,
मेरी पसंद डिफरेंट नहीं है.

मुझे पसंद है ईश्वर,
मुझे पसंद है प्रेम,
मुझे पसंद है समझना ईश्वर और प्रेम की गूढ़ता,
इन दोनों के अस्तित्वहीन होने के तथ्य,
और इन दोनों से ही हर चीज़ के अस्तित्व में होने का सत्य.
मुझे पसंद है सुबह की आरती,
शाम की अगरबत्ती,
कृष्ण का रास,
शिव का लास,
मुझे पसंद है बाज़ार का चाकचिक्य,
होली का हुडदंग,
दीपावली की जगमग,
एक सामान्य से उथले व्यक्ति की सारी पसंद मुझे पसंद है,
मेरी पसंद डिफरेंट नहीं,

मुझे पसंद हो तुम....
तुम तो सबको पसंद हो.

मेरी पसंद डिफरेंट नहीं...!

Wednesday, January 21, 2015

आज तुम्हारे ना आने से...

45 दिन का प्लास्टर चढ़ाया था डॉ ने. मैंने 45x60x60 कर के सारे दिनों को सेकंडों में बदल दिया था. थोड़ी थोड़ी देर में उन ढेर सारे सेकंड्स में कुछ सेकंड्स कम कर के सोचती, बस अब इतने ही बचे. प्लास्टर कटा, और जब कैलीपर्स लगने के बाद चलना हुआ तो जब तक दीदी रहती, मैं चलती जैसे ही दीदी छोडती, मुझे लगता मैं गिर जाऊँगी और मैं रुक जाती. दीदी फिर चलातीं और हिम्मत देतीं, “नहीं गिरोगी”. मैं फिर चलती और फिर जब दीदी छोड़ देतीं तब फिर रुक जाती. दीदी मुझे छोड़ कर थोड़ी से दूरी बना कर खड़ी हो गयीं, “अच्छा तुम खुद से चलो, अगर गिरोगी भी, तो हम हैं.” मैंने बहुत कोशिश की लेकिन मेरे कदम उठे ही नहीं.

13-14 साल पहले कब चली थी, यह तो वही लोग जानते थे, जिन्होंने देखा था. मुझे तो नहीं याद था ना कि कैसे चला जाता है ? मैं तो लड़खड़ाते बच्चे की तरह पहली बात चल रही थी. दीदी घंटों कोशिश करती रही,लेकिन जैसे हो वह मुझे छोड़ती, मैं हिम्मत छोड़ देती.आख़िर दीदी की ही हिम्मत जवाब दे गयी. उन्होंने बस इतना कहा “ तुम मेरी सारी मेहनत बेकार कर दोगी लगता है” कहते हुए उनकी आँख गीलीं हो गयी और खुद को सँभालते हुए वह मुझे छोड़ कर किचेन में चली गयी. हारी हुई सी बरतन माँजने लगी.

दीदी का डाँटना उतना नहीं डराता था, जितना उनका चुप होना. मैं क्या करती ? चलना तो मैं भी चाहती थी न ! लेकिन दीदी समझती नहीं, एक कदम आगे बढाया नहीं कि मुँह के बल गिर जाऊँगी. मैं वहीँ खड़ी रही. दीदी नहीं लौटी. मैंने धीरे से स्टिक पर जोर दिया और एक कदम उठाया, मैं नहीं गिरी, फिर दूसरी स्टिक पर ज़ोर डाला और दूसरा कदम उठाया. मैं अपनी जगह  एक कदम आगे आ चुकी थी... ओह्ह मैंने फिर ज़ोर डाला, मैं थोडा और आगे आ गयी... मैं चीख पड़ी “दीदी ! जल्दी आओ, देखो हम चलने लगे.” दीदी दौड़ कर आ गयी. “ये देखो, चलने लगे हम” दीदी कमरे के दरवाजे पर खड़ी होंठ से मुस्कुरा रही थी और आँख से रो रही थी. मैं चलती जा रही थी, पूरे कमरे का एक चक्कर, दो चक्कर.

फिर जब स्कूटी चलाने की प्रैक्टिस करनी हुई तब लड़ती भिड़ती स्कूटी के पीछे बैठी रहती. मान लो कहीं गिर जाओ तो उठायेगा कौन ?

और फिर एक दिन कहा, “ तुम बिलकुल परेशान न होना. तुमको जितना साथ चाहिए था मिल गया. अब तुम खुद कर सकती हो सब. तुम बहुत ऊंचाइयों पर जाना. तुम्हे बहुत आगे जाना है.”
मैंने कहा,”हम तुम्हारे बिना नहीं चल पाएंगे दीदी. तुम मेरी बैसाखी हो.”
उन्होंने कहा, “नहीं तुम सब कर लोगी. तुम बिलकुल उदास मत होना, ऐसे तो तुम मेरी सारी मेहनत बेकार कर दोगी.”


फिर एक हफ्ते या दस दी बाद वो चली गयी, मैं बहुत देर तक रुकी रही. दीदी नहीं लौटी. मैंने कहा न दीदी का डांटना उतना नहीं अखरता जितना उसका चुप होना. मैंने हिम्मत कर के एक कदम उठाया, फिर दूसरा... मैं कहती हूँ कि तुम्हारी मेहनत बर्बाद नहीं कर रही, देखो मैं चलने लगी हूँ. मैं चलती जा रही हूँ. एक चक्कर.. दो चक्कर... ! कोई तो दौड़ कर आये और होंठों से मुस्कुरा कर आँख से रोने लेगे....!!

Tuesday, June 10, 2014

और चपरासी के घर बिजली नहीं इतवार से।

उफ्फ्, यहाँ भी लाइट की कटौती शुरू हो गयी। आदमी इतना रेंट दे कर इस इलाके में रहता है कि कम से कम बेसिक नीड्स तो पूरी हों। सुबह के सवा पाँच बजे हैं। लाइट जाते ही हर करवट के साथ बड़बड़ाहट। हार कर आँगन की तरफ का दरवाज़ा खोलती हूँ तो एक भभक सी कमरे में आ जाती है। घड़ी पर निगाह डाली तो पाया सुबह के छः बजे है। " ओह्हो ! सुबह सुबह इतनी गर्म हवा ?" बुदबुदाते हुए दरवाज़ा फिर बंद कर देती हूँ। ठिक क्लिक घुर्र  "आ गई लाइट, थैंक गॉड" एक और बुदबुदाहट के साथ झट से बिस्तर पर पहुँच चादर आँख के इर्द गिर्द लपेटती हूँ जिससे खिड़की से आने वाली रोशनी आँख पर ना आ जाये।

"एसी बंद कर देते हैं, बहुत देर से चल रहा है। हर घर में ऐसे ही चल रहा होगा इसीलिये लोड पड़ रहा है।" की ज्ञान भरी आवाज़ नींद भरे कानों में पड़ते ही खीझ चढ़ती है। " हद है, खुद एसी बंद करने से सभी बंद कर देंगे क्या ?"
"अरे सभी तो ऐसा ही सोच रहे होंगे।"
"बिना मतलब की गाँधीगरी ना समझाओ" कहते हुए एसी का रिमोट तकिया के पास रख आँख फिर लपेट ली जाती है।
"वीकएण्ड का सत्यानाश" बिना किसी से कहे ही कहती हूँ।
"अरे यार एलेक्ट्रिसिटी बिल की भी तो सोचो"
" उफ्फ..." चादर परे फेंक रिमोट झल्ला कर उठाती हुई ए०सी० आफ करती हूँ और उस तरफ से देख कहती हूँ "तसल्ली...? पता नहीं आदमी कमाता क्या करने को है। गर्मी से मर जाये लेकिन बिजली का बिल ना भरना पड़े।" घड़ी में समकोंड़ बना कर नौ बजे थे। गुस्से में शुरु हुई सुबह के साथ किचेन में जाती हूँ तो सिंक वरतन से भरा हुआ मिलता है।

"इन्हे भी नहीं आना था आज।" कह कर फ्राइपैन माँजने लगती हूँ। आधे से ज्यादा दिन तो ये निर्मला बीमार ही रहती। निर्मला, मतलब बरतन साफ करने वाली। पिछली बार बीमारी पता लगाते हुए घर पहुँच गयी थी इसके। पालीथिन डाल कर बनायी गयी झोपड़ी, जिसका ढाई हज़ार किराया देती है वह। पंखा कौन कहे, बिजली के लिये भी कटिया डाली हुई है, जिसके लिये मकान मालिक आ कर धमकी दे जाता है। "ठीक से जलाओ, वरना मुझे ही पकड़ेंगे सब।" थोड़ा सा नरम तो पड़ता है दिल, लेकिन बरतन के ढेर देख फिर से दिमाग भन्ना जाता है। " इतने इतने पैसे लेती है इधर उधर,एक पंखा नहीं ले सकती क्या ? अभी दीवाली पर एक हज़ार रुपये माँगे थे। महारानी बेटी के लिये पायल ले आईं।" मेरा मुँह बनता है।

पाँच दिन बाद दो दिन तो आराम के मिलते हैं, उसमें भी कोई ना कोई खोंच। आफिस का हाल वैसे ही बुरा हो रखा है। वाटरमैन छुट्टी पर। कूलर में पानी नहीं। वैसे भी कूलर से क्या फरक पड़ता है इस गर्मी में। झाँय झाँय आवाज़ और चिपचिपाहट। इससे तो अच्छा कि मंजू के कमरे में बैठो। एसी लगा है उधर। और  साहेब के कमरे में देखो तीन तीन एसी लगा रखे हैं। हद है हमें तो एक नहीं नसीब और उन्हे तीन तीन।

बाइक पार्क करने भर में माथा टनकने लगता है और उसी बीच उस गार्ड का रोना "मैडम छाता नहीं है। पिछली बार बत्रा साहब ने दे दिये थे ११०० रुपये तो आ गया था। लेकिन टूट गया।" नज़र उधर पड़ती है जहाँ ये गार्ड बैठा रहता है। "बेचारा !  इतनी धूप ! कुछ दे दिला देना चाहिये। गरीब का भला ही होगा।" सोचते हुए पर्स से १० रुपये निकाल कर दिये। "११०० रुपये का आयेगा ? " पूछते हुए मन में आया था इतना तो दान पुण्य करती रहती हूँ, फिर भी तो भगवान कुछ ना कुछ खराब ही करता रहता है जिंदगी में।

भगवान की बात पर ही याद आया इस मंगल भण्डारा है हनुमान जी का। गार्ड से बात कर के आगे बढ़ी तभी मिसरा आ गया था चंदा लेने हनुमान जी के भंडारे का। भगवान के नाम पर तो कुछ भी करा ले कोई। बस श्रद्धा से भर आया मेरा मन। दो सौ इक्यावन रुपये दिये थे। यूँ सुना है पहले के जमाने में गर्मी के दिनों में जेठ सारे मंगल ये काम गरीबों और राहगीरों के लिये किया जाता था। इतनी धूप में मीठा खिला कर पानी पिलाने के लिये भंडारा। लेकिन अब तो ये है कि कार से उतर उतर कर सारी लेडीजें इक्ट्ठा होती है। अब मंगल वार के लिये कोई पीली या लाल ड्रेस देख कर निकालनी होगी। मंजू तो अपने को बड़ा बनती है कि उसके पास ही सारी मँहगी और डिज़ायनर ड्रेसेज़ हैं। देखो उस दिन क्या पहन कर आती है। मैं तो वो कॉटन वाला पहनूँगी सिंपल, सोबर भी है और देखने से ही दाम पता चल जाता है, अगर पहचान रखने वाला हो तो। ये आराम रहता है कि खाना नहीं ले जाना पड़ता उस दिन। आराम से हाथ झुलाते चले जाओ और फिर शाम के .लिये भी थोड़ी पूड़ी सब्जी, कढ़ी वगैरह ले ही आते हैं बच्चों के लिये। तो आराम हो जाता है। वो मरा स्वीपर भी पिछली बार पहुँच गया था सब छूने छाने। अबकी तो पहले से ही अलग करवा दिया है। अब गरीब शरीब कहाँ मिलते हैं। और अपन सब कौन बहुत अमीर हैं। तो हम सब ही खा लेते हैं भण्डारे में।

लास्ट प्लेट बरतन स्टैंणड में लगाते हुए मैने हनुमान जी को याद किया। " अबकी तो शालू को अच्छे नंबर दिलवा ही देना भगवान जी। पूरे दो सौ इक्यावन रुपये इसी लिये दिये हैं भण्डारे में।"

एसी आन कर, कंप्यूटर आन किया और चाय की चुस्की लेते हुए फेसबुक स्टेटस अपडेट करने की सोची। गरमी पर स्टेटस सही रहेगा आज। हाँ दो तीन साल पहले एक ठीक ठाक शेर बन गया था ना

बॉस है नाराज़ एसी काम क्यों करता नहीं
और चपरासी के घर बिजली नहीं इतवार से।"

हाँ अच्छा है। अभी तुरंत लाइक्स आने लगेंगे। सोच कर मुस्कुराते हुए शेर टाइप किया और पोस्ट आप्शन क्लिक कर दिया। हाँ ! अब जा कर थोड़ी राहत मिली। कमरा भी ठंढा हो गया है।

Saturday, May 24, 2014

मैं और कुँदरू

कुछ चीजें पता नही क्यों बहत पसंद आने लगती हैं। इतनी कि आप उन चीजों के नाम से पहचाने जाने लगते हो। और फिर अचानक अंदर ही अंदर उससे ऊब होने लगती है, लेकिन, चूँकि आप उस चीज़ से पहचाने जाने लगे हो इस कारण आप किसी से कह भी नही पाते कि अब उस के साथ वो बात नहीं, बल्कि अजीब विरक्ति सी  हो जाती है।
 
कुँदरू... मेरे जीवन में वही चीज़ कुँदरू है। घर में एक उपेक्षित सब्जी के रूप में जाना जाने वाला कुँदरू, बाबूजी दवारा कभी कभी ही लाया जाता था। ऐसा कहा जाता था कि कुँदरू खाने से रतौंधी हो जाती है। इसलिये यूँ भी लगातार तो उसकी आमद हो ही नही सकती थी। बड़े भईया कहते थे "कुँदरू खाने से दिमाग कुंद हो जाता है।" ये एक अलग समस्या। मेरे पास जितना भी दिमाग था, उतने को ले कर मैं इतनी कांशस थी कि उससे कम नही करना चाहती थी।
 
मगर कुँदरू था कि पसंद ही आता था। पतला पतला कटा हुआ। मेथी मिर्चे से तड़का दे कर बनाया गया। भाभी उसे खूब सोंधा भूनती थीं। वैसे मैं सुबह की रोटी शाम को नही खाती, लेकिन कुँदरू की उस सब्जी के साथ रोटी और चाय खा ली जाती थी।
 
तब कुँदरू फ्रिक्वेंटली खाने पर डाँट भी पड़ती थी ना़ शायद इसलिये वो इतना प्यारा लगता था।
 
खैर ! नौकरी लगी और मैं पहुँची आंध्र प्रदेश। कुँदरू तो यहाँ भी था ही, मगर यहाँ कुँदरू काटने पर खीरे जैसी महक आती थी और कुँदरू का आकार परवल जैसा होता था। यहाँ का कुँदरू उतनी अच्छी तरह भूना नहीं जा सकता था, क्योंकि कुछ पनिहल होता था। फिर भी कुँदरू तो कुँदरू ही होता है ना। मैं बड़े चाव से बनाती थी। शांता अम्मा से मैने उसे दक्षिण भारतीय तरीके से बनाना भी सीख लिया था, जिसमें राई, करी पत्ता का तड़का दे कर, लहसुन कूट के डालते और ट्योमैटो भी (मैने बड़ा पता किया कि अंग्रेजों के आने के पहले टमाटर को तेलुगू में क्या कहते थे ? लेकिन सारी खोज ट्योमैटो पर आ कर खतम हो गई।)
 
आंध्रा मे कुँदरू के साथ का पहला संस्मरण उस समय का है जब मैं तेलुगू बोलना सीख रही थी। मैने सब्जियों के नाम सीखे और पता चला कि कुँदरू को 'गुंडकाय' कहते हैं। आफिस वाले जिन्हे ये बात पता थी छोटे छोटे वाक्य पूछ कर मेरी प्रैक्टिस करवाते रहते थे। उस दिन आफिस पहुँची तो गौड़ जी ने पूछा " एम मैडम ? एम चेस्नावो ?" (क्या मैडम ? क्या पकाया ?)
मैने आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया "गुंडकाय।"
 
वहाँ बैठे सभी लोग अचानक हँसने लगे। मैं समझ नहीं पाई। वैसे भी वहाँ मुझे अजायब घर के प्राणी की तरह ही ट्रीट करते थे सब।
 
करुणा मैम  ने हँस कर पूछा पता " किसका दिल पकाया "


फिर पता चला कि असल में कुँदरू को 'दोंडकाय' कहते हैं। 'गुंडकाय' का अर्थ दिल होता है। असलियत पता चलने के बाद खूब शर्म आई और खूब हँसी  भी।

 
अब यहाँ भी सबको पता चल गया था मेरे कुँदरू प्रेम के बारे में। शांता अम्मा के आँगन में कुँदरू की बेल लगी थी। उनका बेटा प्रदीप मेरे जीवन के उन अद्भुत स्नेहियों में एक हो चुका था, जिन पर हमेशा खुश हुआ जा सकता है। यहाँ प्रदीप को चिढ़ थी कुँदरू से। उसे वेंडकाय (भिंडी) प्रिय थी। मेरे कुँदरू प्रेम पर वो खूब चिढ़ाता, मगर शांता अम्मा के हाथ के कुँदरू और पराँठा...ओह ओह !
 
इस बीच छुट्टी मिलते ही मैं कानपुर आई तो सुबह सुबह भाभी को सब्जी में कुँदरू काटते हुए देखा। मैं मुस्कुरा दी। भाभी ने मुस्कुराहट के जवाब में कहा "जब से आप गईं कुँदरू खरीदने का ही मन नही होता है। पहली बार जब अम्मा लाईं तो कुँदरू देखते ही लगा रुलाई आ जाएगी। लेकिन अम्मा ले ही आईं थीं तो बनाना तो था ही।"
 
अम्मा के साथ खाना खाने बैठी तो कुँदरू रोटी के साथ लेते हुए वो बोलीं, "कुँदरू देखते ही तम्हारी याद आ जाती थी। तुम्हारे जाने के बाद जब पहली बार सब्जी के ठेले पर कुँदरू देखा तो बड़ी तेज रुलाई आई। मन तो नहीं हुआ कि खरीदें, लेकिन फिर सोचीं कि सुनीता (भाभी) कहेंगी कि अपनी बिटिया चली गई तो अब उसके पसंद का कुछ बनेगा ही नहीं क्या"


मैं मन ही मन मुस्कुराई। तो सुनीता अम्मा के चक्कर में कुँदरू खा रही हैं और अम्मा सुनीता के चक्कर में और दोनो इमोशनल हैं ये दोनो नहीं बता रहे। "गिरि को गिरीश ढूँढ़ें, गिरिजा गिरीश को।"

 
१३ महीने में लगभग ४ महीने छुट्टी पर रहने के बाद मेरा ट्रांसफर लखनऊ हो गया। घर के पास पहुँचने की खुशी में मुझे यहाँ के लोगो के साथ बिताये अच्छे दिन भी नहीं याद रह पा रहे थे। इमोशनल तो थी, लेकिन जितना वहाँ के लोग थे, उतना नहीं शायद।

 
फिर भी कुशल व्यवहारिक लड़की की तरह मैं हर घर तक विदा लेने गई और उन्हे शुक्रिया दिया, घर से दूर अच्छा साथ निभाने के लिये। हर घर से एक भावुक पल ले कर लौटी, हर घर से एक भाव भरी विदा की निशानी।
 
प्रदीप जाने कितने दिन पहले से सेंटी मारने लगा था। उसके साथ रहने पर तो हमेशा डर रहता था, मेरे भी सेंटी होने का। किसी दिन का उसका मोनोलॉग धीरे से टेपरिकॉर्डर की बटन पुश करने से कैसेट में कैद हुआ आज भी होगा शायद धूल खा रहे कैसेट्स में। मुझे लेने पहुँचे थे भईया और अंशु। अंशु ने जब व्हील चेयर हाथ में लेनी चाही तो बड़े धीरे से उसका हाथ पकड़ते हुए प्रदीप ने कहा "आप को तो अमेशा ई मिलेगा ये चलाने को, लेकिन अमको अब फिर कबी नई मिलेगा। तो अबी जितने दिन है सिर्प अमको चलाने दीजिये प्लीज।" अंशु ने हँस कर हाथ हटा लिया और फिर कभी कोशिश भी नहीं की। व्हील चेयर ड्राइविंग का फुल लाइसेंस केवल प्रदीप को दे दिया गया।
 
लखनऊ आने के पहले वाले वीकएन्ड पर बाथरूम में कपड़े धुलते हुए कॉलबेल की आवाज़ कान में पड़ी ,दरवाज़ा खोला तो शांता अम्मा हाथ में टिफिन लिए खडी था। आँचल से आँखे पोंछते हुए वो बोल नहीं पा रहीं थी, किसी तरह रुँधे गले से बोलीं " अमारे  हात का आकिरी डोंदाकय आपके लिये ले के आया।"



 
मैं तेलुगू लिखना सीख कर आई थी और उन लोगों को हिंदी सिखा कर आई थी,जिससे चिट्ठी लिखी जा सके। बीच का रास्ता रोमन तो था ही। चिट्टी लिखने का सहज तरीका वही था। प्रदीप का खत आया "धीधी!" (मैने अमूमन वहाँ द के लिये dh और त के लिये th ही पढ़ा है) वो बैकयार्ड में दोंडकाय का जो क्रीपर है ना उसको देखने से तेरा बहुत ज्यादा याद आता है। मेरा उदर जाने को मन नई ओता। वो क्रीपर बहुत परेसान करता था दीदी। एक दिन मैने उसे पूरा उकाड़ दिया। अम्मा बउत गुस्साया मेरे ऊपर। लेकिन मै उसे उकाड़ के फेंक दिया। लेकिन कल देखा तो उदर एक और पौदा उग आया धीधी ! मैने तो मन में सोचा ये दीदी का दोंडकाय बी ना एकदम की दीदी की ही तरा है। जितना भी कोसिस कर के सोच लो कि उसको याद नई करना ! फिर कईसे ना कईसे तो वो याद आ ही जाता है।"
 

 
आंध्र प्रदेश छोड़ते हुए उतना कष्ट नहीं हुआ था। लेकिन यहाँ आने के बाद लगता था कि जिंदगी में कुछ अजीब घट कर खतम हो गया। प्रदीप की ये बात कभी नही भूलती।
लखनऊ में भी दीदी को जब कुछ पसंदीदा बनाना होता तो कुँदरू ही बनाती। अब पिंकू बाज़ार से जब कुँदरू लाता है तो "आपका कुँदरू आया है।" का अहसान मिश्रित प्रेम जरूर दिखाया जाता है।

 
लेकिन असलियत तो ये है कि जाने कब उस कुँदरू से मेरा जी भर गया। विरक्ति हो गयी उस नाम से जिसे मेरे साथ जोड़ा जाता है हर बार। मै किसी को बता भी नही पाती। कैसे बताऊँ कि प्यार हमेशा एक जैसा नहीं रहता। हम ना चाहते हुए भी जाने कब किसी चीज़ से ऊब जाते हैं। बताओ तो अपने अस्थिर स्वभाव पर गाली खाओ  "आप तो ऐसे ना थे" की दुहाइयाँ सुनो। तो इससे अच्छा शांत ही रहो, ऊपरी मन से सही दिखाते रहो की चाहत पहले सी बरकरार है। उसे पा कर खुश होने का दिखावा करो और मन ही मन खुद के अजब गजब व्यक्तित्व पर हैरान हो.


वैसे हम सब के जीवन में कुछ ऐसे कुँदरू होते हैं ना....!!

Friday, December 27, 2013

कोई सागर दिल को बहलाता नही

१६ दिसंबर,२०१२ की उजली दोपहर। सुबह सुबह दीदी को फोन किया पता चला कि खाँसी आ रही है बहुत ज्यादा। रात भर आती रही। मनोज नॉर्मल फिज़ीशियन की क्लीनिक पर ले कर गया। दीदी के घर धूप नही आती थी। मैने फोन कर के कहा मेरे घर आ जाओ यहाँ धूप में लेटना थोड़ी देर को। वो पहले ही कहाँ मना करती थी, अब तो और नही। मुझे बड़ा कब माना उन्होने ? बच्चा ही समझती थी। समझती थी कि कुछ भी बर्दाश्त करने की क्षमता नही मुझमें। ना डाँट। ना सच। मुझसे छोटे छोटे लोगो से कह गई कि अब जीवन की आस नही। लेकिन मुझसे तो कभी नही कहा़। मेरी उम्मीद में हमेशा सिर हिलाती रही। मुझे निराश नही होने देना चाहती थी वो कभी भी शायद।

बाहर की धूप में दरी बिछा कर मोटा बिछौना डाल दिया धूप में। अदरक़ वाली चाय जब आई तो बोली "तुम्ही तो मना करती हो कि अब दूध वाली चाय ना पिया करो।" मैने हूक़ संभालते हुए कहा। अब कुछ नही मना करते हैं। तुम्हारा जो मन हो वो खाओ।
"नही रहने दो" उन्होने धीमे से कहा।

मैं काढ़ा बनवा लाई।
फिर जबर्दस्ती खुश दिखने की चाहत में चहक चहक कर बताने लगी, "ये देखो दीदी, ये ना प्यूटीनिया है, ये डॉग फ्लॉवर। ये गुलाब देखो कितना सुंदर खिला है। देख रही हो सारी बगिया हरी हो गई है। अब ऐसे ही तुम भी धीरे धीरे हरी हो जाओगी।"
वो ऐसे मुस्कुराई जैसे किसी बच्चे की नादानी पर मुस्कुराया जाया जाता है " मौसमी फूलों पर मेरी जिंदगी डिसाइड कर रही हो ? मौसम बदलेगा और ये सब मुरझा जायेंगे।"
मुझे अपनी बेवक़ूफी पर वाक़ई अजीब खीझ हुई।

मैने फिर बात बदल दी। "जानती हो दीदी, जैसे ही तुम ठीक होगी ना, तुम कार चलाना सीख लेना। और तुम्हारी हेयर स्टाइल एकदम चेंज। लेगिंग और कुर्ती के साथ एकदम नया अवतार होगा तुम्हारा। और हम दोनो बहने मिल कर खूब काम करेंगे। सोशल वर्क। ये सामने झोपड़ी के बच्चों को पढ़ाया जायेगा और...."
वो बीच में बात काट कर बोली वो "कौन सा गाना है.....कोई सागर दिल को बहलाता नही...अब ये सब बातें अच्छी नही लगतीं।"
मैं अपनी सारी मुर्खताओं के साथ चुप हो गई।
मन ही मन गुनती रही गीत के शब्द, सारे अंतरे। हर शब्द, हर स्टैंजा फिट था उन पर।

मुझसे छुप के, बच्चों से छुप के किसी दिन अकेले में कहती तो होगी ही

मैं कोई पत्थर नही इंसान हूँ,
कैसे कह दूँ ग़म से घबराता नही।

दर्द को हद से आगे तक बर्दाश्त करने के बाद भी एक के बाद दूसरे अंग का साथ छूटता पा कर किसी न किसी दिन तो मन कह उठता होगा

जिंदगी के आईने को तोड़ दो,
इसमें अब कुछ भी नज़र आता नही

और अब कहीं दूर या कहीं हमारे ही इर्द गिर्द, हमें अपने से अलग होने के बावज़ूद हँसता, घूमता देख कभी मन में आ ही जाता होगा ना

कल तो सब थे कारवाँ के साथ साथ,
आज कोई राह दिखलाता नही।

मेरी बहादुर बहन ! मुझे माफ कर दो, तुम मुझे जितना बहादुर बनाना चाहती थी, मै उतनी बहादुर नही बन सकी।