Monday, June 1, 2009

बिखरी कहानी के बाद


"तो क्या करूँ मैंऽऽऽ...?? क्या करूँ मैं अब्बू..?? किस के सहारे छोड़ दूँ इन दोनो नासमझों को जिनका पेट नही समझ पाता कि ये किस घर की औलाद हैं ? सुबह शाम भूख..भूख..! कहाँ से लाऊँ इन नासमझों के लिये अनाज..! सर्दी लगे तो कहाँ से लपेटूँ इन्हे गरम कपड़ों में.?? कोई तो नही बताता मुझे अब्बू इन को जिंदा रखने का तरीका...! तुम भी तो नही..!" कह कर बिलखने लगी थी साज़िया...!
अब्बू और और आपा के बीच अजीब यूँ ही अचकचाई सी खड़ी थी सकीना...! समझ में आ ही नही रहा था किसे समझाये, क्या समझाये..??
"तो जा...! जा के खा उस काफिर की दी रोटी...! मुसलमान हो कर दीन कि फिकर नही है जिसे। जा खिला उस कमबख्त की रोटी अपने बच्चों को जो तेरे दो दो भाइयों का कातिल है। जिस के जैसे लोगो के कारण आज तेरा शौहर ज़िहादी बना है। जा खिला उसकी फेंकी रोटी इन मासूमों को। मगर उस पैसे एक भी निवाला मुझ तक मत आने देना..समझी..! मेरी औलादों को मारने वालेऽऽऽऽऽऽऽऽ खुदा तेरा हिसाब करेगाऽऽऽऽ..! खुदा करेगा तेरा हिसाऽऽऽऽऽब...!" कहते कहते उस बूढ़े की आवाज तेज से तेज और फिर धीमे से और धीमे होती गई। खाँसी का दौरा फिर आ गया था, उस बूढ़े पर। बिलखती साज़िया ने मिनटों में अपने आँसू पोंछे और अब्बू की पीठ सहलाने लगी

"अब्बू..! माफ कर दो मुझे अब्बू....! गुस्से में इतना चिल्लाया मत करो अब्बू..! ठीक तुम जो कहोगे वैसा करूँगी लेकिन इस तरह बीमार मत करो खुद को..! मैं तो खराब ही निकल गई अब्बू...मगर इस साज़िया की सोचो..! कौन है तुम्हारे अलावा इसका...! अपने को ऐसे बीमार मत किया करो..! ओये साज़िया अलमारी से दवा निकाल के ला..! वो पीली वाली..और जल्दी से कहवा बना.... !" भरी आँखों और रुँधे गले से बोल रही थी साज़िया।

दवा खाने और कहवा पीने के बाद कुछ आराम मिला उसे..! बिस्तर पर अब्बू को लिटा कर, उनका सिर सहलाती रही। और जब आश्वस्त हो गई उनके सोने के प्रति तो जाकर खुद बिस्तर पर औंधे मुँह पड़ कर सिसकने लगी...! ऐसे जिस से सारा बोझ भी निकल जाये और कोई जान भी ना पाये। मगर ये सक़ीना ..मरने भी नही देती उसे। फिर आ गई उसके सिरहाने..!

सिर पर हाथ फेरते हुए बोली " कुछ खा लो आपा"
"तू जा के खा ले, सक़ीना ! मैं जब बाहर निकली थी तो खा के आई थी। भूख नही मुझे।" रुँधी आवाज पर इतना नियंत्रण करते हुए कि सक़ीना ना जान पाये उसका रोना, साज़िया बोली।
" पता है मुझे क्या खाया होगा तुमने। चलो "
" तू जा ना साज़िया.. कसम से कह रही हूँ, मुझे भूख नही।"
" अच्छा चलो भी...! किसकी बात को रोती हो आपा...! अब्बू की..! जानती तो हो उनकी हालत। फिर क्यों बुरा मानती हो उनका। वो भी क्या करे...।"
सकीना की बात पूरी होती इस से पहले ही उसकी बात को लोकते हुए बोल पड़ी साज़िया " और मैं भी क्या करूँ सकीना..! मैं क्या करूँ....! औरत का पहला सहारा होता है भाई, दो दो पाये मैने और दोनो गँवा दिये। दूसरा होता है शौहर, जिस के सहारे वो सारी दुनिया को छोड़ देती है। और मैने..मैने तो कितनी मुह्ब्बत की थी उससे..! कितनी कसमें खाई थी उसने मुझे इस ज़न्नत में एक और ज़न्नत सी दुनिया नवाज़ने की..! और जब गया तो सोचा भी नही कि क्या होगा मेरा, उन निशानियों का जिसे वो प्यार कहता था। ज़िहाद..! ज़िहाद..! दीन के लिये..! अल्लाह के लिये..! हुम्ह्..! जिसने दुनिया बनाई उसके लिये उसी की बनाई दुनिया जलाने का ज़ुनून ये ....!!!! एक बार भी नही सोचा कि मै इन दोनो को ले कर मरूँगी भी तो कैसे...!!! " सिसकती मजबूर साज़िया को गले लगा लिया था सक़ीना ने " मगर वो बिलखती ही जा रही थी कहती ही जा रही थी " अब्बा कहते हैं कि उस काफिर के दिये पैसे का एक निवाल ना दूँ उन्हे...! तो कहाँ से लाऊँ सक़ीना उनके निवाले के लिये सिक्के..! अब्बू खुद के लिये अगर रोटी ढूँढ़ने की हालत में होते तो खुदा कसम ना देती उनको इस काफिर के पैसे की रोटी। मगर उनकी वो दवाई, जिसके कारण वो रात को सो पाते हैं, वो भी तो वहीं से आती है। क्या करूँ मैं..! कौन बहन चाहेगी सक़ीना अपने भाई के कातिल की दी रोटी खाना, मगर अल्लाह ने मेरी किस्मत में यही रोटी लिखी है मैं क्या करूँ।"
"मैं जानती हूँ आपा, खुदा जानता है। तुम यूँ खुद को मत कोसो।"
फिर बहुत देर तक यूँ ही दोनो बहने सुबकती रहीं, दोनो के दामन एक दूसरे के आँसू जज़्ब करते रहे।

सुबह अभी आँख खुली भी ना थी कि सक़ीना ने उसकी आँख से दुपट्टा हटा कर साज़िया को जगाते हुए हड़बड़ाती आवाज़ में कहा " आपा वो.. वो आये हैं।"
" कौन रे।" अलसाई आवाज़ में साज़िया बोली
" वो..वो फौजी" सक़ीना ने अटकते हुए कहा।
"ओह..! अब्बू ने तो नही देखा"
"देखा।"
"उफ्फ्फ्फ् ..! जा ज़रा कह के आ कि ज़रा उस चिनार की आँड़ में खड़ा रहे मैं अभी आती हूँ। ख़ामख्वाह अब्बू का मिजाज़ बिगड़ेगा, उसे देख कर।"
" अच्छा..! वहीं चिनार के पीछे कहवा ले आऊँ तुम दोनो के लिये।" सकीना ने कुछ संकोच से कहा।
" नही रे रहने दे।" कहते हुए साज़िया ने रात भर रोने के कारण सूजी आँखों से सकीना को भर नज़र देखा। १० साल छोटी थी उससे वो खूब समझती थी वो उसके भाव..! उस फौजी का नाम लेने में जो दस बार अटकती है वो उसके पीछे का मतलब भी जानती है वो। लेकिन क्या करे..!! शब्बीर खुद ही तो बता चुका है अपनी माशूका के बारे में, उसका खत जिस दिन आता है, उस दिन अजीब ख़ुमारी होती है, शब्बीर की बातों में। खुदा ने कैसी तक़दीर दी हम दोनो बहनो को एक को दीन का सिपाही पसंद आया दूसरे को मुल्क का। सोचती हुई हल्की मुस्कान के साथ उठी साज़िया।

मुँह धो कर चिनार के पीछे पहुँची और फौजी से बोली "शब्बीर मै ठीक दो घंटे बाद मिलती हूँ तुम से उस नये कैफे में जो दिखाया तुम्हे उस दिन।"
फौजी बिना कुछ बोले आज्ञाकारी शिष्य की तरह जिस दिशा से आया था उसी दिशा में चल दिया।

ठीक दो घंटे बाद दोनो वहीं मिले। सक़ीना ने मुस्कुराते हुए कहा "कैसे हो काफिर ?"
सिगरेट की डिब्बी निकालते हुए रुके हाथ के साथ फौजी ने हड़बड़ा कर पूँछा " काफिर..??"
" हम्म्म्म्..! अब्बा यही तो कहते हैं आपको"
"ओह ...!!!!" फौजी ने जैसे सुकून की साँस लेते हुए कहा " पाँचों वक़्त का नमाज़ी हूँ।" फौजी मुस्कुराया।
" हुह्..! पाँचों वक्त का नमाज़ी। अभी पिछली दफा तो तो मेरे साथ थे जब मस्जिद से आवाज़ आ रही थी नमाज़ की, मगर तब तो आपने ना अदा की थी नमाज़"
फौजी फिर थोड़ा हड़बड़ाया " कब..?? अरे उस दिन..! अरे नमाज़ ही तो थी, मुल्क के लिये ज़रूरी इत्तला इकट्ठा कर रहा था, नमाज़ से कम था ??" कहते हुए फौजी ने विल्स सुलगा ली।
" काफिर तो आप हो ही..! वरना ये सिगरेट..? कभी सच्चा मुसलमान पीता है। और सुबह जब मिली थी तब तो रात की महक भी नही गई थी।"
" ओह्ह्ह् ..! वो...!" फौजी ने अपनी हड़बड़ाहट को झूठी हँसी मे बदलते हुए कहा " वो तो कल जिसका ठिकाना तुमने बताया था ना उस को ठिकाने लगाने की खुशी में थोड़ी सी ज्यादा ओल्ड मॉंक ले ली थी।"
"क्या कहा..! ठिकाने..! इरफान भी..??? या अल्लाह...!"कहते हुए साजिया ने दोनो हाथ उठाये और कुछ बुबुदाती हुई सिर पर पल्ला रख कर बैठ गई। " इरफान तेरे क़त्ल की भी ग़ुनहगार मैं हुई। क़यामत के दिन हिसाब करना मुझसे भाई...! खुदा या क्या तक़दीर पाई हैं मैने भी।" फिर फौजी की तरफ मुखातिब होती हुई बोली "बचपन से जानती थी उसे शब्बीर साब, कभी सोचा भी नही था कि ऐसा निकलेगा। और अगर उस दिन ये ना सुना होता कि ये सब दिल्ली जा कर तबाही मचाने वाले हैं तो शायद उसका पता तो आपको मैं बताती भी ना...! चाहे जितनी मुहरे देते मुझे। मगर सोचा पता नही कितनी बहने मुझ जैसी बिना भाई की ‌और कितनी बीवियाँ बिना शौहर की हो जायेंगी अगर आपको नही बताया।"
फौजी भी कुछ गंभीर सा हो गया था, बात बदलते हुए कहा उसने " हम्म्म् तो आपके अब्बा, क़फिर कहते हैं मुझे।"
"हम्म्म्..! अब्बा को पहचान है लोगो की..! " वो नम आँखों में मुस्कुराई
फौजी भी मुस्कुराया "तुम्हारी बहन बड़ी प्यारी लगती है, सुबह जब आई थी तुम्हारा संदेशा देने तो आँखें सूजी थी, फिर तुम्हारी भी, दोनो बहने मिल के रो रही थी क्या..!" फौजौ ने शरारत से पूँछा।
" इस ज़न्नत की बहनो की तक़दीर में रोने कि सिवाय है ही क्या शब्बीर साब" साजिया ने कुछ भरी आवाज़ में कहते हुए अचानक मुस्कुरा कर कहा " तुम्हे प्यारी लगती है सक़ीना ?"
"हम्म्म्म ..! खुदा जिसे भी प्यारा बनाता है, वो सभी को प्यारे लगते हैं। प्यारी तो मुझे आप भी लगती हो।" फौजी ने फिर शरारत से मुस्कुराते हुए कहा।
" हा हा ...! मैं सकीना की बात कर रही हूँ...!" मुस्कुराते हुए अचानक स्वर गंभीर करते हुए साज़िया ने कहा "सक़ीना से निकाह रचा लो शब्बीर साब! अल्लाह आपको बरकतों से नवाज़ेगा और इंशाल्लाह एक दिन आप इस कैप्टेन से जेनरल बनोगे..."
"मेरी पोस्टिंग आ गयी है, साज़िया और अगले महीने मैं जा रहा हूँ यहाँ से।"- फौजी ने कहा तो उन आँखों में विचित्र-सी उदासी छा गयी।


फौजी चला गया..!!! जाते वक़्त सकीना ना जाने किस के लिये स्वेटर बुन रही थी। साज़िया ने जब सकीना को बताया कि फौजी जा रहा है और आज उसने सकीना के निक़ाह के लिये भी उससे बात की थी सकीना का चेहरा लाल हो गया था। स्वेटर बुनने की रफ्तार तेज़ हो गई थी। मगर स्वेटर पूरा होता उससे पहले फौजी चला गया। सकीना ने स्वेटर वैसे ही रख दिया।
लगभग ढाई साल बाद अचानक दरवाजे पर फिर फौजी खड़ा था। सकीना की आवाज़ फिर अटक गई। साज़िया फिर उससे उसी कैफे में मिली और फिर निक़ाह करने का मशविरा दिया। फौजी ने उसी मुस्कान से कहा "आप जानती हो, साज़िया। मैं किसी और से इश्क करता हूँ।"

"...तो क्या हुआ? तुम मर्दों को तो चार बीवियां लागु हैं।"- फौजी ने गौर से देखा साज़िया की आँखों में ढाई साल में उन के नीचे कुछ काले घेरे भले ही आ गये थे लेकिन बीते वर्षों में उन आँखों का सम्मोहन अभी भी कम नहीं हुआ था।
सकीना के स्वेटर के धागे फिर से जुड़ने लगे थे। बुन जाने के बाद साज़िया ने पूँछा था। " किस के लिये बुन रही है रे।"
सकीना कुछ ना बोली, चुपचाप उसे बक्से में बंद कर आई।


फौजी फिर चला गया। सकीना अक्सर रात के अँधेरों में उस बक्से को खोलती और स्वेटर से सिर टिका के ऐसे रोती जैसे किसी के सीने से लग के सारे आँसू निकाल रही हो।
साजिया ना चाहते हुए भी सुन लेती थी उन सिसकियों को। और खुद से फिर कहती या खुदा क्या तक़दीर पाई है। अब्बा इस हरकत पे कितनी लानते भेजते और खाँसी के दौरों को दावत देते। इसी खाँसी के एक दौरे में एक दिन वे अपने बेटों की दुनिया में चले गये।

उस दिन सकीना अचानक से खड़ी हुई साज़िया के पास आ कर " आपा वो बाहर एक नया जोड़ा घूमने आया है।"
साज़िया ने सिर उठा जर सक़ीना की आँखों में बात समझने की गरज़ से झाँका। और सवालिया निगाह उसके चेहरे पर रखी।
"वो जो आये हैं न वो, उस फौजी के साथ हमेशा दिखते थे। वो सिपाही है शायद।"
"हम्म्म्..!" अब समझी थी साज़िया। उस सिपाही से उस फौजी का पता जानना चाह रही थी सकीना। घुटनो पर हाथ रखती हुई साजिया उठी और आवाज़ दी, उस सिपाही को।
" ओ साब..! ओ साब..!" सिपाही ने मुड़ कर देखा तो साज़िया दौड़ती हुई पहुँची उसके पास।
" वो साव, वो कैप्टन साब थे ना जो आपके साथ थे, यहाँ अक्सर...!!
सिपाही कुछ बोलता इससे पहले उसकी पत्नी बोल उठी " कौन वो गौतम साहब, की बात कर रही है क्या ये।"
सिपाही कुछ हड़बड़ाता हुआ बोला " नही नही..!"
" अरे वही तो थे आपके कैप्टन यहाँ और कौन था। आप ही तो बताते हो।"
"सिपाही अपनी नई पत्नी के सामने कुछ भी बताने में असमर्थ।"
सक़ीना पीछे से आ गई थी। साज़िया समझदार थी बहुत दिनो से सम्हाल रही थी ऐसे हालातों को। उसने तुरंत खुद को संयत करते हुए कहा। "हाँ हाँ वो गौतम साब..! बताया तो था उन्होने। आपकी बटालियन फिर यहाँ पोस्टेड हो गई क्या साब।
"नही नही।" सिपाही फिर नही समझ पा रहा था कि क्या कहे। उसकी बातूनी पत्नी फिर बोल उठी। "नही इनकी पोस्टिंग नही हुई , असल में हमारी नई शादी हुई है ना, तो मेरा हमेशा से मन था कि हनीमून कश्मीर में मनायें लेकिन यहाँ कोई आये कैसे..! वो तो ये यहाँ के चप्पे चप्पे के जानकार थे और फौजी होने के कारण थोड़ा सेफ्टी भी थी इनके साथ। तो......!"
साज़िया ने लड़खड़ाती हुई लौटती सक़ीना को देखा और उस औरत से जल्दबाजी में कहा " खुदा आपका जोड़ा बनाये रखे" और सकीना के पीछे चल पड़ी

सकीना बच्चो को खाना खीला रही थी। साज़िया के लिये कहवा चढ़ा दिया था।

साज़िया सकीना को सुनाती हुई खुद में बड़बड़ा रही थी
"काफिर...! अब्बू को आदमी की पहचान थी। हुम्ह..! एक बार कहा तो होता कि वो मुसलमान नही है। अरे मेरे पेट की आग तो मुझे किसी के साथ भी वो काम करने को मजबूर ही करती जो उसके साथ कर रही थी। जैसे हिंदू वैसे मुसलमान...! लकिन कम से कम इस नादान की आँख में तो सपने ना पलने देती।" आँसू उमड़ घूमड़ कर आते और साज़िया उन्हे दुपट्टे की कोर से पीछे ढकेल देती। सकीना कहवा दे गई। खाना खा कर दोनो सो गई।

रात को बकस खुलने और सकीना के रोने की आवाज़ फिर आ रही थी। साज़िया समझ गई कि सकीना फिर उसी सीने में मुँह छिपाये है। उसने छोड़ दिया उसे ये सोच कर कि जब कोई यूँ किसी सीने से सिर लगा कर रोय तो बीच में आना शऊर के खिलाफ है। उसने छोड़ दिया सकीना को उस उस सीने के साथ।

सुबह सकीना अब तक नही उठी थी। लगता है रात देर तक रोती रही। साजिया ने कहवा बनाया और सकीना को उठाने के लिये गई। सकीना सोई नही थी....! वहीं लुढ़की पड़ी थी। नींद की गोलियों का पूरा पत्ता पड़ा था पास में ढेर सारी दवाईयाँ अंदर जा चुकी थी। पास में एक रुक्का था जिसमे लिखा था "आपा तुम्हारा चाहने वाला तुम्हे जीने के लिये वो निशानियाँ दे गया, जिसके सहारे तुम खुदा की नज़र में गिर कर भी जी सकती थी। मगर मेरा चाहने वाला मुझे अपनी नज़र में ही गिरा गया। सोचती हूँ क्यों नही जान पाई उसकी हकीकत मैं। लगता था कि क्या पता कभी खुदा मेहरबान हो और चार बीवियाँ लागु का हक़ पाने वाले उस मर्द के मन में कुछ मेरे लिये भी आ जाये। उसकी बीवी की नौकरानी बन के रह लेती मैं, अगर वो मुझे अपनी बीवी होने का रुतबा दे देता.....!!!!! अब किस के लिया जीना आपा।"

साज़िया की आँखों में आँसू नही थे। उसने चुपचाप साज़िया के कपड़े ठीक किये। पास पड़ा स्वेटर उठाया और मौलवी साब को बुलाने चल दी। साजिया को दफन करने के साथ वो स्वेटर भी दफन करने चली तो एक बार उस सीने से लग के खुद भी खूब रोई, जिसमें सकीना सुकून पाती थी। और फिर अपने बच्चों और एक बक्स उठाये जाने कहाँ चल दी....! किसी ने उससे पूँछा भी नही...! दबी जुबाँ से सब कह रहे थे "कितनो को मरवाया इसने अपने पर पड़ी तो कैसा रोना आ रहा है..!!!!"

नोटः आज सुबह नेट खोलने के साथ ही पढ़ी गौतम जी की कहानी, जिसका पात्रों की सच्ची जिंदगी से मेल खाना मात्र संजोग ही होगा...! नही जानती कि ये साजिया कौन थी। मगर बार बार ज़ेहन में आती रहीं। १ बजे वीर जी से इसके आगे की काल्पनिक कथा लिखने की इजाजात माँगी..! १.३० बजे शुरू की और अभी ५ बजे पूरा किया। सब ड्राफ्ट ही है। फेयर करने का समय नही मिला। बार बार सकीना की नीयत खुद निर्धारित करने पर अफसोस हो रहा था। मगर मेरी सकीना वाकई काल्पनिक है। खुदा हक़ीकी साज़िया और सकीना को लंबी उम्र और हर बरक्कत दे।

Monday, May 18, 2009

तुम सा कौन पुजारी होगा,


पता नही मौसम का असर है या माहौल का कुछ लिखा नही जाता आजकल या फिर सोचा ही नही जाता होगा....! मशीनी जिंदगी क्या सोचे..?? जब सोचती भी है तो बस पुराना सोचती है। तब ऐसा था..अब ऐसा है..! तब ऐसा क्यूँ था..?? अब ऐसा क्यूँ है..?? अतीतजीवी हो गई हूँ शायद। लीजिये उसी अतीत की एक कविता सुनिये। बस यूँ ही लिखी हुई नागफनी सी.. जिधर चाहा बाँहें फैला दी...! जिसे भी चुभे इन्हे फर्क नही पड़ता। और सब से ज्यादा तो ये अपने बाग को ही चुभती हैं। जो इन्हे सँवार भी नही सकता और उखाड़ भी नही सकता.....!


तुम जैसा एक मीत ढूढ़ना चाहा तो मैने सौ बार,
हर प्रयास निष्फल पर निकला,
बैठ गया मन बस थक हार

धीमी गति हमारी लख कर डरते हैं सब संग चलने से,
कौन तुम्हारी तरह पकड़ कर हाथ चले मंजिल की ओर,
जहाँ नही मिलता कोई दो शब्द खुशी के कहने को,
कौन तुम्हारी तरह भला पोंछे भीगे नयनो के कोर
हाथ बढ़े अब भी फैले हैं, आँखों मे आँसू अम्बार
कोई नही तुम्हारे जैसा, देख लिया हमने संसार

अवगुन का तालाब मात्र हैं, हम सारी दुनिया की नज़र में
तुम ने झूठ बताया हमको, कि हम हैं मीठा सोता
तुमने करी इबादत तो वो खुद को खुदा समझ बैठा,
जो था दुनिया की नज़रों रस्ते का पत्थर छोटा,
तुम सा कौन पुजारी होगा, जो ले कर पत्थर अंजान
बिना तराशे ही मंदिर में , दे दे देवों का स्थान




चित्र साभार : कुश चैट :)

Tuesday, May 5, 2009

घर की तामीर चाहे जैसी हो, इसमें रोने की एक जगह रखना।


घर की तामीर चाहे जैसी हो,
इसमें रोने की एक जगह रखना।

निदा फाज़ली

सच घर में एक कोना तो ऐसा होना चाहिये, जहाँ इंसान जी भर के रो सके। फूट फूट कर ज़ार ज़ार। जहाँ कोई ना हो। हम हों.... हमारे आँसू हों। हमें कोई चुप ना कराये बल्कि अंदर से कोई बार बार कहे, "और रो लो, जी भर के रो लो।" दुनिया के द्वारा दी गई क्लेश की गंदगी इस खारे पानी के साथ बहा लो.....! ऐसी जगह तो ऋर में होनी ही चाहिये।

सबके सामने रोना मुझे भी अच्छा नही लगता। लोग कमजोर समझने लगते हैं। दया का पात्र मानाने लगते हैं और एक यही दया का भाव है, जिससे मुझे बचपन से घृणा है। पता नही कब से ऐसा होता है... शायद जब से मैने होश संभाला तभी से होता है ये मेरे साथ कि किसी के चेहरे पर मेरे लिये दया के भाव आये नही कि मन में अजीब सी वितृष्णा उठने लगती है, पता नही कैसा लगता है मुझे..! मैं खुद नही समझ पाती, लेकिन बहुत खराब लगता है.....! मगर अक्सर ये आँसू ऐसे समय पर आते हैं, जब इन्हे नही आना चाहिये। तब मुझे बहुत गुस्सा आता है अपने आप पर। क्यों रो देती हूँ मैं सबके सामने। बहुत से लोगो के मन में जो बात बात पर रोने वाली लड़की की छवि बनी है ना मेरी मुझे बिलकुल अच्छी नही लगती।

फिर भी मैं रोना चाहती हूँ। मुझे रो लेने के बाद बहुत शांति मिलती है। लेकिन रोना तब चाहती हूँ जब मैं ही रोऊँ, मैं ही सुनूँ और मैं ही सुनाऊँ और जी भर के रो लेने के बाद मैं ही स्वयं को चुप कराऊँ, स्वयं से ये कह कर कि " क्यों रो रही हो ? रोने से क्या होगा ? इस परेशानी का कुछ हल ढूँढ़ो..! कोई ना कोई रास्ता तो होगा जो मंजिल तक ले जायेगा। कोई रास्ता न दिखे, तो ईश्वर से प्रार्थना करो कि वो कोई रास्ता दिखाये। वो परमपिता है। तुम उसकी संतान हो। वो तुम्हारी खबर कब तक नही लेगा। कभी ना कभी, कोई ना कोई रास्ता वो अपने आप बनायेगा।" खुद से इतना कहने के बाद जब मैं आँसू पोंछती हूँ, तो एक नई शक्ति, एक नई आशा जागने लगती है। बहुत सुकून मिलता है।

यही कारण है कि बात बात पर रोने वाले लोग मुझे कम समझ आते है, जो लोग कभी रोते ही नही, वे मुझे बिलकुल समझ नही आते। मुझे पत्थर जैसे लगते हैं वो। और मुझे पत्थर नही अच्छे लगते। उनसे अच्छे तो वो पहाड़ होते हैं। पत्थरों को चाहे जितना तोड़ लो, उस पर सिर भी पटक लो तो बी कुछ नही मिलता। बहुत अधिक होगा, तो उसमे से चिंगारियाँ निकलने लगेंगी, जो बस जलाना जानती हैं। पत्थर सिर्फ राह चलते लोगो को गिराना जानते हैं, वे ना हँसना जानते हैं और ना रोना। मुझे पत्थर बिलकुल अच्छे नही लगते। और वहीं उन पहाड़ों को देखिये, कितना विशाल लगता है उनका अस्तित्व। यूँ तो पत्थर उनमे भी है, मगर उनमें बर्फ की शीतलता भी है, पेड़ों की हरीतिमा भी है, और पत्थरों की स्थिरता भी। जैसे लगता है कि कभी वे हँस रहे है...लोगो को सुख दे रहे है और कभी बस गंभीर से हो जाते हैं। उनके अंदर झाँक के देकौ तो एक नदी होती है उनके अंदर... भावनाओं की..संवेदनाओं की...! वो अपनी कहानि स्वयं कहते हैं, बिना कुछ कहे ही। वे लोगो को ऊँचाइयाँ देते हैं, वे हमेशा हँसते रहते हैं और अंदर से आँसुओं की नदी से भीगे रहते हैं। मुझे पहाड़ बहुत अच्छे लगते है...! बहुत अच्छे..!

नोटः आज सुबह अचानक याद आया कि आज वो दिन है, जिसने ८ साल पहले दुनिया की नज़र में मेरा अस्तित्व बनाया था। मैं इस दिन के पहले भी ऐसी ही थी। बल्कि और पवित्र .....और साफ .... और स्पष्ट...! मैं तब भी लिखती थी और अधिक लिखती थी...! संवेदनाएं शीघ्र असर करती थीं। तब मैं सोचती थी कि काश मैं कुछ कर पाती, दुनिया भर के लिये...! लेकिन तब मैं सब के लिये ऐसी नही थी। क्योंकि मुझे सर्टिफिकेट नही मिला था। आज जब लोगो को मैं सफल लगती हूँ, तब मुझे कभी कभी लगता है कि बहुत बड़ा मूल्य चुकाया मैने....! एक परिष्कृत आत्मा, जो ईश्वर के बहुत नज़दीक थी। एक ऐसा मन जो हमेशा दूसरों की सोच सकता था। साफ नदी सा..जैसे पहाड़ों से निकल के बस अब आई ही हो और अब जैसे मैदानों का कितना सारा कूड़ा कर्कट इकट्ठा हो गया।
मगर ज़रूरी था ये भी। बड़े लोगो के दाँव लगे थे। तो सुबह सुबह आठ साल पहले की आज की डायरी देख रही थी कि उस के कुछ ही दिन पहले के ये वैचारिक उतार चढ़ाव मिले। सोंचा कि आप से बाँटू उन दिनों को जब कोई बनावट नही होती थी....! और दुआएं लूँ आप से फिर से अपनी नैसर्गिकता बनाये रखने की।

Tuesday, April 28, 2009

परिंदे हमसे कोई घोसला बना ना सके।


जहाँ तक याद है कि पिछले डेढ़ साल से गुरु जी की गज़ल क्लासेज़ ले रही हूँ, लेकिन सिवाय तहरी मुशायरों या होमवर्क के कभी भी गज़ल लिखने की खुद से हिम्मत नही पड़ी। हाँ ये ज़रूर है कि गज़ल समझ के जो लिखती थी उसे भी लिखना छोड़ दिया, क्योंकि पहले तो उतना ही जानती थी अब जानबूझ कर गलती करते नही बनता।
मगर पिछले दिनो थोड़ी अस्वस्थता में जब घर में रही तो हिमाक़त की और कल गुरू जी के पास भेजी तो पास भी हो गई। अब इसे मेरी पहली मुकम्मल गज़ल समझें। लीजिये आपसे भी बाँटती हूँ--

जैसा कि गुरू जी ने मेल में बताया ये

बहरे मुजतस मुसमन मखबून महजूफ
मुफाएलुन-फएलातुन-मुफाएलुन-फएलनु/फालुन

और मात्रा है 1212 1122 1212 112

कहीं कहीं अंत में ११२ की जगह २२ हुआ है, मैने गुरु जी से पूँछा हे कि क्या ये गज़ल का दोष माना जाता है जैसे ही उत्तर आया तुरंत आप लोगो से बाँटूगी, फिलहाल तो पढ़िये

ज़मीन छोड़ चले आसमान पा न सके
परिंदे हमसे कोई घोसला बना ना सके।


फक़त नसीब नही था कहीं पे हम भी थे,
हमी चराग तले का निशान पा न सके।


वज़ह हवा हि बता दूँ मगर ये मालुम है,
असल में पंख मिरे थि कि जो उड़ा ना सके।


तुम्हारे साथ बहुत दूर तलक जाना था,
तुम्हारे तेज़ क़दम से क़दम मिला न सके।

Saturday, April 25, 2009

स्वागत करें प्रेरणा का

यह पोस्ट मुझे पिछले हफ्ते ही दे देनी थी और मन की गति देखूँ तो अभी भी नही।

कुछ पारिवारिक और मानसिक उलझनो के चलते ना दे सकी। फिलहाल ब्लॉग परिवार ऐसा परिवार है जिसकी याद अब अपने अपनो के साथ ही आती है और इस बार भी आई और जितनी मदद हो सकती थी मिली भी। डॉ० अनुराग से, नीरज जी और अनीता दी से। चूँकि मेडिकल प्रॉबलम थी, तो अनुराग जी से सबसे अधिक और फिर कहना पड़ा ये डॉ० चमड़े के नही दिल के ही हैं, बल्कि भावनाओं के। समस्या लंबी है समाधान शायद देर से हो..!

खैर आप स्वागत कीजिये इस http://ajeetfirdausi.blogspot.com/का जिसके कर्ता धर्ता हैं श्री अजीत श्रीवास्तव (अजित नही लिखूँगी, क्योंकि वे स्वयं ee का प्रयोग करते हैं।)

अजीत जी को मैं जानती थी आर्कुट के माध्यम से। तब, जब ये जर्मनी में थे किसी स्कॉलरशिप के लिये। इनके मित्र अनुज वर्मा ने मुझे सर्फिग में कहीं पाया और वहीं से शायद इन्हे भी मेरा पता चला। अजीत जी का पहला ही स्क्रैप इनकी संवेदनशीलता का परिचायक था। मैने ढूँढ़ने की कोशिश की मगर शायद किसी दिन सफाई में मैने वो हटा दिया होगा। अजीत जी से स्क्रैप्स का आदान प्रदान कभी भी नियमित नही रहा, मगर जितना रहा उस से ये लगा कि अत्यंत संवेदनशील एवं विनम्र शख्स हैं (जैसे मैं, जिन्हे इर्द गिर्द के लोग ही समझ सकते हैं)

कभी कभार इनकी रचनाओं से अवगत होने पर मैने इन्हे ब्लॉग बनाने का सुझाव दिया। मगर ये अपनी पढ़ाई का बहाना बना कर टालते रहे।

लगेहाथ ये भी बता दूँ कि सुल्तानपुर की सरज़मी पर जन्मे अजीत जी ने एन०आई०टी०. रुड़की से बी०टेक० आई०आई०टी०, कानपुर से एम०टेक० किया है और इस समय आई०आइ०टी०,चेन्नई से रिसर्च कर रहे हैं। जर्मनी में ये स्कॉलरशिप के लिये गये थे

अजीत जी मेरे जैसे लोगो में नही है, जिन्होने पहले ब्लॉग बनाया और फिर ब्लॉगजगत को जाना। ये लगभग डेढ़ साल से ब्लॉग जगत को जान रहे हैं और टिप्पणी भी करते हैं कभी कभी।

और तो और दिग्गजों की पोस्ट पर छद्म नाम से अधिक सच वाली टिप्पणी करने वाले इन सज्जन के कारण विवाद भी हो चुके हैं। अब नाम नही बताऊँगी अन्यथा वो लोग पूर्वाग्रह से ग्रसित हो जायेंगे :) :)।

खैर अब ज्याद कुछ मैं नही कहूँगी...कहेंगे अजीत जी के लेख...! आप बस उत्साहवर्द्धन कीजिये....! और पहुँचिये प्रेरणा पर

Wednesday, April 15, 2009

गीत बंदिनी के -अतिम भाग

और अब बारी है मेरी पसंद की...! यूँ तो बंदिनि फिल्म के सारे ही गीत बहुत ही अच्छे हैं, अतः भाग १ और भाग दो में भी मेरी ही पसंद के गीत थे, मगर कुछ गीत होते हैं, जो आपकी जिंदगी का हिस्सा होते हैं। उन्हे कितनी ही बार गुनगुना कर आप अकेले में रोते/हँसते है और सुकूँ पाते हैं। आज के तीनो गीत मेरे लिये उन्ही गीतों मे हैं।

सबसे पहले ज़िक्र करूँगी उस गीत का जिसने मुझे कितनी ही बार रुलाया है और अब भी अगर अकेले में मन से सुन लिया जाता है, तो रुला ही देता है। हमेशा के लिये छोड़ के जाने वाले से एक गुहार कि " हो सके तो लौट के आना.....!" एस‌०डी० वर्मन के संगीत और शैलेंद्र के शब्दों को जिस गीत में आवाज़ दी है मुकेश ने..... सुनिये



ओ जाने वाले हो सके तो लौट के आना,
ओ जाने वाले हो सके तो लौट के आना,
ये हाट तू ये बाट कहीं भूल ना जाना
ओ जाने वाले हो सके तो लौट के आना,
बचपन के तेरे मीत तेरे संग के सहारे,
ढूढ़ेंगे तुझे गली गली सब ये गम के मारे,
ढूँढ़ेगी हर इक आँख कल तेरा ठिकाना

ओ जाने वाले हो सके तो लौट के आना,

दे दे के ये आवाज़ कोई हर घड़ी बुलाये,
दे दे के ये आवाज़ कोई हर घड़ी बुलाये,
फिर जाये जो उस पार कभी लौट के ना आये,
है भेद ये कैसा कोई कुछ तो बताना
ओ जाने वाले हो सके तो लौट के आना!


और इसके बाद वो गीत जिसकी आवाज़ ही में मुझे बड़ी कशिश सी लगती है। एस‌०डी० वर्मन साहब की आवाज़, वो आवाज़ है, जिसमें मुझे रूहानियत महसूस होती है उनके सारे गीत मुझे बहुत अलग तरह से पसंद आते हैं। और ये गीत जिसमे एक ऐसी औरत की पश-ओ-पेश दिखायी गयी है जो कि बंदिनी पिया की है और संगिनी साजन की ...! इस का हर शब्द मुझे छूता है

मन की किताब से तू मेरा नाम ही मिटा देना
या
गुन तो ना था कोई भी अवगुन मेरे भुला देना
या
मुझे आज की विदा का मर के भी रहता इंतज़ार
या
मेरा खींचती है आँचल, मन मीत तेरी हर पिकार

सारी पंक्तियाँ एक दूसरे से जुड़ी हो कर भी अलग अलग भाती हैं, और हर पंक्ति में इतना दम कि आँख गीली कर दे। और साथ ही मेरे प्रिय कवि कबीर का आत्मा परमात्मा के मिलन की छटपटाहट को भी अपरोक्ष रूप से इस गीत में महसूस किया जा सकता है।



ओ रे माँझी, ओ रे माँझी, ओ मेरे माँझी,
मेरे साजन है उस पार, मैं मन मार, हूँ इस पार
ओ मेरे माँझी, अबकी बार, ले चल पार
ले चल पार
मेरे साजन है उस पार

मत खेल जल जायेगी, कहती है आग मेरे मन की,
मत खेऽऽल, मत खेऽऽल
मत खेल जल जायेगी, कहती है आग मेरे मन की,
मैं बंदिनी पिया की मैं संगिनी हूँ साजन की,
मेरा खींचती है आँचल, मेरा खींचती है आँचल,
मनमीत तेरी हर पुकार
मेरे साजन है उस पार, मैं मन मार, हूँ इस पार
ओ मेरे माँझी, अबकी बार, ले चल पार
ले चल पार
मेरे साजन है उस पार

और अंत में वो गीत जिसे मैं कितनी बार सुनती थी गुनती थी...सुनती हूँ, गुनती हूँ...!
वो गीत जो पिता के घर जाने को बेचैन एक ऐसी लड़की की पीड़ा है, जिसे अपना बचपन नही भूलता। फिल्म में चक्की पीसती ये महिला और उस पर लता जी का ये स्वर..द्रवित कर देता है।

बाबूजी के जाने के बाद, क्यारी के बगल में बैठ कर उनके लगाये फूलों को देखती हुई, इसी गीत की धुन पर मैं गुनगुनाती थी

कितने भये दिन तुम को ना देखा
आ जाओ बेटी बुलाये रे,
पहले तो बाबुल इतने निरदयी ना थे,
कहाँ गई वो ममता हाय रे


और टेप रिकॉर्डे पर रिवर्स कर कर के एख लाईन बार बार सुनती थी

बाबुल थी मैं तेरी नाजों की पाली,
फिर क्यों हुई मैं पराई रे
बीते रे जुग कोई, चिठिया ना पतिया,
ना कोई नैहर से आये रे


सुनिये...!



अब के बरस भेज भईया को बाबुल
सावन में लीजो बुलाय रे
लौटेंगी जब मेरे बचपन की सखियाँ
दीजो संदेसवा भिजाय रे।
अब के बरस भेज भईया को बाबुल
अमवा तले फिर से झूले पड़ेगे,
रिमझिम पड़ेगी फुहारें
लौटेंगी फिर तेरे आँगन में बाबुल,
सावन की ठंडी बहारे,
छलके नयन, मोरा कसके रे जियरा
बचपन की जब आये याद रे

अब के बरस भेज भईया को बाबुल
सावन में लीजो बुलाय रे

बैरन जवानी ने छीने खिलौने और मेरी गुड़िया चुराई
बाबुल थी मैं तेरे नाजों की पाली,
फिर क्यों हुई मैं पराई रे,
बीते रे जुग कोई चिठिया न पतिया,
ना कोई नैहर से आये रे

अब के बरस भेज भईया को बाबुल
सावन में लीजो बुलाय रे





Wednesday, April 8, 2009

गीत बंदिनी के - भाग २



बात निकली है, तो फिर दूर तलक पहुँची है....!

अब देखिये ना मुफलिस जी की पसंद के दो गीतों को ले कर चली बात जब मेरे तक पहुँची तो मैने उसमें दो गीत और बढ़ाने की सोच ली और जब मैने आप लोगो के साथ पहले दो गीत बाँटे तो आप लोगो ने दो गीत और याद दिला दिये।
पहला गीत याद दिलाया हमारे गज़ल गुरु श्री पंकज सुबीर जी ने। गुरु की बात तो यूँ भी टाली नही जा सकती। फिर वाक़ई मुझे भी ये याद आया कि सूप चलाते हुए गाये गये इस गीत की खास अदा वही थी। याद आया गाँव मे रखा एक बड़ा सा लट्ठा जो सी-सॉ की तरह प्रयोग होता था धान कूटने के लिये। और माँ बताती है कि जब ये कूटने,पीसने,बीनने,पछोरने का काम होता था तो गाँव की महिलाए इकट्ठी हो कर गीत गाती रहती थी। जिससे काम भी हो जाता था और मनोरंजन भी। इसीलिये तो हमारे लोक संगीत में रोज की छोटी संवेदानाओं से ले कर हँसी मजाक तक मिल जाते हैं।

तो पहले सुनते हैं यही गीत जिसे लिखा है शैलेंद्र ने और आवाज़ है अपनी आशा जी की जो इस तरह के मस्त गीतों को और भी जीवंत कर देती हैं।



दो नैनन के मिलन को दो नैना अकुलाये
जब नैना हो सामने तो नैना झुक जायें

ओ पंछी प्यारे, साँझ सकारे
बोले तू कौन सी बोली
बता रे बोले तू कौन स बोली

मैं तो पंछी पिंजरे की मैना
पंख मेरे बेकार
बीच हमारे सात रे सागर
(कैसे चलूँ उस पार) -2

ओ पंछी प्यारे, साँझ सकारे
बोले तू कौन सी बोली
बता रे बोले तू कौन स बोली

फागुन महिना फूली बगिया
आम झरे अमराई
मैं खिड़की से छुप छुप देखूँ
रितु बसंत की आई

ओ पंछी प्यारे, साँझ सकारे
बोले तू कौन सी बोली
बता रे बोले तू कौन स बोली

दूसरा गीत याद दिलाने की आभारी हूँ मैं राज सिंह जी की जिसने मेरी पिछली पोस्ट पर ये टिप्पणी लिखी थी
"बंदिनी जैसी परिपूर्ण फिल्म मुश्किल से कहीं और है। बिमल दा उसके अतिम दौर में बेड पर ही थे और मौत से जूझ रहे थे। फिर भी यह फिल्म मन पर अटल है। इसके सभी गाने मील के पत्थर हैं और फिल्म विधा के हिसाब से सिचुएशन पर सौ प्रतिशत सही।
इसके सभी गीतों की चर्चा और उन्हे सुनने का आग्रह हो चुका है, बस एक गीत को छोड़ कर
"मत रो माता लाल तेरे बहुतेरे
जनमभुमि के काम आया मैं बडे भाग्य हैं मेरे।"
ये मन्ना डे ने गाया था शैलेंद्र जी का लिखा, एक क्रांतिकारी फाँसी के फंदे की तरफ बढ़ते हुए गा रहा है।

इस के साथ और भी एक घटना जुड़ी है। उसी साल के फिल्म फेयर अवार्ड के जलसे की। उसी साल गुमराह भी रिलीज़ हुई थी। उसी के गाने "चलो एक बार फिर से अजनबी.... " को सर्वश्रेष्ठ गीत फिल्मफेयर अवार्ड मिला "साहिर लुधियानवी" को। साहिर ने कहा कि " उन्हे खुशी होती, लेकिन इस साल नही ! इस साल इसका हक़ सिर्फ मत रो माता को हो सकता है"...... और शैलेन्द्र को भरे हाल में गले लगा प्रतीक चिह्न थमा दिया था। ऐसे थे वो लोग।

राज जी की रोमन टिप्पणी जस की तस देवनागरी में आपके सम्मुख है। इसके आगे लिखने को और रह ही क्या जाता है। तो बस सुनिये



मत रो माता लाल तेरे बहुतेरे
जनमभुमि के काम आया मैं बडे भाग्य हैं मेरे
मत रो माता लाल तेरे बहुतेरे
मत रो
ओऽऽऽऽ हँस कर मुझको आज विदा कर
जनम सफल हो मेरा
ओऽऽऽऽ हँस कर मुझको आज विदा कर
जनम सफल हो मेरा
रोता जग में आया हँसता चला ये बालक तेरा
मत रो माता लाल तेरे बहुतेरे
मत रो
धूल मेरी जिस जगह तेरी मिट्टी से मिल जायेगी
होऽऽऽऽऽ
धूल मेरी जिस जगह तेरी मिट्टी से मिल जायेगी
सौ सौ लाल गुलाबों की फुलबगिया लायेगी
मत रो माता लाल तेरे बहुतेरे
मत रो
कल मै नही रहूँगा लेकिन जब होगा अँधियारा
होऽऽऽऽऽ
कल मै नही रहूँगा लेकिन जब होगा अँधियारा
तारों में तू देखेगी हँसता एक नया सितारा
मत रो माता लाल तेरे बहुतेरे
मत रो
फिर जनमूगा उस दिन जब आजाद बहेगी गंगा
होऽऽऽऽऽ
फिर जनमूगा उस दिन जब आजाद बहेगी गंगा
उन्नत भाल हिमालय पर जब लहरायेगा तिरंगा
मत रो माता लाल तेरे बहुतेरे
मत रो