Thursday, January 20, 2011

दुःखों से निकलने की होड़

हाल चाल लेने की जनरल कॉल करती हूँ, तो उसकी आवाज़ थोड़ी डल लगती है।

"क्या हाल है?"
"ठीक है।"
" क्या हुआ बड़ा शोर है?"
"हम्म्म.. वो यहाँ आया था ना ! नीरा दी के घर"
"ओके ओके...नीरा ठीक है ?"
" अरे वो मौसी..... वो... नीरा दीदी के ससुर एक्सपायर कर गये।"
"क्या ऽऽऽ ?? हे भगवाऽऽन !"
मैने फोन काट दिया। ३ दिन पहले नीरा की ननद की शादी हुई है। परसो रिसेप्शन के बाद कल ही वो ननद सिंगापुर गई है हस्बैंड के साथ, चूँकि वो एनआरआई है। उसके ससुर अपनी बेटी को एयरपोर्ट छोड़ने गये तो कितने खुश और कितने दुखी थे, जैसा कि नीरा ने कल बताया... और अचानक आज...??

फोन कैसे करूँ नीरा को समझ नही आया। उसके हस्बैण्ड अभी ३२ साल के होंगे इस उम्र में पिता का साया उठना। दुख का रंग कहीं अपना सा लगा।

हिम्मत कर के शाम को फोन किया।
"हेलो"
"हाँ भईया।"
"प्रणाम मौसी"
"......." मुझे उनकी आवाज़ सुनते ही पता नही कैसा लगने लगा। सिसकी शायद वहाँ तक गई।
" अरे मौसी आप प्लीज़ परेशान ना होइये। जो होना था हो गया। अब आप अपने आप को संभालिये।"

अरे ! ये क्या ? मैं संभालूँ ? खुद पर बड़ी शर्म आई। लगा जैसे अजीब ड्रामेबाज हूँ मैं भी। जबर्दस्ती रो रही हूँ। फोन नीरा ने पकड़ लिया।

" मौसी आप रोयेंगी तो तबियत खराब हो जायेगी। देखिये पापा जी तो चले गये। अब रोने से उनकी आत्मा को कष्ट ही होगा।"

मुझे लग रहा था कि कही कोई जगह मिले, कि मैं जल्दी से उसमें समा जाऊँ और अपने ही क्रिएट किये हुए इस ड्रामे का पटाक्षेप करूँ।

दो दिन बाद फिर हाल लिया, तो माहौल खुशनुमा था। नीरा ने कहा " मैं खुद इनके साथ चुहल करती रहती हूँ मासी। जिससे ये अब चीजों से निकलें।" मैने हाँ में हाँ मिलाई "हाँ ये तो होना ही चाहिये।" उसने मुझे फिर से आगाह किया " और मौसी आप भी अपना खयाल रखियेगा। परेशान ना होइयेगा। अब जो हो गया, उसे बदला तो नही जा सकता ना।" मै फिर उसी ड्रामे का अंग महसूस करने लगी खुद को और फोन झट से रख दिया।

नीरा (नाम बदला हुआ) मेरी कोई रिश्तेदार नही। दीदी की पड़ोसी की बहन की पड़ोसी है। इस रिश्ते से मुझे मौसी कहती है, उम्र में मुझसे कुछ बड़ी ही होगी और उसके ससुर को मैने देखा भी नही था।

************************************************************************************

अभी एक महीना ही हुआ था उस घर में आये हुए। सुबह दीदी के घर गई तो अंकल डॉ० के पास जा रहे थे।

लंच लेने के बाद विजू और पिंकू ये कह के घर चले गये कि आज छत पर रहेंगे थोड़ी देर। मुझे शाम की चाय दीदी के साथ पीने के बाद आना था।

दीदी के चाय बनाने को उठने के ठीक पहले फोन आता है।
"फोन मौसी को दीजिये ज़रा।" मैने फोन दीदी को दे दिया।

दीदी कुछ बोल नही रही थीं। मुझे लगा कुछ गड़बड़ है।
"क्या हुआ ?"
" कुछ नही, रुको, चाय बना लाऊँ।"
"नही पहले बताओ तो ? कुछ बात है, क्या हुआ ? "
" अरे वो विजू कह रहा था कि मौसी को आज अपने ही पास रोक लीजिये"
"क्यों ?"
"ऐसे ही, कह रहा है कि कल संडे है, क्या करेंगी आ कर।"
" अरे तुम सही बताओ ?" मैने हड़बड़ाते हुए पूछा।
" ये लोग घर पहुँचे तो देखा तुम्हारे घर पर भीड़ लगी है और तु्म्हारे लैण्डलॉर्ड की बॉडी बॉउण्ड्री में रखी है।"
" हम जा रहे हैं दीदी।"
" रुको हम भी चलते हैं तुम्हारे साथ। ऐसे अकेले गाड़ी नही चलाने देंगे।"

आंटी बैठी थी शरीर के पास। उनके आँसू धार-ओ-धार निकल रहे थे। पास में बैठी महिलाएं शांत बैठी थीं। क्षेत्रीय रिश्तेदार भी। एचआईजी मकानों वाले इस मोहल्ले में मैने आज तक किसी को चिल्ला के, गला फाड़ के, विह्वल हो के, बिलख के रोते नही देखा।

मैं आंटी के पास जा कर बैठ गई। उन्होने मेरा हाथ पकड़ लिया औड़ आँसू की धार और तेज हो गई। दोनो बच्चे दिल्ली में थे। फ्लाईट से चल चुके थे। आंटी को पानी पिलाया जा रहा था, चाय पिलाने की कोशिश के लिये़ दूसरे टेनेंट के घर उनकी मेड को भेजा, तो उन्होने जाली के अंदर से बड़ी सभ्यता से जवाब दिया "रुनझुन बस अभी सोई है। शोर होने से डिस्टर्ब हो जायेगी।"

चूँकि मेरे घर के में दोनो लड़के थे, इसलिये वो जाने में संकोच कर रही थी। मैने उसको परमीशन दी। और फिर रात में थोड़ी थोड़ी देर में चाय बनवाती रही। बेटे के आने के बाद जब आंटी के बगल में वो बैठ गया, तब घर में आई। मुझे सामने पड़ा शरीर अपने पिता के शरीर की याद दिला रहा था, आंटी अम्मा की और वो दोनो लड़के दोनो भाईयों की

सुबह आंटी मेरे ही कमरे में आ गई और महिलाओं की भीड़ यहीं इकट्ठा हुई। मोहल्ले की महिलाएं आँखों आँखौं में एक दूसरे से बात कर लेतीं, फिर बातों बातों में। अचानक कान में आवाज़ आई।

"कलर अभी लगाया क्या?"
"हम्म्म"
"कौन सा लगाती हो?"
"बसमोल"
" गार्नियर लगाया करो यार। मँहगा है लेकिन एक महीने की छुट्टी हो जाती है।"

आंटी चिल्ला रहीं थीं।" मुझे भी साथ ले चलो जी। कभी कुछ करने नही दिया। अब कैसे करूँगी अकेले इस उम्र में।"

शरीर जाने के बाद सफाई करती हुई मेड के गुनगुनाने की आवाज़ सुनकर मैने कहा " इस घर से अभी मिट्टी उठी है। एक हफ्ते बाद गाना गा लेना।" समझ नही आ रहा था कि गुस्सा कहाँ निकालूँ।

शाम को आंटी के घर से खूब हँसी की आवाजे आ रहीं थी। मुँह अजीब सा बना मेरा। बड़े लोग...! आंटी बेचारी कैसे बर्दाश्त कर रही होंगी।

वो सीढ़ियाँ चढ़ना बहुत बड़ी कवायद था मेरे लिये। मगर आंटी से मिलना चाह रही थी। किसी तरह गई। सामने कुर्सी डाल दी गई और आंटी भी वहीं आ गई। आई हुई रिश्तेदार ने फिर से एक जोक मारा। पब्लिक फिर से ठहाका मार उठी। मुझे हँसना अपराध लगा। आंटी ने मुस्कुराते हुए कहा। "बेटा, वो वाला किस्सा सुनाओ, नाना जी वाला । उसने हँस हँस के पूरी मिमिक्री के साथ नानाजी का किस्सा सुनाया, अबकी बार आंटी के साथ मैं भी हँसी।

आंटी ने कहा कि यही सब सुना रही है ये। उसने भी मनोविज्ञान की छात्रा की तरह कहा " अब रोने से क्या, जतनी जल्दी हो सके, निकलो इन सब से।"

मैने भी कहा " हाँ सही है। रो के कहाँ जिंदगी बीतनी है।"

सुबह आफिस को तैयार होते समय आंटी की बहन आई। "बेटा मुझे ज़रा अपने घर की चाभी दे जाना। २ बजे मायका आयेगा ना। अब वहाँ तो टी०वी० चला नही सकते। अच्छा नही लगता ना....!! "

***********************************************************************************

किस्से ऐसे बहुत सारे हैं। सोच रहीं हूँ कि इस बात को इतना सोच क्यों रही हूँ....गलत क्या है ऐसा करने में ???

Monday, December 27, 2010

गया साल.. एक नज़र और आने वाले की शुभकामना....!


देख रही हूँ कि ब्लॉग लेखन के मेरे आँकड़ें कम से कमतर होते जा रहे हैं। २००७ से कम २००८ में, २००८ से कम २००९ में और २००९ से कम २०१० में...! मात्र २३ पोस्ट.. इस पोस्ट को मिला कर।

सोच रही हूँ कि गिरिजेश जी का आईडिया मुझे पहले क्यों नही आया और मैने क्यों नही रखा अपने चिट्ठे का नाम "एक आलसी का चिट्ठा।"

वर्ष भी कुछ अजीब सा ही रहा...! पारिवारिक रूप से बेहद खराब....! साहित्यिक उपलब्धियों की दृष्टि से काफी अच्छा...! याद आ रहा है २००१ की डायरी का अंतिम पन्ना, जिस वर्ष नौकरी मिली थी और संदीप छूटा था " कुछ सपने सच हो गये, कुछ सच सपने हो गये।"

यह साल भी कमोबेश वैसा ही था। मंच पर कविता करना, पत्रिकाओं में छपना, संपादको की प्रशंसा के पत्र पाना, पाठकों की कॉल पर बातों मे अति विनम्र होने के बावजूद कहीं खुशी से कुप्पा होते जाना, कथाक्रम में गुरू जी के साथ उन सब लेखको से रूबरू होना और जो हीरो लगते थे। (धन्यवाद गुरू जी), डॉ० विजय बहादुर जी का स्नेह भरा हस्तलिखित पत्र और चित्रा मुद्गल जी की नेह भरी बात में बार बार अहसास दिलाना कि तुम स्त्री हो और स्त्री अगर असल मिट्टी की बनी है तो सूक्ष्म दृष्टि इनबिल्ट होती है....! वो चीजें हैं जो तब तक याद रहेंगी, जब तक स्मरण शक्ति रहेगी।

मगर फरवरी में माँ का अचानक सोडियम कम हो जाना और लगना कि जाने अब क्या होगा ? मार्च से भईया की बीमारी शुरू होना, अप्रैल अंत तक वैंटिलेटर और मई की पहली तारीख को कूच...! अभी दिमाग उससे उबरा भी नही था कि जून में छोटी दीदी को कैंसर थर्ड स्टेज डायग्नोज़...! उधर अभी उनका रैडियशन खतम ही हुआ, रिपोर्ट कुछ आये इससे पहले सितंबर में माँ को कॉर्डिक अटैक....!! इन सब में बार बार डॉ० अनुराग को फोन किया Thanks Dr. saab for your mental support.

किसी पंडित ने कहा था कि लग्नेश शनि सप्तम खाने में सूर्य के साथ बैठ कर जिंदगी में सुख दुःख एक साथ लायेगा...! दुःख यूँ आये कि सुख के कारण रोना हल्का पड़ जाये तो ठीक..मगर सुख यूँ आये कि दुःख के कारण ठीक से हँस भी ना पायें तो ठीक नही खुदा...! सुनो ! अब से वैसा करना जैसा मैने कहा, दुःखों के पीछे सुख देना आँसू की तादाद कम करने को... बाकी कुछ नही। समझे..!!

एक गज़ल जो पिछली साल नये वर्ष की तरही पर गुरू जी के ब्लॉग पर लग चुकी है़ और कुछ बोल्ड पंक्तियों को पढ़ें तो लगेगा कि सारे साल की गतिविधियों के पूर्वाभास के साथ लिखी गई है

किसे कब हँसाये, किसे कब रुलाये,
ना जाने नया साल क्या गुल खिलाये।

समय चक्र की गति भला कौन जाने,
किसे दे बिछोड़ा, किसे ये मिलाये।

वो आते ही क्यों हैं भला जिंदगी में,
जो जायें तो भूले नही हैं भुलाये

नही काठ की, माँस की पुतलियाँ हम,
वो जब जी हँसाये, वो जब जी रुलाये।

रहम वीणापाणि का इतना हुआ है,
के हम भी अदीबों के संग बैठ पाए

मेरी ज़िद थी माँ से औ माँ की खुदा से,
जो अंबर का चंदा ज़मी पे नहाये।

कि ये साल होगा अलग साल से हर,
यही इक दिलासा हमें है जिलाये।

जो आँखौं के आगे नमूदार हो तुम,
तो खाबों को उनमें कोई क्यों बुलाये।

गली वो ही मंजिल समझ लेंगे हम तो,
जो जानम से हमको हमारे मिलाये।

वो अफसर थे सरकारी पिकनिक पे उस दिन,
गरीबों को मैडम से कंबल दिलाये।

लिहाफों, ज़ुराबों में ठिठुरे इधर हम,
उधर कोई छप्पर की लकड़ी जलाये।

इस वर्ष की अंतिम पोस्ट...! नव वर्ष खूब सारा उत्साह, उपलब्धियाँ, मानसिक शांति और प्रेम ले कर आये सबके जीवने में, इस शुभकामना के साथ, मिलते हैं एक नवीन दशक में।

Wednesday, December 8, 2010

तुझे सब है पता.... है ना माँ !


माँ ना जाने कब से नाराज़ होती थी ? याद नही ...!

इसलिये नही याद कि तब बहुत सारे कवच थे, बाबूजी, दोनो दीदियाँ और मेरी सबसे बड़ी भाभी। इन सब के बीच गर्मियों में दोपहर १२. ३० और सर्दियों मे शाम के लगभग ३.३० बजे मिलने वाली माँ का गुस्सा याद नही...!

बहुत छोटे पर जब अपनी बात पूरी ना होने पर अपने ही बाल उखाड़ने का झूठा नाटक करती थी तब अक्सर सबके हँस देने के बाद एक दिन माँ का डण्डा ले कर बैठना कि अब अगर सारे बाल नही उखाड़ लोगी, तो मार खाओगी....! वो याद है अब तक।

और तो बस ज्यादा याद नही। याद तब से है जब मैं और माँ दोनो ही बदलाव के दौर से गुजरे। ९० में, जब मेरी टीन एज यूँ ही मुझमें बहुत सारे परिवर्तन कर रही थी, उसी समय दीदी की शादी के साथ मेरे पहले प्रेम का विछोह और बाबूजी के जाने से मेरे अचानक कवच रहित हो जाने के साथ ही माँ भी बहुत बड़े परिवर्तन से गुजर रही थी।

उनका सबसे बड़ा संबल...! उनका जीवन साथी...! अचानक बिना कुछ कहे सुने अपनी अबूझ यात्रा पर जाने को ऐसे तैयार हुआ कि लाख सिर पटकने, लाख वास्ते देने, लाख यादें दिलाने पर भी रुका नही।

मैने अपने माँ बाबूजी जैसा जोड़ा अब तक नही देखा। सुना है जब माँ का रिश्ता लेकर नानाजी अपने सिंगापुर के दोस्त के घर अच्छी पढ़ाई कर रहे (उस समय और उस क्षेत्र के अनुसार) उनके बेटे के लिये गये थे, तो ये सोच कर रिश्ता लौटा दिया गया था कि लड़की नौकरी में है और लड़का पढ़ रहा है अभी। और तब बाबूजी ने अपनी भौजाई, मेरी बड़ी माँ से कहा कि वो जो आये हैं, उन्हे हाँ कह दो, उनकी लड़की जवार में सबसे पढ़ी लिखी है, और बगिया तक गये नानाजी को रोक लिया गया था।

मेरी होशदारी में अम्मा जाने कौन कौन से उलाहने देतीं और बाबूजी के सिर पे जूँ तक रेंगती नही दिखती। अम्मा कहती रहती "इसने ये कहा, उसने वो कहा और आप कुछ नही बोले।" बाबूजी चुपचाप सुनते सुनते अचानक कहते " किरन ! खाने की क्या पोज़ीशन है?" या फिर " साढ़े सात बज गया,टी०वी० चलाओ न्यूज़ आ रही होगी।" और माँ कहती " किसी को अपनी बात कहनी हो, तो जाये दीवाल से कह ले, पेड़,पल्लव से कहले लेकिन इन से ना कहे।" बाबूजी को तब भी फरक नही पड़ता।

और जब बाबूजी नाराज़ होते तो अम्मा की मनावन। उनकी नाराज़गी का सिंबल था, तमतमाये चेहरे के साथ शर्ट की बाँह डालना, यानी बाबूजी गुस्से में घर छोड़ के जा रहे हैं (मन मेरा भी यही होता है गुस्से में) बस अम्मा का पीछे लग जाना। "अरे अब बस। ठीक है। सुनिये तो।"

दोनो की अपनी अपनी कमाई और महीने के हिसाब की दोनो की अलग डायरी। बाबूजी की डायरी में लिखा होता १० पैसा गुड्डन को और अम्मा की डायरी में २५ पैसे की मूँगफली। दोनो के आय और व्यय दोनो के सामने क्लीयर। और कभी कभी किसी हिसाब के फँस जाने पर हम इंतज़ार करते कि कब याद आयेगा इन्हे वो २ रुपये कहाँ खर्च हुए और कब हम लोगो को खाने की हरी झंडी मिलेगी।

दो पीढ़े लगते थे। अम्मा बाबूजी अगल बगल फिर भईया लोग और अक्सर मैं बाबूजी की थाली में।

और वो पीढ़े ७ फरवरी, ९० को अंतिम बार साथ लगे। अम्मा ने उस जगह पर दोबारा आज बीस साल हो गये खाना नही खाया।

तो बदलाव मुझमें और माँ दोनो में साथ साथ आया। हम दोनो के साथी छूटे थे। माँ को जिम्मेदारियाँ निभानी थी और मुझे जिंदगी। शाम से वो छत पर चली जातीं या दरवाजे पर, जिधर से बाबूजी आते उधर देखती रहतीं।

कभी कभी मुझ पर बहुत ज्यादा गुस्सा हो जातीं। मुझे लगता कि ये ठीक नही है। उन्होने समझा ही नही कि मैं क्या कहना चाहती थी। वो बिना समझे नाराज़ हो गई। इतना ज्यादा...?? मैं रोती..! कॉपी के बीच के पन्ने पर बाबूजी से, भगवान से बाते करती .... आज भी उन पर आँसुओं से बिगड़े हुए एक आध अक्षर मिल जायेंगे।

मगर तब मैं और माँ दोनो अकेले थे। दोनो को एक दूसरे का सीधा सामना करना था। बीच में कोई नही।

माँ मुझे बिलकुल बिगड़ने देना नही चाहती थी। ईश्वर ने इतनी बेकार जिंदगी खुद ही दी थी उनकी बेटी को (उनके अनुसार) उस पर स्वभाव भी बिगड़ गया तो ...?? जुबान में लोच बिलकुल भी नही...! कोई इसका साथ कैसे देगा ? पहले तो इतना मीठा बोलती थी कि राह चलते आदमी को मोह लेती और अब इतनी कड़वी जुबान हो गई है।

उनके और मेरे बीच का मुख्य मुद्दा यही था। मैं कहती मैने सही बात कही। और वो कहती यही बात कहने का तरीका अलग होना चाहिये था। वो कहती "ऊषा,किरन कभी इस तरह नहीं बोलतीं।" मैं कहती "मैं ऊषा किरन नहीं हूँ ।"

मुझे अजीब सी चिढ़ होती। छोटी छोटी बातें..! समझती हीं नहीं। अरे पंखा पाँच से अचानक तीन पर कर देने का क्या मतलब है ? कितना बिजली का बिल बच जायेगा ? जब मुझे नही लग रही सर्दी तो क्यों पहनूँ स्वेटर ? फुल स्वेटर..? इतना मोटा सा ? काटता है वो मुझे ? और हाफ स्वेटर पहनने का क्या मतलब हैं अंदर आखिर ? वो पहनो ना पहनो ?? एक ही बात है। " थोड़ी देर खुली हवा में रहो।" अरे नही है मेरा मन खुली हवा में रहने का। मुझे कोर्स पूरा करना है। अचानक लाईट बंद कमरे की। "जब पढ़ नही रही तो लाइट न जलाओ, दिन में इतना उजाला बहुत है।" हद है....। भाभी और मेरी आपस में अडरस्टैण्डिंग है तो, वो तो कुछ नही कहतीं। फिर भी बीच पढ़ाई में "तुम सब्जी काट लिया करो और चावल बीन लिया करो, किसी को ये ना लगे कि तुम बैठी रहती हो।" अरे इतने लोगो में जरूरी है क्या कि मैं हाथ लगाऊँ ?

छोटी छोटी बाते...! और हमेशा नसीहतों का कटोरा। मुझे समझती हीं नही वो।

लेकिन बड़ी बड़ी बातें...! उनमें लगता कि वो बहुत समझदार हैं। मैं अपनी डायरी में क्या लिखती हूँ, उन्होने नही पूछा। मेरी किताबों की तलाशी नही ली। मेरे नाम से आने वाले लेटर, उन्होने कभी नही खोले और सीधे मेरे पास पहुँचाये। मैने खुद जो भी बताया हो कि फलाँ ने ये लिखा है, उन्होने सब सुन लिया। मेरे लिये आने वाले फोन पर डायरेक्ट मुझे बुला कर कभी वहाँ नही रुकीं। घर में रिश्ते-नातों, जानने वालों मे कौन सिर्फ मेरे लिये आता है, उन्हे बहुत अच्छी तरह से पता था। उन्होने उन्होने बहुत समझदारी से मुझ पर होल्ड बना कर मुझे फ्री छोड़ रखा था। मुझे तब भी ये पता था। और अब भी ये लगता है कि अपनी सोच विकसित कर सकने में उनका ये साथ बहुत मायने रखता है। मैं जब अपनी उन सहेलियों, जिनकी माँ और उनमे २०- २५ साल का अंतर था के बीच की समझ में ये आभाव देखती तो ईश्वर को धन्यवाद देती कि ४२ साल के अंतर ने भी जनरेशन गैप की वो समस्या नही डाली मुझमें और उनमें।

वो जब मुझे डाँटती थी, तो मुझे बहुत गुस्सा आता, चिढ़ होती। लेकिन वो जब मुझसे नाराज़ होतीं, तो मैं सबसे ज्यादा परेशान होती थी जिंदगी में। क्योंकि वो तब बोलना छोड़ देती थीं।

मुझे याद है कि सबसे ज्यादा वो मुझसे ७ दिन तक नही बोली थीं। कोई ट्रिक नही चली थी। ना पुच्ची, ना गले में हाथ.. कुछ नही, छूने भी नही दे रहीं थी वो...! तब बहुत बहुत रो कर मनाया था उन्हे, वो भी तब जब मेरे भाग्य से मुझे बुखार आ गया था। इस बात ने मुझे कुछ प्वॉईंट दे दिये थे।

अभी उस दिन फिर मैने फोन पर बहुत गलत तरीके से बात करी थी उनसे। "क्या अम्मा! आप हर बात मौसी से बता देती हैं।" ये बात कही थी लेकिन सच में बहुत हार्सली कही थी. मुझे पता था कि वो गुस्सा हो ही जायेंगी। फिर भी..!

मै बहुत चिड़चिड़ी हो गई हूँ आजकल। इसीलिये कोशिश करती हूँ कि कम से कम फोन उठाऊँ। इसका सारा दोष मैं अपनी बीमारी को, थोड़ा सा आफिस के माहौल को, कुछ भागदौड़ वाली जिंदगी को देती हूँ, मगर खुद को कभी नही। आदमी किसी भी बुरे काम के लिए खुद को कब दोषी मानता है ?

फोन रखने के बाद पता चल गया था कि अब अम्मा नही बोलेंगी मुझसे। दीदी और भाभी से जायज़ा लिया, तो पता चला कि मैं सही हूँ। मुझे वो सात दिन याद आ गये। मगर तब तो माँ साथ में थी। अब तो कभी कभी ४-५ दिन बात भी नही होती। चलो, १० को पहुँचूँगी कानपुर तो मना लूँगी सोच कर छोड़ दिया। वैसे भी वो फोन पकड़ेंगी ही नही, मेरा जानकर।

मगर रात में नींद खुली तो याद आया "अम्मा गुस्सा हैं।" फिर नींद नही आई।

शनिवार , रविवार वो गजब व्यस्तता...! मगर बार बार याद आया कि अम्मा गुस्सा हैं। खुद को समझाया बस आज रविवार है और शुक्रवार को तो पहुँच कर मना ही लूँगी। सोमवार अमित की शादी..! २ बजे लौटना ही हुआ। रास्ते में फिर भाभी से पूछा " अम्मा गुस्सा है ना ?" और उनको ये बताते हुए खुद को फिर समझाया कि "१० को आएंगे तो वही मना लेंगे, अम्मा फोन तो पकड़ेंगी नही मेरा।" भाभी मुसकुरा दीं।

मंगल आफिस में सुबह से इतनी भी फुरसत नही मिली कि पूछ सकूँ कि भाभी कितने बजे निकली कानपुर के लिये। सात बजे तो घर ही पहुँची। मुँह धो कर ब्लोवर चला कर सामने बैठी और भाभी को फोन लगाया। अम्मा की आवाज़ पीछे से आ रही थी। मेरा फोन जानकर हट गई होंगी। मन और बेचैन हुआ माँ की आवाज़ सुनकर। एक ट्राई मारते हैं। भाभी से कहा फोन अम्मा को दो..! फोन अम्मा ने नही पकड़ा गया। " कह दो कह फिर से मिला लेंगे क्या फायदा।" मैने धमकी दी। हिमांशी ने फोन उनके कान में लगा दिया। पीछे से आवाज़ आई " बुआ आप बोलिये हम फोन कान मे लगाये हैं।"

"मम्मा..मम्मूऽऽ..! नाराज़ हैं आप हमसे ? मॉम...! हम तो ऐसे ही हैं। हमेशा से दुष्ट रहे हैं। गलती हो गई। आप कि ही तो बेटी हैं। देखिये ना हमें अच्छा नही लग रहा। हम नही बोल पाते मीठा।"

" तुम सोती क्यों नही हो रात में? ऊषा कह रही थीं। अपना स्वास्थ्य खुद नही देखोगी तो कौन देखेगा? हमसे कहती हो मेरे विषय में न सोचो, तुम क्या सोचती हो ? दुनिया में बहुत से लोगो के साथ बहुत कुछ होता है, हम बस अफसोस करते हैं। मगर अपने बच्चो के साथ जो होता है, उससे हम दुखी होते हैं। ये कष्ट साँस के साथ जाता है।"



पता नही ये उम्र थी या बच्चों का प्रेम...! जो अब उन्हे ठीक से नाराज़ भी नही होने देती। वो अपने सारे बच्चों के स्वभाव के साथ एड्जस्ट करने की कोशिश कर रही है शायद ...!

और बच्चे ये जानते हैं की हमारे अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं है...! कल से बहुत बुरा लग रहा है...! अम्मा के नाराज़ हो जाने जितना ही...!

कि वो ठीक से नाराज़ क्यों नहीं हुई...?

Thursday, November 25, 2010

तुम्हे मुबारक़ रश्मि दूधिया चकाचौंध वाली


वो कहता है कि मैं दुनिया के लिये लिखती हूँ, कभी उसके लिये नही। जाने कितनी बार कहा है और मैं फिर भी नही लिखती। क्योंकि मैं अब भी नही समझ पाती कि उसके लिये कैसे लिखा जा सकता है, जिससे आपके २४ घंटे चलते हों। अम्मा अगर ७५ साल की ना हुई होतीं, तो उनके लिये क्या लिखती ? कैसे लिखती ? छोटे भईया के लिये, दीदी के लिये, किसी के लिये तो नही लिखा कुछ।

वो पिछले ७ सालों से मेरे सहारा है और पिछले तीन सालों से मेरा हमसफर।

उसके लिये उसका हमसफर तेजी से ढूँढ़ रही हूँ मैं। कल ही दो फोटो छाँटी हैं।

लो देखो ये गीत...! ये गीत जिसमे ऐश्वर्या तुम्हे इतनी सुन्दर लगी है कि बस इस गीत के लिए तुम पूरी फिल्म दुबारा देख सकते हो। (जैसा की तुमने कहा ) मगर एक बात... फिल्म देखते हुए मेरे रोने पर, मुझे बार बार मजबूत बनने की झिड़की देते हुए... धूप के चश्मे के साथ फिल्म देखूँगा का मजाक करते हुए आँखें छिपाने और इस असीम सौंदर्य से भरे गीत में बराबर रोते रहने के पीछे क्या था ? ऐश्वर्य की चंचलता में छिपा जीवन या हृत्विक की बेचारगी से भरा जीवन..... मायूसी किसने दी ???

जिसने भी दी। मुझे मेरे जितना समझने, मेरे आज को खूबसूरत बनाने का शुक्रिया... हाँ ये शब्द छोटा है, फिर भी, मेरे पास तुम्हे देने को इस औपचारिकता के अतिरिक्त कुछ है भी तो नही.....








ईश्वर करे कि अगले साल आज के दिन तुम युगल रूप से मेरे हमसफर रहो। तुम्हे खोना नही चाहती। तुम्हे बाँधना भी नही चाहती। Thanks God...! He gave me a Day when I can write little bit for You.

Happy Birth day...!!

नोटः पिछले तीन साल से जब से मैने अकेले रहने का निर्णय लिया मेरे दो हमसफर हैं। एक विजित.. मेरी दीदी का बेटा.. और एक ये पिंकू, अवधेश...! अब एक बिटिया भी आ गई है, परिवार में जो मेडिकल की तैयारी कर रही है.... और जिंदगी हँसी खुशी चल रही है। आज पिंकू के जन्मदिन के साथ...!!

Monday, September 27, 2010

नया तो तब हो "गर तुम लौट आओ.....!!"


लोग कहते हैं कि
अब मेरे लिखने में नही रही वो बात जो पहले थी।
कैसे बताऊँ उन्हे,
कि लिखना तो दर्द से होता है।
और मेरा दर्द तो बहुत पुराना हो गया है अब,
इतना ....
कि अब ये दर्द हो गया है साँसों की तरह सहज और अनायास।

चाहे जितनी भी असह्य पीड़ा हो,
आप कितनी देर तक चिल्ला सकते हैं उस पीड़ा से ?
कितनी तरह से कराह सकते हैं ?

अपनी पीड़ा व्यक्त करने के सारे के सारे तरीके तो कर चुकी हूँ इस्तेमाल।
कराहने के लिये प्रयुक्त हर शब्द तो चुकी हूँ उचार।
कितनी कितनी बार......!
कितनी कितनी तरह......!

और अब दर्द पहुँच गया है उस मुकाम पर,
जहाँ कुछ कहने से बेहतर चुप रहना लगता है !
या शायद कहूँ तो क्या ?
कुछ है भी तो नही नया......!!

सुनो....!!


अगर सुन रहे हो,


तो तुम्ही से कह रही हूँ
नया तो तब हो "गर तुम लौट आओ.....!!"



तमन्ना फिर मचल जाये अगर तुम मिलने आ जाओ

Saturday, September 11, 2010

वो छोड़ कर गये थे, इसी मोड़ पर हमें




होठों पर जिह्वा पर छाले,
टेर टेर कर हम तो हारे,
सब लौटे पर वो ना लौटे,
ऐसे छूटे छूटने वाले।

भीड़ भरी लंबी सड़कों पर, दूर तलक नज़रें हैं जातीं,
सब मिलते बस तुम ना मिलते, हूक भरी रह जाती छाती
लाखों लाखों मान मनौव्वल, सुबह शाम निशिदिन हर क्षण पल,
सब माने बस वो ना माने,
ऐसे रूठे रूठने वाले।

सारे सुख पर इक दुख भारी, जीवन की बस ये लाचारी,
सब रिश्ते नाते हैं झूठे, सच्ची है बस लगन तुम्हारी,
सीने सब कुछ है जर्जर, जोड़ रहे यादों के खण्डहर,
अब तक खुद को जोड़ ना पाये,
ऐसे टूटे टूटने वाले।

सूखी सूखी आँखों वाली, हँसती हँसती बातों वाली,
अंदर से कितनी सूखी है, ये बगिया हरियाली वाली,
बाहर की लकदक ना देखो,ऊपर की ये चमक ना देखो,
अंदर खाली वीराना है,
लूट गये सब लूटने वाले।

१३-०८-२००७


७ साल....!!! साथ भी तो इतना ही था....!!!! बल्कि विछोह ३६५ दिन का, साथ के दिनो मे तो साथ भी बस दिनो तक सीमित था.....!!!! हाँ मगर अहसास था, कोई है मेरी ताकत....


............................................................................................................................

यही तीज और गणेश चतुर्थी भी तो थी.......!!


गुनगुना रही हूँ ये गीत



फिल्म - साथी
गीतकार मज़रूह - सुल्तानपुरी
संगीतकार - नौशाद
गायक - मुकेश

Monday, August 23, 2010

मेरे भईया से कहना, बहना याद करे

यूँ कलाइयाँ तो हैं कई,
पर मानव मन,
ढूंढता है वही, जो खो गया कहीं